Edtech Deal: upGrad करेगी Unacademy का अधिग्रहण, शेयर-स्वैप डील में गौरव मुंजाल बने रहेंगे CEO
भारत के एडटेक सेक्टर में बड़ी हलचल के बीच upGrad ने प्रतिद्वंद्वी Unacademy के अधिग्रहण के लिए टर्म शीट साइन की है. यह डील 100 फीसदी शेयर-स्वैप के जरिए प्रस्तावित है और इसके बाद भी Unacademy के को-फाउंडर गौरव मुंजाल CEO के रूप में कंपनी का नेतृत्व करते रहेंगे.
upGrad and Unacademy Edtech Deal: भारत के ऑनलाइन शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा कॉरपोरेट कदम देखने को मिला है. एडटेक सेक्टर की प्रमुख कंपनी upGrad ने अपने कंपटेटिव प्लेटफॉर्म Unacademy का अधिग्रहण करने की दिशा में अहम पहल की है. दोनों कंपनियों के बीच इस डील को लेकर टर्म शीट पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके तहत यह सौदा 100 फीसदी शेयर-स्वैप (all-stock) ट्रांजैक्शन के रूप में पूरा किया जाएगा. इस प्रस्तावित सौदे का उद्देश्य दोनों कंपनियों के संचालन को एक साथ लाकर ऑनलाइन शिक्षा बाजार में अपनी स्थिति को और मजबूत बनाना है.
इस समझौते की खास बात यह है कि अधिग्रहण के बाद भी Unacademy के सह-संस्थापक और CEO गौरव मुंजाल अपनी भूमिका में बने रहेंगे और कंपनी के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालते रहेंगे. यानी Unacademy का संचालन मौजूदा नेतृत्व के साथ ही आगे बढ़ेगा, जबकि दोनों कंपनियां मिलकर अपनी क्षमताओं का विस्तार करेंगी.
Ronnie Screwvala ने दी जानकारी
इस डील की जानकारी upGrad के चेयरमैन रॉनी स्क्रूवाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए साझा की. उन्होंने बताया कि upGrad ने Unacademy के अधिग्रहण के लिए एक टर्म शीट साइन की है और यह डील पूरी तरह शेयरों के आदान-प्रदान पर आधारित होगी. स्क्रूवाला के मुताबिक, इस समझौते में एक “ब्रेक फी” क्लॉज भी शामिल किया गया है. इसका मतलब यह है कि अगर किसी वजह से यह सौदा अंतिम रूप तक नहीं पहुंच पाता, तो तय शर्तों के अनुसार एक शुल्क देना पड़ सकता है.
उन्होंने यह भी कहा कि Unacademy ने पहले भी ऑनलाइन शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा बदलाव लाया था और अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के दौर में वह फिर से इस क्षेत्र में नई दिशा देने की क्षमता रखता है. स्क्रूवाला के अनुसार, Unacademy का नया प्रोडक्ट Airlearn पहले से ही वैश्विक स्तर पर अच्छी प्रतिक्रिया हासिल कर रहा है. उनका मानना है कि अगर यह अधिग्रहण पूरा हो जाता है तो upGrad का इंटीग्रेटेड एजुकेशन मॉडल और मजबूत होगा. इससे कंपनी का फोकस स्कूल स्तर (K-12) से लेकर लाइफटाइम लर्निंग और अपस्किलिंग तक फैलेगा, जिससे ऑनलाइन शिक्षा के पूरे इकोसिस्टम को कवर किया जा सकेगा.
गौरव मुंजाल ने भी जताई सहमति
Unacademy के संस्थापक गौरव मुंजाल ने भी इस संभावित डील की पुष्टि की और कहा कि वह आगे भी कंपनी के को-फाउंडर और सीईओ के रूप में बने रहेंगे. उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य भारत और वैश्विक स्तर पर छात्रों के लिए बेहतर ऑनलाइन शिक्षा उत्पाद तैयार करना है. मुंजाल ने upGrad और उसके नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा इस बात की प्रशंसा की है कि रॉनी स्क्रूवाला और उनकी टीम ने किस तरह शांत लेकिन लगातार प्रयासों के जरिए अपस्किलिंग, उच्च शिक्षा और लाइफटाइम लर्निंग के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनाई है.
उनके मुताबिक, अगर दोनों कंपनियां साथ आती हैं तो यह सहयोग छात्रों, पेशेवरों और शिक्षार्थियों के लिए ज्यादा बेहतर शैक्षणिक समाधान तैयार करने में मदद करेगा. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों कंपनियां इस विचार से सहमत हैं कि “कुल मिलाकर परिणाम, अलग-अलग हिस्सों के जोड़ से कहीं बड़ा होता है.”
डील के वित्तीय विवरण फिलहाल गोपनीय
इस अधिग्रहण से जुड़ी मूल्यांकन या दूसरी वित्तीय शर्तों की जानकारी अभी पब्लिक नहीं की गई है. कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि यह जानकारी तब साझा की जाएगी जब डील पूरी तरह से फाइनल होकर आधिकारिक तौर पर दाखिल की जाएगी.
एडटेक सेक्टर में बढ़ेगी कंसोलिडेशन की रफ्तार
विशेषज्ञों का मानना है कि यह सौदा भारतीय एडटेक इंडस्ट्री में कंसोलिडेशन की नई लहर को गति दे सकता है. पिछले कुछ वर्षों में इस क्षेत्र में तेज प्रतिस्पर्धा, फंडिंग में कमी और बदलते बिजनेस मॉडल के कारण कई कंपनियां रणनीतिक साझेदारी या विलय की ओर बढ़ रही हैं. अगर upGrad और Unacademy का यह विलय सफलतापूर्वक पूरा हो जाता है, तो यह भारत के ऑनलाइन शिक्षा बाजार में एक मजबूत संयुक्त प्लेटफॉर्म तैयार कर सकता है, जो स्कूल शिक्षा से लेकर पेशेवर कौशल विकास और आजीवन सीखने तक व्यापक सेवाएं प्रदान करेगा.
ये भी पढ़ें- अगले हफ्ते कैसी रहेगी सोने-चांदी की चाल? एक्सपर्ट्स की राय- आ सकता है करेक्शन; इन फैक्टर्स पर टिकी नजर
