NTPC Green में दिख रहा ग्रोथ का दम, HDFC सिक्‍योरिटीज ने खरीदने की दी सलाह, ये है टारगेट

NTPC ग्रीन एनर्जी लिमिटेड पर HDFC Securities ने BUY रेटिंग देते हुए अगला टारगेट प्राइस तय किया है. कंपनी अपनी रिन्यूएबल क्षमता को बढ़ाने और नए प्‍लान पर काम कर रही है, ऐसे में इसमें ग्रोथ का दम दिख रहा है.

एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड Image Credit: money9live

NTPC Green Energy Price Target: भारत के तेजी से बढ़ते रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में NTPC Green Energy Limited का दबदबा बढ़ता जा रहा है. देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी NTPC Limited की ये ईकाई तेजी से आगे बढ़ रही है. उसके बिजनेस विस्‍तार से लेकर भविष्‍य के ग्रोथ प्‍लान में कंपनी का दम दिख रहा है. यही वजह है कि ब्रोकरेज हाउस HDFC Securities ने इसे खरीदने की सलाह दी है. साथ ही इसका प्राइस टारगेट भी बताया है.

रिन्‍यूएबल क्षमता बढ़ाने पर जोर

NTPC Green Energy, देश की सबसे बड़ी बिजली उत्पादक कंपनी NTPC Limited की रिन्यूएबल एनर्जी शाखा है. कंपनी फिलहाल दिसंबर 2025 तक करीब 8 गीगावाट रिन्यूएबल क्षमता के साथ काम कर रही है और इसका लक्ष्य इसे बढ़ाकर FY32 तक 60 गीगावाट तक पहुंचाने का है. वर्तमान में कंपनी अपनी सहायक कंपनियों और जॉइंट वेंचर के जरिए नौ राज्यों में मौजूदगी रखती है.

सरकार के प्‍लान से मिलेगा सपोर्ट

भारत सरकार ने वर्ष 2030 तक 500 गीगावाट रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता हासिल करने का लक्ष्य रखा है. ऐसे में NGEL की विस्तार योजनाएं इस लक्ष्य के साथ पूरी तरह मेल खाती हैं, जिससे कंपनी के लिए लंबी अवधि में मजबूत ग्रोथ के अवसर बनते दिखाई देते हैं. साथ ही NTPC ग्रुप का लक्ष्य भी 2032 तक 45–50 प्रतिशत नॉन-फॉसिल पोर्टफोलियो और 60 गीगावाट रिन्यूएबल क्षमता हासिल करना है.

इन फैक्‍टर्स का मिलेगा फायदा

ब्रोकरेज फर्म HDFC सिक्‍योरिटी के अनुसार NTPC का मजबूत अनुभव, संसाधन और इंडस्ट्री में भरोसेमंद छवि NGEL के लिए प्‍लस प्‍वाइंट है. साथ ही PSU और राज्य सरकारों के साथ मजबूत संबंध, जॉइंट वेंचर और औद्योगिक ग्राहकों के साथ साझेदारी के अवसर कंपनी को तेजी से विस्तार करने में मदद कर सकते हैं. इसके अलावा बड़े पैमाने पर कंपनी की क्षमता बढ़ाने की योजना इसे एक ऐसा प्लेटफॉर्म बनाती है जहां घरेलू और वैश्विक वित्तीय संस्थान निवेश के लिए आकर्षित हो सकते हैं.

यह भी पढ़ें: अडानी ग्रुप से बड़ा ऑर्डर मिलते ही गोली की तरह भागा ये EPC स्‍टॉक, एक दिन में 6% उछला, ₹709 करोड़ का है प्रोजेक्‍ट

क्‍या है टारगेट प्राइस?

ब्रोकरेज हाउस ने NTPC ग्रीन एनर्जी में ग्रोथ की संभावनाओं को देखते हुए इसे BUY रेटिंग दी है और इसका टारगेट प्राइस 121 रुपये तय किया है. यह मूल्यांकन FY29 के अनुमानित EBITDA पर 14.5x EV/EBITDA के आधार पर किया गया है. ये टारगेट मार्च 2028 के लिए है. शेयर की वर्तमान कीमत 98.63 रुपये है. इस हिसाब से इसमें करीब 22.7% का अपसाइड दिख रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.