तुर्किये-स्विट्जरलैंड-सिंगापुर की GDP से ज्यादा भारत के अमीरों की दौलत! 1810 के पास ₹187.5 लाख करोड़; देखें टॉप-10

M3M Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक भारत में पिछले तीन साल से हर महीने दो से ज्यादा नए अरबपति जुड़े हैं. लिस्ट में शामिल 1810 लोगों की कुल दौलत 187.5 लाख करोड़ रुपये है. गौतम अडानी एंड फैमिली 922,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि मुकेश अंबानी एंड फैमिली 863,400 करोड़ रुपये के साथ दूसरे नंबर पर हैं.

भारत में अरबपतियों की संपत्ति में हुई बढ़ोत्तरी

Highlights

  • भारत में पिछले तीन साल से हर महीने दो से ज्यादा नए अरबपति जुड़े हैं.
  • 1810 लोगों की कुल दौलत 187.5 लाख करोड़ रुपये है.
  • गौतम अडानी एंड फैमिली 922,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं.

भारत दुनिया की शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और यहां अमीरों की संख्या और उनकी संपत्ति लगातार बढ़ रही है. हाल ही में जारी M3M Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक भारत में लगातार तीन साल से हर महीने दो से ज्यादा नए अरबपति जुड़े हैं. लिस्ट में शामिल अमीरों की कुल संपत्ति 187.5 लाख करोड़ रुपये या 1.96 ट्रिलियन डॉलर है. खास बात ये है कि यह संपत्ति तुर्किये की 1.64 ट्रिलियन डॉलर, स्विट्जरलैंड की 1.15 ट्रिलियन डॉलर और सिंगापुर की 0.66 ट्रिलियन डॉलर की GDP से ज्यादा है.

किन सेक्टरों से बन रही है सबसे ज्यादा दौलत?

Mint की रिपोर्ट में Hurun India का हवाला देकर बताया गया है कि भारत में अरबपतियों की संपत्ति बढ़ाने वाले कारोबारों में काफी विविधता है. मैन्युफैक्चरिंग, डिफेंस, ग्रीन एनर्जी और फार्मास्यूटिकल्स के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI भी इसमें अहम भूमिका निभा रहा है. इस साल अकेले Industrial Products सेक्टर से 44 नए लोग अमीरों की लिस्ट में शामिल हुए हैं.

रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि इस साल निवेश और औद्योगिक गतिविधियों से जुड़े सेक्टरों में संपत्ति तेजी से बढ़ी है. समान आधार पर Aerospace & Defence सेक्टर की संपत्ति 69% बढ़ी. Green Energy और Industrial Products दोनों में 31%, Metals & Mining में 30%, Pharmaceuticals में 25% और Financial Services में 23% की बढ़ोतरी हुई. इसके पीछे मजबूत ऑर्डर बुक, प्रोडक्शन कैपिसिटी बढ़ाने और निर्यात में तेजी को अहम वजह माना गया है.

हर सेक्टर में नहीं बढ़ी अमीरों की दौलत

हालांकि, अमीरों की संपत्ति बढ़ने की कहानी हर सेक्टर में एक जैसी नहीं रही. Consumer Durables सेक्टर में संपत्ति 21% घटी. Food & Beverages में 9%, Consumer Goods में 8% और Retail में 5% की गिरावट आई. रिपोर्ट के मुताबिक जिन सात उद्योगों में संपत्ति घटी, उनमें से छह सीधे तौर पर घरेलू खर्च से जुड़े हैं. इसलिए केवल औद्योगिक सेक्टरों में मजबूत संपत्ति निर्माण को देखकर यह मान लेना सही नहीं होगा कि पूरी अर्थव्यवस्था में मांग भी उतनी ही मजबूत है.

अरबपतियों की दौलत बढ़ी, लेकिन आम भारतीय की आय अलग तस्वीर दिखाती है

भारत में अरबपतियों की बढ़ती संपत्ति देश में तेजी से बढ़ रही दौलत की तस्वीर जरूर दिखाती है, लेकिन इसका सीधा मतलब यह नहीं है कि औसत भारतीय की आय भी उसी गति से बढ़ रही है. लिस्ट में शामिल लोगों की कुल संपत्ति कई देशों की GDP से ज्यादा है, लेकिन प्रति व्यक्ति GDP और प्रति व्यक्ति GNI के मामले में भारत इन देशों से काफी पीछे है. IMF के आंकड़ों के मुताबिक भारत की GDP per capita 2813 डॉलर है, जबकि Singapore की GDP per capita 1,07,760 डॉलर है.

अब 106 शहरों तक पहुंची Hurun की लिस्ट

Hurun India की शुरुआत में यह लिस्ट सिर्फ 10 भारतीय शहरों तक सीमित थी. अब इसका दायरा बढ़कर 106 शहरों तक पहुंच गया है. इस साल पहली बार नौ शहर लिस्ट में शामिल हुए हैं. इनमें Bagalkot, Solan, Mandi, Gobindgarh और Mirzapur भी शामिल हैं. Hurun के मुताबिक अब महानगरों से बाहर भी बायोएनर्जी, इंजीनियरिंग और स्पेशलाइज्ड मटेरियल जैसे कारोबारों से जुड़े उद्यमी तेजी से सामने आ रहे हैं.

टॉप-10 अमीरों की लिस्ट में बड़ा बदलाव

M3M Hurun India Rich List 2026 के मुताबिक टॉप-10 में शामिल होने के लिए संपत्ति की न्यूनतम सीमा इस साल बढ़कर 1.89 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले साल 1.83 लाख करोड़ रुपये थी. वहीं टॉप-100 में जगह बनाने की सीमा 30,190 करोड़ रुपये से बढ़कर 33,000 करोड़ रुपये हो गई.

भारत के टॉप-10 सबसे अमीर लोग

रैंकनाम2026 की दौलतदौलत में बदलावकंपनीशहर
1 गौतम अडानी एंड फैमिली₹9,22,800 करोड़+13%Adaniअहमदाबाद
2 मुकेश अंबानी एंड फैमिली₹8,63,400 करोड़-10%Reliance Industriesमुंबई
3 एलएन मित्तल एंड फैमिली₹3,39,300 करोड़+93%ArcelorMittalलंदन
4 साइरस एस पूनावाला एंड फैमिली₹3,03,400 करोड़+23%Serum Institute of Indiaपुणे
5 रोशनी नादर मल्होत्रा एंड फैमिली₹2,78,500 करोड़-2%HCLनई दिल्ली
6 कुमार मंगलम बिड़ला एंड फैमिली₹2,68,700 करोड़+15%Aditya Birlaमुंबई
7 दिलीप सांघवी₹2,64,600 करोड़+15%Sun Pharmaceutical Industriesमुंबई
8 अजीम प्रेमजी एंड फैमिली₹2,62,800 करोड़+19%Wiproबेंगलुरु
9 अनिल अग्रवाल एंड फैमिली₹2,08,300 करोड़+87%Vedanta Resourcesलंदन
10 समीर मेहता एंड फैमिली₹1,89,400 करोड़+52%Torrent Pharmaceuticalअहमदाबाद

अडानी पहले, अंबानी दूसरे नंबर पर

लिस्ट में गौतम अडानी एंड फैमिली 9,22,800 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर हैं. उनकी संपत्ति में 13% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है. वहीं मुकेश अंबानी एंड फैमिली 8,63,400 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं. अंबानी परिवार की संपत्ति में इस साल 10% की गिरावट दर्ज की गई.

इसे भी पढ़ें- IPO भाव से नीचे आया NSE शेयर, 1.26% टूटा स्टॉक, क्या ₹2050 का टारगेट पूरा कर पाएगा?