UPI पेमेंट पर लगेगा चार्ज? PhonePe CEO ने कर दिया बड़ा खुलासा
UPI चार्ज को लेकर चल रही अटकलों के बीच PhonePe CEO समीर निगम ने कहा है कि भारतीय ग्राहकों से UPI पेमेंट के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. छोटे दुकानदारों से भी MDR नहीं वसूला जाएगा, जबकि UPI इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए टिकाऊ वित्तीय मॉडल पर चर्चा जारी है.
Highlights
- UPI पेमेंट पर ग्राहकों से शुल्क नहीं लिया जाएगा
- PhonePe CEO ने चार्ज की अटकलें खारिज कीं
- छोटे दुकानदारों से MDR नहीं वसूला जाएगा
UPI को लेकर इन दिनों चल रही चार्ज लगाए जाने की चर्चाओं के बीच PhonePe के फाउंडर और CEO समीर निगम ने यूजर्स को बड़ी राहत दी है. उन्होंने साफ कहा है कि भारतीय ग्राहकों के लिए UPI फ्री है और आगे भी फ्री ही रहेगा. UPI से पेमेंट करने पर आम लोगों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा.
समीर निगम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि UPI भारतीय ग्राहकों के लिए हमेशा फ्री रहा है और आगे भी रहेगा. उन्होंने साफ किया कि UPI से पेमेंट करने के लिए ग्राहकों को कोई फीस नहीं देनी होगी.
लोकसभा में पास हुआ पेमेंट सिस्टम से जुड़ा बिल
यह बयान ऐसे समय आया है, जब लोकसभा ने Payment and Settlement Systems Act, 2007 में बदलाव से जुड़ा एक बिल पास किया है. इस बिल के जरिए सरकार को UPI और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक पेमेंट सिस्टम से होने वाले भुगतान पर बैंक और अन्य सर्विस प्रोवाइडर द्वारा चार्ज लगाने की अनुमति देने का अधिकार मिल सकता है. इसी वजह से यह चर्चा तेज हो गई थी कि आने वाले समय में UPI से पेमेंट करने पर आम लोगों से भी शुल्क लिया जा सकता है. हालांकि, Payments Council of India ने शुक्रवार को साफ किया कि ग्राहकों और छोटे कारोबारियों के लिए UPI सेवाएं फिलहाल फ्री रहेंगी.
2016 से फ्री है UPI
Payments Council of India ने कहा कि UPI की शुरुआत 2016 में हुई थी और तब से यह ग्राहकों के लिए फ्री रहा है. संगठन के मुताबिक, देश का कोई भी व्यक्ति बिना किसी ट्रांजैक्शन चार्ज के तुरंत डिजिटल पेमेंट कर सकता है और आगे भी ऐसा जारी रहेगा. इसका मतलब है कि UPI से पैसे भेजने या किसी दुकान पर QR कोड स्कैन करके पेमेंट करने वाले आम ग्राहकों को अभी किसी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा.
छोटे दुकानदारों से भी नहीं लिया जाएगा MDR
UPI चार्ज को लेकर चल रही चर्चा सिर्फ ग्राहकों तक सीमित नहीं है. Payments Council of India ने यह भी साफ किया है कि छोटे कारोबारी, जैसे किराना दुकानदार, UPI पेमेंट स्वीकार करने पर Merchant Discount Rate (MDR) नहीं देंगे. यानी छोटे दुकानदारों के लिए भी UPI के जरिए पेमेंट स्वीकार करना फिलहाल बिना MDR के जारी रहेगा.
फिर चार्ज की चर्चा क्यों हो रही है?
Payments Council of India के मुताबिक, हालिया चर्चा UPI के पीछे काम करने वाले पूरे डिजिटल पेमेंट इंफ्रास्ट्रक्चर को लंबे समय तक आर्थिक रूप से मजबूत बनाए रखने के मॉडल पर केंद्रित है. UPI आज दुनिया का सबसे बड़ा रियल-टाइम पेमेंट सिस्टम बन चुका है. इसके बढ़ते इस्तेमाल के साथ इसके इंफ्रास्ट्रक्चर, तकनीक और संचालन पर होने वाले खर्च को बनाए रखने के लिए एक टिकाऊ वित्तीय मॉडल की जरूरत महसूस की जा रही है. हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया में आम ग्राहकों और छोटे कारोबारियों को किसी तरह का आर्थिक बोझ न पड़े, इस बात का ध्यान रखने की बात कही गई है. फिलहाल PhonePe CEO का बयान और Payments Council of India की सफाई यह स्पष्ट करती है कि आम भारतीय यूजर्स को UPI पेमेंट के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा.
