TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Binance पर साइबर हमले का शक, $2.54 अरब की क्रिप्टो फ्रीज, बिटकॉइन 3% से ज्यादा टूटा

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज Binance पर संभावित साइबर हमले की जांच चल रही है. कंपनी के मुताबिक, गुरुवार शाम तक मामले से जुड़े 2.54 अरब डॉलर के फंड फ्रीज किए जा चुके थे. Tether और Circle ने भी संदिग्ध रकम को फ्रीज करने की जानकारी दी है. सुरक्षा जांच के दौरान Binance ने डिपॉजिट और विड्रॉल अस्थायी रूप से रोक दिए.

Binance पर संभावित साइबर हमले की जांच जारी है. Image Credit: Canva

Highlights

  • Binance पर संभावित साइबर हमले की जांच जारी, 2.54 अरब डॉलर के फंड फ्रीज.
  • Tether ने 1.5 अरब डॉलर और Circle ने 80 करोड़ डॉलर से अधिक की रकम फ्रीज करने की जानकारी दी.
  • सुरक्षा जांच के दौरान Binance ने डिपॉजिट और विड्रॉल अस्थायी रूप से रोक दिए; फंड चोरी होने की पुष्टि नहीं हुई.

दुनिया के सबसे बड़े क्रिप्टो एक्सचेंज Binance पर साइबर हमले की शक की खबर से क्रिप्टो बाजार में चिंता बढ़ गई है. कंपनी ने गुरुवार को सुरक्षा से जुड़ी एक संभावित समस्या की जांच शुरू करने की जानकारी दी. इस बीच, क्रिप्टो कंपनियों ने मामले से जुड़े 2.54 अरब डॉलर के फंड फ्रीज कर दिए हैं. हालांकि, Binance ने अभी तक यह पुष्टि नहीं की है कि हैकर्स ने एक्सचेंज से कोई रकम चुराई है या नहीं. कंपनी का कहना है कि यूजर्स के फंड पूरी तरह सुरक्षित हैं.

Binance पर क्या हुआ?

Binance ने बताया कि उसकी सुरक्षा टीमें संभावित सुरक्षा समस्या की जांच कर रही हैं. कंपनी के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान संबंधित फंड को ट्रेस करने और फ्रीज करने के लिए कानूनी एजेंसियों, ब्लॉकचेन इंटेलिजेंस कंपनियों और अन्य इंडस्ट्री पार्टनर्स के साथ काम किया जा रहा है.

Binance ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर बताया कि गुरुवार शाम तक फ्रीज किए गए फंड की पुष्टि की गई कुल रकम 2.54 अरब डॉलर हो गई थी. कंपनी ने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ यह आंकड़ा बढ़ सकता है. हालांकि, संभावित हमले से कितना नुकसान हुआ है, यह अभी स्पष्ट नहीं है.

Tether और Circle ने भी फ्रीज किए फंड

इस मामले में दो प्रमुख स्टेबलकॉइन कंपनियों Tether और Circle ने भी फंड फ्रीज किए हैं. Circle के सह-संस्थापक और CEO Jeremy Allaire ने कहा कि कंपनी ने कानूनी एजेंसियों के साथ घटना से जुड़े 80 करोड़ डॉलर से अधिक की रकम फ्रीज की है.

वहीं, Tether के CEO Paolo Ardoino ने बताया कि कंपनी ने Binance पर संभावित साइबर हमले से जुड़ी 1.5 अरब डॉलर से अधिक की रकम फ्रीज की है. दोनों कंपनियों की कार्रवाई का मकसद संदिग्ध फंड को आगे ट्रांसफर होने से रोकना है.

डिपॉजिट और विड्रॉल अस्थायी रूप से बंद

Binance ने सुरक्षा जांच के दौरान क्रिप्टो डिपॉजिट और विड्रॉल अस्थायी रूप से रोक दिए हैं. कंपनी ने कहा कि उसकी टीमें समस्या को सुलझाने, फंड फ्रीज करने और संबंधित एजेंसियों के साथ काम करने में जुटी हैं.

कंपनी ने यूजर्स को भरोसा दिलाया है कि उनके फंड सुरक्षित हैं. साथ ही, उसने कहा कि सत्यापित जानकारी मिलने पर आधिकारिक चैनलों के जरिए अपडेट दिया जाएगा. फिलहाल कंपनी की ओर से किसी फंड की चोरी की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई है.

बिटकॉइन की कीमत में गिरावट

Binance पर संभावित साइबर हमले की खबर के बीच गुरुवार शाम बिटकॉइन की कीमत 3.2 फीसदी गिरकर 79,000 डॉलर से नीचे आ गई. हालांकि, सिर्फ इस खबर को बिटकॉइन की गिरावट की एकमात्र वजह नहीं माना जा रहा. क्रिप्टो एक्सचेंजों की सुरक्षा को लेकर चिंता निवेशकों के भरोसे पर असर डाल सकती है.

ये भी पढ़ें- Stocks to Watch: आज RIL, Jio Platforms और BEL समेत इन शेयरों पर रहेगी नजर, कई कंपनियों के आएंगे नतीजे

Binance के संस्थापक ने क्या कहा?

Binance के संस्थापक Changpeng Zhao ने X पर लिखा कि यूजर्स के फंड सुरक्षित हैं. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि घटना Binance पर साइबर हमले जैसी लगती है. Zhao ने कहा कि वह अब कंपनी का मैनेड नहीं करते, लेकिन शेयरधारक होने के नाते उम्मीद करते हैं कि यूजर्स के सभी फंड पूरी तरह कवर किए जाएंगे.