TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

तुर्किये एयरलाइंस ले जा रही थी विस्फोटक, DGCA की जांच में बड़ा खुलासा; नहीं दी गई थी जरूरी जानकारी

भारत में DGCA ने तुर्किश एयरलाइंस की उड़ानों की अचानक जांच की, जिसमें कई गंभीर खामियां सामने आईं. एक फ्लाइट में बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री ले जाने का मामला सबसे बड़ा है. इसके अलावा ग्राउंड स्टाफ के पास सर्टिफिकेट नहीं था और डिवाइस की निगरानी में भी चूक मिली. भारत ने तुर्किश एयरलाइंस को सभी नियमों का पालन करने का आदेश दिया है और आगे भी निरीक्षण जारी रहेगा.

भारत में DGCA ने तुर्किश एयरलाइंस की उड़ानों की अचानक जांच की. Image Credit: FREE PIK

Turkish Airlines: भारत में तुर्किश एयरलाइंस की उड़ानो को लेकर बड़ी कार्रवाई सामने आई है. DGCA ने 29 मई से 2 जून 2025 के बीच दिल्ली, हैदराबाद, चेन्नई और बेंगलुरु एयरपोर्ट पर तुर्किश एयरलाइंस की जांच की. इस जांच में कई गंभीर चूक सामने आई हैं, जिनमें बिना अनुमति विस्फोटक सामग्री ले जाना सबसे बड़ा मामला है. इसके अलावा ग्राउंड स्टाफ की अनियमितताएं और डिवाइस की निगरानी में खामियां भी पाई गईं. DGCA ने तुर्किश एयरलाइंस को चेतावनी दी है कि वह सभी नियमों का पालन करें. आगे भी उड़ानों की निगरानी जारी रहेगी.

विस्फोटक सामग्री का ट्रांसपोर्टेशन

टाइम्स ऑफ इंडिया के रिपोर्ट के मुताबिक, DGCA की रिपोर्ट में सबसे गंभीर मामला यह है कि एक फ्लाइट में खतरनाक विस्फोटक सामग्री ले जाई जा रही थी, जिसकी जानकारी ना तो कागजों में दी गई थी और ना ही अनुमति ली गई थी. भारत के ऊपर से किसी भी तरह की खतरनाक वस्तु ले जाने के लिए DGCA की इजाजत जरूरी होती है.

ग्राउंड स्टाफ के पास नहीं था लीगल सर्टिफिकेट

बेंगलुरु एयरपोर्ट पर तैनात ग्राउंड स्टाफ के पास वैध कंपिटेंसी कार्ड नहीं था. यहां विमान की लैंडिंग के दौरान जरूरी मेंटेनेंस इंजीनियर भी मौजूद नहीं था. उसकी जगह टेक्निशियन ने ही पूरी प्रक्रिया पूरी की, जो नियमों के खिलाफ है.

ग्राउंड हैंडलिंग में भी लापरवाही

हैदराबाद और बेंगलुरु में तुर्किश एयरलाइंस के ग्राउंड हैंडलिंग में गड़बडियां मिलीं. ग्लोब ग्राउंड इंडिया नामक कंपनी ने सेवा शुरू कर दी थी, लेकिन इसे पहले की कंपनी से औपचारिक हैंडओवर नहीं मिला था. इसके अलावा ग्राउंड इक्विपमेंट जैसे सीढियां, ट्रॉली और GPU की निगरानी में भी लापरवाही मिली.

ये भी पढ़ें- Big Picture: रेयर अर्थ मटेरियल बने चीन के हथियार, ट्रेड वार में भारत सहित पूरी दुनिया की हो रही हार

भारत-तुर्की संबंधों पर भी असर

पिछले कुछ समय से तुर्की और पाकिस्तान की नजदीकियों के चलते भारत तुर्की के साथ अपने संबंधों की समीक्षा कर रहा है. हाल ही में भारत ने तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी की सुरक्षा मंजूरी वापस ले ली थी और नौ एयरपोर्ट से उसकी सेवाएं बंद कर दी गईं. साथ ही इंडिगो को भी तुर्किश एयरलाइंस से लिए गए बोइंग 777 विमानों की लीज 31 अगस्त 2025 तक खत्म करने के निर्देश दिए गए हैं.