RBI ने विदेश से वापस मंगाया 60 टन सोना, देश में रखा गोल्ड रिजर्व 84% के पार, बाकी कहां है जमा?
RBI ने अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान विदेशों से करीब 60 टन सोना भारत वापस मंगाया है. इससे देश में रखे सोने की हिस्सेदारी बढ़कर 84 फीसदी हो गई है. सितंबर के अंत तक RBI के पास कुल 880.52 टन सोना था. वहीं, भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 737.78 अरब डॉलर पहुंच गया.
Highlights
- RBI ने अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान विदेश से करीब 60 टन सोना वापस मंगाया.
- सितंबर 2026 तक कुल 880.52 टन सोने में से 740.13 टन भारत में रखा गया.
- बाकी 140.39 टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और BIS के पास सुरक्षित है.
RBI Gold Reserve : भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने अप्रैल से सितंबर 2026 के दौरान करीब 60 टन सोना विदेश से भारत वापस मंगाया है. इसके बाद देश में रखे गए सोने की हिस्सेदारी बढ़कर लगभग 84 फीसदी हो गई है. हालांकि RBI के पास मौजूद कुल सोने की मात्रा में कोई बदलाव नहीं हुआ है. यह जानकारी केंद्रीय बैंक की विदेशी मुद्रा भंडार प्रबंधन पर जारी ताजा छमाही रिपोर्ट में दी गई है.
देश में सोने का भंडार 740.13 टन पहुंचा
रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर 2026 के अंत में RBI के पास देश में रखा सोना बढ़कर 740.13 मीट्रिक टन हो गया. मार्च 2026 के अंत में यह 680.05 मीट्रिक टन था.
रिपोर्ट में कहा गया है, “सितंबर 2026 के अंत तक रिजर्व बैंक के पास 880.52 मीट्रिक टन सोना था, जिसमें से 740.13 मीट्रिक टन देश में रखा गया था और 140.39 मीट्रिक टन सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड और बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट्स (BIS) के पास रखा गया था.” यानी कुल सोना उतना ही है, लेकिन उसका बड़ा हिस्सा अब देश के भीतर रखा गया है.
सोने की कीमतों में गिरावट, कुल भंडार में हिस्सेदारी घटी
देश में सोना बढ़ने के बावजूद विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी डॉलर के वैल्यू के हिसाब से घट गई है. RBI ने बताया, “डॉलर के हिसाब से कुल विदेशी मुद्रा भंडार में सोने की हिस्सेदारी मार्च 2026 के अंत में 16.70 फीसदी थी, जो सितंबर 2026 के अंत तक घटकर करीब 14.38 फीसदी रह गई.”
इसकी एक वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में आई गिरावट है. अप्रैल 2026 में सोने की औसत कीमत 4,721 डॉलर प्रति ट्रॉय औंस थी, जो सितंबर 2026 में करीब 9 फीसदी गिरकर 4,319 डॉलर रह गई. रिपोर्ट के अनुसार, “अमेरिकी ट्रेजरी यील्ड बढ़ने, डॉलर के मजबूत होने और सख्त मौद्रिक नीति की उम्मीदों के चलते कीमतों पर असर पड़ा. निवेशकों की ओर से सुरक्षित निवेश और पोर्टफोलियो में विविधता के लिए सोने की मांग बनी रहने के बावजूद यह गिरावट आई.”
यह सब ऐसे समय में हुआ, जब पश्चिम एशिया में संघर्ष, ऊर्जा आपूर्ति में रुकावट और कई बड़े केंद्रीय बैंकों की सख्त मौद्रिक नीतियों के कारण भू-राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ी हुई थी.
विदेशी मुद्रा भंडार 737.78 अरब डॉलर पहुंचा
भारत का कुल विदेशी मुद्रा भंडार इस छह महीने की अवधि में 46.67 अरब डॉलर बढ़ा है. यह मार्च 2026 के अंत में 691.11 अरब डॉलर था, जो सितंबर 2026 के अंत तक बढ़कर 737.78 अरब डॉलर हो गया.
सितंबर के अंत में कुल फॉरेन करेंसी एसेट (FCA) 608.26 अरब डॉलर रहीं. इनमें से 529.57 अरब डॉलर प्रतिभूतियों (Securities) में निवेश किए गए थे. 35.95 अरब डॉलर अन्य केंद्रीय बैंकों और BIS के पास जमा थे, जबकि 42.75 अरब डॉलर विदेशी बैंकों में जमा के रूप में रखे गए थे.
दुनिया के कुल भंडार में अमेरिकी डॉलर की हिस्सेदारी 2026 की पहली तिमाही के 57.18 फीसदी से घटकर दूसरी तिमाही में 56.70 फीसदी रह गई. वहीं यूरो की हिस्सेदारी 20.04 फीसदी से बढ़कर 20.60 फीसदी हो गई.
यह भी पढ़ें: NSE Share Target: पैसा कमाने का बड़ा मौका! ब्रोकरेज ने दिया टारगेट, 20% उछल सकता है भाव
डिस्क्लेमर: Money9live कभी भी किसी शेयर, आईपीओ और म्यूचुअल फंड में निवेश की सलाह नहीं देता है. ये खबर केवल आपकी जानकारी के लिए है.
Latest Stories
USA के नए टैरिफ से भारत को झटका! $5 अरब के एक्सपोर्ट पर संकट, मलेशिया-बांग्लादेश से मिलेगी टक्कर
नौकरी नहीं, अपना बिजनेस करना चाहते हैं 85% भारतीय, Gen Z के 94% युवा भी शामिल; ये है वजह
Trump Tariffs: अमेरिका ने भारत समेत कई देशों पर 25% तक टैरिफ का रखा प्रस्ताव, जानें किस देश पर कितना शुल्क
