डीजल पर 1.5 रुपए और पेट्रोल पर 3.5 रुपए कम हुआ विंडफॉल टैक्स, सरकार ने लिया बड़ा फैसला

केंद्र सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए न केवल पेट्रोल और डीजल बल्कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर भी एक्सपोर्ट विंडफॉल टैक्स को कम कर दिया है. अब पेट्रोल पर ड्यूटी को जीरो कर दिया गया है. सरकार घरेलू बाजार को वैश्विक उतार-चढ़ाव से बचाने के लिए हर 15 दिन में समीक्षा कर रही है.

Petrol Diesel Windafall Tax Image Credit: canva/money9

Highlights

  • फ्यूल एक्सपोर्ट पर घटा विंडफॉल टैक्स.
  • पेट्रोल एक्सपोर्ट पर ड्यूटी शून्य.
  • डीजल और एटीएफ पर भी कम हुआ टैक्स.

केंद्र सरकार ने स्वतंत्रता दिवस यानी आज से विंडफॉल टैक्स को कम करने का बड़ा फैसला लिया है. सरकार के एक आदेश के अनुसार, भारत में शनिवार से पेट्रोल और डीजल ही नहीं बल्कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले विंडफॉल टैक्स को भी कम कर दिया है. डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी को 25.5 रुपए प्रति लीटर से घटाकर 24 रुपए (0.2515 डॉलर) प्रति लीटर कर दिया गया है, जबकि पेट्रोल पर ड्यूटी को 3.5 रुपए से घटाकर शून्य (Zero) रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है. एविएशन टर्बाइन फ्यूल पर टैक्स को 22 रुपए से घटाकर 19.5 रुपए प्रति लीटर कर दिया गया है.

2022 में लगा और 2 साल में हटा गया था विंडफॉल टैक्स

याद दिला दें कि भारत ने सबसे पहले जुलाई 2022 में तेल की बढ़ती कीमतों से होने वाले असाधारण मुनाफे पर विंडफॉल टैक्स लगाया था और दो साल बाद इसे हटा दिया था. ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल (U.S- Israeli) युद्ध के दौरान तेल की कीमतों में उछाल आने के बाद मार्च 2026 में इसे फिर से लागू किया गया था. भारत अभी कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय कीमतों के आधार पर हर एक्सपोर्ट की समीक्षा करता है.

हर 15 दिन में हो रही है समीक्षा

विंडफॉल टैक्स को घटाने का सरकार का ये फैसला ऐसे वक्त में आया है जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव की स्थिति है और इस वजह से दुनिया भर में क्रूड ऑयल (Crude Oil) की कीमतें बढ़ी हैं. ब्रेंट क्रूड की कीमत 87 डॉलर प्रति बैरल के करीब बनी हुई है. सरकार हर 15 दिन में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और ईंधन की कीमतों की समीक्षा करती है. इसी समीक्षा के आधार पर एक्सपोर्ट लेवी (निर्यात शुल्क) में बदलाव किया जाता है जिससे कि घरेलू बाजार को ग्लोबल कीमतों में हो रहे उतार-चढ़ाव के हिसाब से समायोजित किया जा सके.

ये भी पढ़ें- अब सब्जी के साथ फ्री नहीं मिलेगा धनिया! क्‍या बिगड़ेगा रसोई का बजट?