अंडे ताजे या बासी, मिनटों में चलेगा पता, यूपी सरकार 1 अप्रैल से लागू करेगी नया नियम, ऐसे होगा चेक
यूपी सरकार ने 1 अप्रैल से नया नियम लागू करने का फैसला किया है, जिसके तहत हर अंडे पर प्रोडक्शन डेट और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य होगा. सरकार का कहना है कि इससे उपभोक्ताओं को तुरंत पता चल सकेगा कि अंडे ताजे हैं या बासी, और खाद्य सुरक्षा भी बेहतर होगी.
Eggs Expiry Date: अगर आप सड़े या बासी अंडों की समस्या से परेशाान हैं और अंडे फ्रेश है कि नहीं ये आप महज अंदाजा लगाकर खरीदते हैं, तो आपकी ये दिक्कत जल्द ही दूर होने वाली है. अब उत्तर प्रदेश सरकार इसके लिए नया नियम लाई है. जिसे 1 अप्रैल से लागू किया जाएगा. इसके तहत 1 अप्रैल से हर अंडे पर प्रोडक्शन डेट और एक्सपायरी डेट लिखना अनिवार्य होगा.
यह फैसला उपभोक्ता सुरक्षा और खाद्य गुणवत्ता सुनिश्चित करने के मकसद से लिया गया है. राज्य सरकार के इस नए नियम के अनुसार सभी पोल्ट्री फार्म और सप्लायर को हर अंडे पर स्पष्ट रूप से अंडा प्रोडक्शन की तारीख और उसकी एक्सपायरी तारीख लिखनी होगी. अधिकारियों के मुताबिक इससे उपभोक्ता आसानी से समझ सकेंगे कि वे जो अंडे खरीद रहे हैं वे कितने ताजे हैं और सुरक्षित हैं या नहीं.
नियम न मानने पर होगी कार्रवाई
अधिकारियों के मुताबिक अगर कोई व्यापारी या उत्पादक इस नियम का पालन नहीं करता है तो ऐसे अंडों को नष्ट किया जा सकता है या उन्हें मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त घोषित किया जा सकता है.
विशेषज्ञों के अनुसार अगर अंडों को लगभग 30 डिग्री सेल्सियस तापमान पर रखा जाए तो वे करीब दो सप्ताह तक सुरक्षित रह सकते हैं. वहीं अगर उन्हें 2 से 8 डिग्री सेल्सियस के बीच रेफ्रिजरेटेड तापमान में रखा जाए तो उनकी शेल्फ लाइफ लगभग पांच सप्ताह तक बढ़ सकती है.
खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत अंडों को सब्जियों के साथ स्टोर नहीं किया जा सकता क्योंकि दोनों के लिए अलग-अलग तापमान की जरूरत होती है. हालांकि राज्य में कोल्ड स्टोरेज सुविधाओं की कमी भी एक चुनौती बनी हुई है.
जांच में हुआ खुलासा
सीएनबीसीटीवी 18 की रिपोर्ट के मुताबिक पशुपालन और डेयरी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव के हाल ही में किए गए निरीक्षण में पाया गया कि कई विक्रेता नियमों का पालन नहीं कर रहे थे. अंडे बिना किसी जांच के बेचे जा रहे थे और उपभोक्ताओं को उनकी गुणवत्ता या ताजगी के बारे में जानकारी नहीं होती थी.
दरअसल सोशल मीडिया पर भी कई उपभोक्ताओं ने सड़े हुए अंडे मिलने की शिकायत की थी. एक मामले में एक महिला ने आरोप लगाया कि उसने Zepto से अंडे मंगवाए थे जो काले और सड़े हुए निकले. वहीं एक अन्य यूजर ने Blinkit से मंगाए गए अंडों का वीडियो शेयर किया जिसमें अंडे फोड़ने पर उनमें से काले रंग का तरल पदार्थ और बदबू निकलती दिखाई दी. सरकार का मानना है कि नए नियम से अंडों की गुणवत्ता पर नियंत्रण बढ़ेगा और उपभोक्ताओं को ताजे अंडे मिल सकेंगे.
