‘एक दिन खाना छोड़ो, चांदी खरीदो!’ रॉबर्ट कियोसाकी की सलाह- सिल्वर में निवेश करो, आ रहा है बड़ा मार्केट क्रैश
Rich Dad Poor Dad के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने निवेशकों को छोटी रकम से निवेश शुरू करने की सलाह दी है. उनका कहना है कि सिर्फ 10 डॉलर से भी सिल्वर खरीदकर निवेश की शुरुआत की जा सकती है. साथ ही उन्होंने वैश्विक अर्थव्यवस्था और शेयर बाजार में संभावित बड़े क्रैश को लेकर भी चेतावनी दी है.
Robert Kiyosaki Silver Investment Tips: दुनिया भर में पर्सनल फाइनेंस पर लिखी गई मशहूर किताब “Rich Dad Poor Dad” के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं. उन्होंने निवेश को लेकर एक ऐसा सुझाव दिया है जिसने सोशल मीडिया और निवेशकों के बीच बहस छेड़ दी है. कियोसाकी का कहना है कि कोई भी व्यक्ति सिर्फ 10 डॉलर से भी निवेश की शुरुआत कर सकता है, और इसके लिए सबसे आसान विकल्प सिल्वर यानी चांदी हो सकता है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) पर किए गए एक पोस्ट में कियोसाकी ने कहा कि वित्तीय समझ अक्सर छोटे कदमों से शुरू होती है. उनका मानना है कि अगर कोई व्यक्ति बहुत छोटी राशि से भी कीमती धातुओं में निवेश शुरू करता है, तो वह पैसे की असली समझ विकसित कर सकता है और लंबे समय में संपत्ति बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकता है.
छोटे निवेश से शुरू होती है वित्तीय समझ
कियोसाकी के मुताबिक निवेश करने के लिए बड़ी रकम जरूरी नहीं होती. उनका कहना है कि अगर किसी के पास सिर्फ 10 डॉलर भी हैं, तो वह उससे चांदी खरीदकर निवेश की शुरुआत कर सकता है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी के पास इतना पैसा भी नहीं है, तो उसे एक दिन के खर्च में कटौती कर इस राशि को बचाकर निवेश करना चाहिए. उनके अनुसार निवेश की शुरुआत का उद्देश्य केवल पैसा कमाना नहीं बल्कि पैसे की समझ विकसित करना भी होना चाहिए.
कियोसाकी का सुझाव है कि लोग अपने आसपास मौजूद गोल्ड और सिल्वर डीलर्स के पास जाकर थोड़ी मात्रा में चांदी खरीद सकते हैं. कई बार पुराने सिक्के या छोटी मात्रा में उपलब्ध चांदी, जिसे वे “जंक सिल्वर” कहते हैं, आसानी से खरीदी जा सकती है. उनका मानना है कि इस प्रक्रिया के दौरान निवेशक को न केवल धातु खरीदने का अनुभव मिलता है बल्कि डीलर्स से बातचीत के जरिए वित्तीय बाजार और निवेश के बारे में भी काफी कुछ सीखने को मिलता है.
स्टॉक मार्केट को लेकर दी बड़ी चेतावनी
सिल्वर में निवेश की सलाह देने के साथ-साथ कियोसाकी ने वैश्विक वित्तीय प्रणाली को लेकर भी चिंता जताई है. उनका मानना है कि दुनिया की अर्थव्यवस्था अभी भी कई संरचनात्मक कमजोरियों से जूझ रही है और आने वाले समय में बड़ा वित्तीय संकट देखने को मिल सकता है. कियोसाकी ने याद दिलाया कि उन्होंने अपनी 2013 की किताब “Rich Dad’s Prophecy” में भी भविष्य में बड़े स्टॉक मार्केट क्रैश की आशंका जताई थी. उनका कहना है कि 2008 की वैश्विक आर्थिक मंदी के बाद जो मूल समस्याएं सामने आई थीं, उन्हें पूरी तरह से हल नहीं किया गया. उनके मुताबिक दुनिया में कर्ज का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और यही स्थिति भविष्य में वित्तीय बाजारों के लिए खतरा बन सकती है.
2008 संकट का किया जिक्र
कियोसाकी ने अपने एक पुराने एक्सपीरिएंस का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि 2008 के वित्तीय संकट के दौरान वे CNN के एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे, जिसे मशहूर एंकर वुल्फ ब्लिट्जर होस्ट कर रहे थे. उस समय उन्होंने कुछ दिन पहले ही Lehman Brothers के पतन की आशंका जताई थी, जो बाद में सच साबित हुई. उनका दावा है कि मौजूदा समय में भी वैश्विक वित्तीय प्रणाली कई जोखिमों से घिरी हुई है और यदि कोई बड़ा झटका लगता है तो उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ सकता है.
वैकल्पिक एसेट्स में निवेश की सलाह
कियोसाकी लंबे समय से पारंपरिक निवेश विकल्पों के बजाय वैकल्पिक एसेट्स में निवेश की सलाह देते रहे हैं. उनका मानना है कि आर्थिक अनिश्चितता के दौर में ऐसे एसेट्स ज्यादा सुरक्षित साबित हो सकते हैं. उन्होंने निवेशकों को सोना, चांदी, बिटकॉइन, एथेरियम और यहां तक कि वास्तविक तेल परियोजनाओं में साझेदारी जैसे विकल्पों पर विचार करने की सलाह दी है. कियोसाकी का कहना है कि जब इन एसेट्स की कीमतें तेजी से बढ़ती हैं, तो उनमें निवेश करने वालों को बड़ा फायदा मिल सकता है.
ये भी पढ़ें- कितने तरह का होता है LPG सिलेंडर? सबसे बड़े में आती है 425KG गैस; जानें कब मिलते हैं 6 लाख रुपये
क्यों पसंद है सिल्वर?
हालांकि कियोसाकी कई तरह के एसेट्स का समर्थन करते हैं, लेकिन वे निवेश की शुरुआत के लिए सिल्वर को सबसे बेहतर विकल्प मानते हैं. इसका कारण इसकी अपेक्षाकृत कम कीमत और आसान उपलब्धता है. उनके अनुसार चांदी सिर्फ निवेश का साधन ही नहीं बल्कि एक औद्योगिक धातु भी है, जिसका इस्तेमाल इलेक्ट्रॉनिक्स, सोलर पैनल और कई उद्योगों में होता है. इसके अलावा वे इसे महंगाई और मुद्रा अवमूल्यन से बचाव का एक साधन भी मानते हैं.
ये भी पढ़ें- चाइनीज FDI का खुला दरवाजा, सरकार ने दी बड़ी ढील; बॉर्डर वाले देशों से विदेशी निवेश की राह आसान
Latest Stories
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने अमेरिकी छूट के बावजूद रूस के तेल भुगतान से दूरी बनाई, जानें क्यों है SBI अलर्ट
कैबिनेट ने जल जीवन मिशन 2.0 को दी हरी झंडी, 8.8 लाख करोड़ के मंजूर किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर और यूटिलिटी प्रोजेक्ट्स
LPG गैस सिलेंडर पर कितना लगता है GST? जानिए घरेलू और कमर्शियल सिलेंडर पर कितना टैक्स
