TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

USA के नए टैरिफ से भारत को झटका! $5 अरब के एक्सपोर्ट पर संकट, मलेशिया-बांग्लादेश से मिलेगी टक्कर

अमेरिका ने जनवरी 2027 से भारतीय सामान पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. इससे 5 अरब डॉलर से ज्यादा के भारतीय निर्यात पर दबाव बढ़ सकता है. मलेशिया, इंडोनेशिया और बांग्लादेश जैसे देशों को फायदा मिलने की आशंका है. हालांकि, भारत-अमेरिका ट्रेड डील होने पर टैरिफ घटकर 17 फीसदी हो सकता है.

Trump Tariffs Image Credit: Money9/Canva

Highlights

  • अमेरिका ने भारत पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है.
  • इससे भारत के लगभग $5 अरब एक्सपोर्ट प्रभावित हो सकते हैं.
  • भार तक मलेशिया से लेकर बांग्लादेश जैसे देशों से टक्कर मिलने वाली है.

USA 25% Tariffs: अमेरिका की नई टैरिफ नीति से भारतीय निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. अमेरिका ने भारत से आने वाले सामान पर जनवरी 2027 से 25 फीसदी तक टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है. अगर भारत और अमेरिका के बीच तब तक ट्रेड डील नहीं होती है, तो भारतीय कंपनियों को मलेशिया, इंडोनेशिया और बांग्लादेश जैसे एशियाई देशों से कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ सकता है. इस प्रस्ताव के बाद 5 अरब डॉलर से ज्यादा के भारतीय निर्यात पर इसका असर पड़ सकता है. हालांकि, दोनों देशों के बीच व्यापार समझौता होने पर भारतीय निर्यातकों को बड़ी राहत मिल सकती है.

USA ने भारत पर 25% टैरिफ लगाने का क्यों दिया प्रस्ताव?

अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) ने 25 नवंबर को भारत समेत कई प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को लेकर जांच के बाद नए टैरिफ का प्रस्ताव दिया है. यह जांच इन देशों में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता यानी Structural Excess Manufacturing Capacity के मुद्दे पर की गई थी.

इस प्रस्ताव के तहत भारत से अमेरिका भेजे जाने वाले सामान पर 25 फीसदी तक टैरिफ लगाया जा सकता है. ये नए टैरिफ जनवरी 2027 से लागू होने की उम्मीद है. वहीं, भारत के कई एशियाई प्रतिस्पर्धी देशों पर प्रस्तावित टैरिफ इससे कम है.

  • भारत: 25 फीसदी
  • मलेशिया: 18 फीसदी
  • इंडोनेशिया: 18 फीसदी
  • बांग्लादेश: 18 फीसदी
  • कंबोडिया: 18 फीसदी
  • थाईलैंड: 18 फीसदी

इसका मतलब है कि अगर भारतीय सामान पर 25 फीसदी और इन देशों के सामान पर 18 फीसदी टैरिफ लगता है, तो भारतीय निर्यातकों को 7 फीसदी ज्यादा शुल्क का सामना करना पड़ेगा. इससे अमेरिकी खरीदारों के लिए भारत के मुकाबले इन देशों से सामान खरीदना ज्यादा किफायती हो सकता है.

भारत के 5 अरब डॉलर के बाजार कैसे पड़ेगा असर?

Moneycontrol के 2024 के व्यापार आंकड़ों के विश्लेषण के मुताबिक, भारत के 5 अरब डॉलर से ज्यादा के निर्यात पर एशियाई प्रतिस्पर्धियों का दबाव बढ़ सकता है. इन देशों में मलेशिया, इंडोनेशिया और बांग्लादेश प्रमुख हैं. भारत के निर्यात की जिन कैटेगरी में इन देशों से प्रतिस्पर्धा बढ़ सकती है, उनका ब्योरा इस तरह है:

प्रतिस्पर्धी देशभारत के प्रभावित निर्यात का अनुमानित वैल्यू
मलेशिया3.93 अरब डॉलर
इंडोनेशिया2.28 अरब डॉलर
बांग्लादेश1.19 अरब डॉलर

भारत-अमेरिका ट्रेड डील से कैसे बदल सकती है स्थिति?

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौता भारतीय निर्यातकों के लिए काफी अहम साबित हो सकता है. अगर दोनों देश ट्रेड डील पर सहमत होते हैं, तो भारत पर प्रस्तावित टैरिफ 25 फीसदी से घटकर 17 फीसदी हो सकता है.

ऐसा होने पर भारत को मलेशिया, इंडोनेशिया, बांग्लादेश, कंबोडिया और थाईलैंड के मुकाबले 1 फीसदी का टैरिफ एडवांटेज मिल जाएगा.

यानी अभी जहां भारतीय सामान पर इन देशों के मुकाबले 7 फीसदी ज्यादा टैरिफ लगने का प्रस्ताव है, वहीं ट्रेड डील होने पर भारतीय सामान पर 1 फीसदी कम शुल्क लग सकता है. इस तरह भारतीय निर्यातकों की प्रतिस्पर्धी स्थिति में कुल 8 फीसदी अंकों का सुधार हो सकता है.

इससे 5 अरब डॉलर से ज्यादा के निर्यात कारोबार को प्रतिस्पर्धा में फायदा मिल सकता है. अमेरिकी बाजार में भारतीय कंपनियों के लिए अपने उत्पादों की कीमतों को प्रतिस्पर्धी बनाए रखना भी आसान हो सकता है.

ट्रेड डील के बाद भी इन देशों से पीछे रह सकता है भारत

हालांकि, भारत-अमेरिका व्यापार समझौता होने के बाद भी भारतीय निर्यातकों को कुछ दूसरे देशों के मुकाबले ज्यादा टैरिफ का सामना करना पड़ सकता है. प्रस्ताव के मुताबिक, यूरोपीय संघ (EU), जापान, दक्षिण कोरिया, स्विट्जरलैंड और ताइवान जैसे देशों पर 15 फीसदी टैरिफ लगाया जाना प्रस्तावित है.

वहीं, भारत के साथ ट्रेड डील होने पर भी टैरिफ 17 फीसदी रह सकता है. इसका मतलब है कि समझौते के बाद भारत को राहत तो मिलेगी, लेकिन इन देशों के मुकाबले भारतीय सामान पर 2 फीसदी ज्यादा शुल्क लगेगा.

इसके अलावा वियतनाम भी भारत का एक अहम प्रतिस्पर्धी है. वियतनाम पर प्रस्तावित टैरिफ 35 फीसदी है, जो व्यापार समझौता होने पर 20 फीसदी तक आ सकता है. ऐसे में ट्रेड डील के बाद भी भारत को वियतनाम के मुकाबले 3 फीसदी का टैरिफ एडवांटेज मिल सकता है.

यह भी पढ़ें: Stocks to Watch: 26 नवंबर को फोकस में रहेंगे ये 7 शेयर, LG से Lupin तक शामिल, दिख सकती है हलचल