TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

देश में प्राइवेट निवेश का तूफान! 6 महीने में 26.6 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट का ऐलान, पिछले साल से 58.5% की छलांग

भारत में प्राइवेट सेक्टर का निवेश तेजी से बढ़ रहा है. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनियों ने 26.6 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का ऐलान किया, जो पिछले साल से 58.5% ज्यादा है. CII की रिपोर्ट के मुताबिक, मैन्युफैक्चरिंग, बिजली और AI सेक्टर में सबसे ज्यादा निवेश की योजनाएं सामने आई हैं.

भारत में प्राइवेट निवेश का धमाका

Highlights

  • प्राइवेट कंपनियों ने छह महीने में 26.6 लाख करोड़ निवेश घोषित किया
  • मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में 8.1 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट घोषित हुए
  • आईटी सेक्टर में AI और डेटा सेंटर निवेश तेजी से बढ़ा

भारत में प्राइवेट सेक्टर का निवेश तेजी से बढ़ रहा है. चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान निजी कंपनियों ने 26.6 लाख करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट का ऐलान किया है. यह पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 58.5% ज्यादा है. भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) की रिपोर्ट के मुताबिक, निवेश में इस तेजी के पीछे सरकार के लगातार रिफॉर्म, इंफ्रास्ट्रक्चर पर खर्च और बेहतर रेगुलेटरी व्यवस्था की अहम भूमिका है.

कुल प्रोजेक्ट निवेश में प्राइवेट सेक्टर की 86.2% हिस्सेदारी

CII के प्राइवेट इन्वेस्टमेंट बैरोमीटर की दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक, अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान देश में घोषित कुल प्रोजेक्ट निवेश में प्राइवेट सेक्टर की हिस्सेदारी बढ़कर 86.2% हो गई. पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 74.2% था.

रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2016-17 से 2024-25 की पहली छमाही के औसत के मुकाबले इस बार निवेश घोषणाएं 4.4 गुना ज्यादा रही हैं. इससे पता चलता है कि देश में कंपनियां नए कारोबार और क्षमता विस्तार को लेकर ज्यादा भरोसा दिखा रही हैं.

मैन्युफैक्चरिंग, बिजली और AI में सबसे ज्यादा निवेश

प्राइवेट कंपनियों ने मैन्युफैक्चरिंग, बिजली और आईटी सेक्टर में बड़े निवेश का ऐलान किया है. इनमें डेटा सेंटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं.

  • मैन्युफैक्चरिंग: इस सेक्टर में 8.1 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट घोषित हुए. यह ऐतिहासिक औसत से 3.2 गुना ज्यादा है.
  • बिजली सेक्टर: यहां 7.7 लाख करोड़ रुपये के निवेश का ऐलान हुआ, जो ऐतिहासिक औसत से 5.1 गुना है.
  • आईटी सेक्टर: इस सेक्टर में करीब 9.5 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट घोषित हुए. इसमें मुख्य रूप से डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं. पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा सिर्फ 70 हजार करोड़ रुपये था.

कंपनियां सिर्फ ऐलान नहीं, जमीन पर भी कर रहीं निवेश

CII के मुताबिक, प्राइवेट निवेश में तेजी सिर्फ नए प्रोजेक्ट की घोषणाओं तक सीमित नहीं है. कंपनियां वास्तव में भी अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ा रही हैं.

करीब 1,800 लिस्टेड प्राइवेट कंपनियों का ग्रॉस कैपिटल फॉर्मेशन वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर 12.4 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया. यह देश की नॉमिनल GDP का 3.6% है. वित्त वर्ष 2016-17 से 2020-21 के दौरान इसका औसत 2.2% था.

रिपोर्ट के अनुसार, समान कंपनियों के आधार पर वित्त वर्ष 2025-26 में निवेश 8.7% बढ़ा. करीब 54% कंपनियों ने अपने फिक्स्ड इन्वेस्टमेंट रेट में बढ़ोतरी की, जबकि लगभग हर चार में से तीन कंपनियों ने अपनी शुद्ध उत्पादन क्षमता बढ़ाई.

प्राइवेट प्रोजेक्ट पूरे होने में भी आई तेजी

नए निवेश के साथ प्रोजेक्ट पूरे होने की रफ्तार भी बढ़ी है. अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान निजी क्षेत्र के 1.8 लाख करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पूरे हुए. संबंधित अवधि के लिहाज से यह वित्त वर्ष 2016-17 के बाद का सबसे बड़ा आंकड़ा है.

इससे संकेत मिलता है कि कंपनियां अब सिर्फ निवेश की योजनाएं नहीं बना रहीं, बल्कि उन्हें पूरा करके उत्पादन और कारोबार बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही हैं.

सरकार के रिफॉर्म से बढ़ा निवेशकों का भरोसा

CII के अध्यक्ष आर मुकुंदन के मुताबिक, सरकार के लगातार पॉलिसी रिफॉर्म, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और रेगुलेटरी व्यवस्था में सुधार ने निजी निवेश के लिए बेहतर माहौल तैयार किया है.

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता के बावजूद सरकार की नीतियों में निरंतरता से कारोबारियों का भरोसा मजबूत हुआ है. कंपनियां मैन्युफैक्चरिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर, एनर्जी, डिजिटल टेक्नोलॉजी और नए उभरते सेक्टर में निवेश कर रही हैं.

मुकुंदन ने यह भी कहा कि अब कारोबार को आसान बनाने के साथ-साथ फैसलों, मंजूरियों और प्रोजेक्ट पूरा करने की रफ्तार बढ़ाने की जरूरत है. यानी देश को अब ईज ऑफ डूइंग बिजनेस से आगे बढ़कर स्पीड ऑफ डूइंग बिजनेस पर ध्यान देना होगा.

विकसित भारत के लिए कंपनियों को निभानी होगी बड़ी भूमिका

CII का मानना है कि 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने के लिए सरकार और उद्योग जगत को मिलकर काम करना होगा. इसके लिए कंपनियों को निवेश बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर बनाने, मैन्युफैक्चरिंग मजबूत करने और रिसर्च एवं इनोवेशन पर खर्च बढ़ाने की जरूरत है.

इसके अलावा घरेलू सप्लाई चेन को मजबूत करना, निर्यात बढ़ाना, MSME सेक्टर की भागीदारी बढ़ाना और क्लीन एनर्जी की तरफ तेजी से बढ़ना भी जरूरी होगा. CII के मुताबिक, मजबूत कॉरपोरेट बैलेंस शीट और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर भारत को निजी निवेश के दम पर आर्थिक विकास की अगली रफ्तार हासिल करने का मौका दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें- 8% ब्याज वाली FD छोड़ें या नहीं? ये 5 शेयर दे चुके हैं 19% तक डिविडेंड