275% तक मुनाफा, SGB निवेशकों की चांदी, 3835 रुपये में खरीदा गोल्ड बॉन्ड अब 14213 रुपये में होगा रिडीम
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) 2019-20 Series VI के निवेशकों को शानदार रिटर्न मिला है. RBI ने इस सीरीज के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन प्राइस 14213 रुपये प्रति ग्राम तय किया है. 30 अक्टूबर को निवेशक अपने बॉन्ड रिडीम करा सकते हैं. 2019 में 3785 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर ऑनलाइन निवेश करने वालों को करीब 275.51 फीसदी कैपिटल गेन होगा.
Highlights
- RBI ने SGB 2019-20 Series VI का रिडेम्पशन प्राइस 14213 रुपये प्रति ग्राम तय किया.
- ऑनलाइन निवेशकों को 275.51% और ऑफलाइन निवेशकों को 270.61% तक कैपिटल गेन.
- गोल्ड बॉन्ड पर निवेशकों को सालाना 2.5% ब्याज का भी फायदा मिला.
सोने की कीमतों में तेजी ने सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) के निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने SGB 2019-20 Series VI के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की कीमत 14213 रुपये प्रति ग्राम तय की है. इस सीरीज में निवेश करने वाले निवेशक आज यानी 30 अक्टूबर को अपने बॉन्ड रिडीम करा सकते हैं. जिन निवेशकों ने 2019 में इस बॉन्ड को 3,785 रुपये या 3835 रुपये प्रति ग्राम के भाव पर खरीदा था, उन्हें अब 270 से 275 फीसदी तक कैपिटल गेन मिल सकता है. इसके अलावा निवेशकों को बॉन्ड पर सालाना 2.5 फीसदी ब्याज का फायदा भी मिला है.
14213 रुपये प्रति ग्राम तय हुआ रिडेम्पशन प्राइस
RBI ने गुरुवार को जारी प्रेस रिलीज में बताया कि SGB 2019-20 Series VI के लिए प्रीमैच्योर रिडेम्पशन की कीमत 14213 रुपये प्रति ग्राम तय की गई है. इस सीरीज के बॉन्ड 30 अक्टूबर 2019 को जारी किए गए थे. निवेशक पांच साल पूरे होने के बाद ब्याज पेमेंट की तारीख पर बॉन्ड को समय से पहले रिडीम करा सकते हैं. इस बार रिडेम्पशन की तारीख 30 अक्टूबर 2026 है.
कैसे तय होती है गोल्ड बॉन्ड की कीमत?
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की रिडेम्पशन कीमत बाजार में सोने के भाव के आधार पर तय होती है. RBI के नियमों के मुताबिक, रिडेम्पशन की तारीख से पहले के तीन कारोबारी दिनों में 999 शुद्धता वाले सोने के औसत क्लोजिंग प्राइस को आधार बनाया जाता है. ये कीमतें इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) प्रकाशित करता है.
SGB 2019-20 Series VI के लिए RBI ने 27, 28 और 29 अक्टूबर के सोने के क्लोजिंग भाव का औसत लिया. इसी आधार पर 14213 रुपये प्रति ग्राम का रिडेम्पशन प्राइस तय किया गया.
3785 रुपये का निवेश बना 14213 रुपये
इस सीरीज के गोल्ड बॉन्ड का इश्यू प्राइस ऑफलाइन निवेशकों के लिए 3835 रुपये प्रति ग्राम था. वहीं, ऑनलाइन आवेदन और डिजिटल पेमेंट करने वाले निवेशकों को 50 रुपये प्रति ग्राम की छूट मिली थी. ऐसे निवेशकों के लिए खरीदारी का भाव 3,785 रुपये प्रति ग्राम रहा.
अब 14213 रुपये प्रति ग्राम के रिडेम्पशन प्राइस पर ऑफलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम 10378 रुपये का कैपिटल गेन होगा. यह शुरुआती निवेश पर करीब 270.61 फीसदी रिटर्न है. वहीं, ऑनलाइन निवेशकों को प्रति ग्राम 10428 रुपये का फायदा होगा. उनके लिए यह रिटर्न करीब 275.51 फीसदी बैठता है.
10 ग्राम गोल्ड बॉन्ड पर कितना फायदा?
अगर किसी निवेशक ने 2019 में 10 ग्राम गोल्ड बॉन्ड ऑफलाइन खरीदा था, तो उसका कुल निवेश 38350 रुपये था. अब 14213 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से उसे 10 ग्राम के लिए 142130 रुपये मिलेंगे. यानी सिर्फ कीमत में बढ़ोतरी से 103780 रुपये का कैपिटल गेन होगा.
वहीं, ऑनलाइन निवेशक ने 10 ग्राम के लिए 37850 रुपये लगाए थे. रिडेम्पशन पर उसे 142130 रुपये मिलेंगे. इस तरह उसका कैपिटल गेन 104280 रुपये होगा. ये कैलकुलेश टैक्स और ब्याज को शामिल किए बिना है.
ये भी पढें- Adani की यूरोप में बड़ी डील की तैयारी, $3.3 अरब में Evos Terminals को खरीदने के लिए लगाई बोली
गोल्ड बॉन्ड पर 2.5 फीसदी ब्याज का भी फायदा
सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड में निवेशकों को सोने की कीमत बढ़ने का फायदा मिलने के साथ सालाना 2.5 फीसदी निश्चित ब्याज भी मिलता है. यह ब्याज बॉन्ड की शुरुआती कीमत यानी 3835 रुपये प्रति ग्राम पर कैलकुलेट होता है और साल में दो बार पेमेंट किया जाता है.
उदाहरण के लिए, 10 ग्राम गोल्ड बॉन्ड खरीदने वाले निवेशक को सालाना करीब 958.75 रुपये ब्याज मिलता है. सात साल में यह रकम करीब 6711.25 रुपये हो सकती है. यह अनुमान सात पूरे साल के ब्याज पेमेंट के आधार पर है. वास्तविक ब्याज निवेश की अवधि और पेमेंट की तारीखों पर निर्भर करेगा.
इस तरह SGB 2019-20 Series VI के निवेशकों को सोने की कीमत में बढ़ोतरी के साथ ब्याज से भी अतिरिक्त कमाई हुई है. हालांकि, निवेशकों को रिडेम्पशन से पहले अपने वास्तविक होल्डिंग पीरियड, ब्याज भुगतान और लागू टैक्स नियमों को ध्यान में रखना चाहिए.
Latest Stories
Adani की यूरोप में बड़ी डील की तैयारी, $3.3 अरब में Evos Terminals को खरीदने के लिए लगाई बोली
चंद्रशेखरन और नोएल टाटा के बीच हुई सीक्रेट मीटिंग, पुराने दिग्गजों की सुलह कराने की कोशिश, क्या बन गई बात?
Gold Price Updates: दिवाली से पहले सोने की कीमतों का क्या है हाल, 1 किलो चांदी के लिए कितनी खर्च करनी होगी रकम?
