गर्मी का गेम ओवर! इस तारीख को दस्तक देगा मानसून, दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यों में आंधी, बारिश और गरज-चमक की चेतावनी

जून की शुरुआत के साथ ही देश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है. एक तरफ मानसून केरल में दस्तक देने के लिए तैयार है, तो दूसरी तरफ उत्तर भारत में आंधी-बारिश का दौर शुरू हो चुका है. हालांकि बिहार समेत कुछ इलाकों में गर्मी का असर अभी बना रहेगा. अगले एक सप्ताह में देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम गतिविधियां तेज रहने की संभावना है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit:

KYA HAI MAUSAM KA HAL: भीषण गर्मी से राहत का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून 4 जून 2026 के आसपास केरल में दस्तक दे सकता है. वहीं देश के कई हिस्सों में अगले एक सप्ताह के दौरान तेज बारिश, गरज-चमक, आंधी और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा. हालांकि जहां एक ओर दक्षिण भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है, वहीं बिहार जैसे राज्यों में गर्मी और लू का असर अभी बरकरार रह सकता है.

4 जून के आसपास केरल पहुंचेगा मानसून

आईएमडी के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. मानसून 4 जून के आसपास केरल, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों, लक्षद्वीप और अरब सागर तथा बंगाल की खाड़ी के अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ सकता है. इसके साथ ही केरल में 2 से 8 जून के बीच भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर भारत के कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय रहने वाला है. जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. कई इलाकों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है.

राजस्थान और जम्मू-कश्मीर में 3 और 4 जून को ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. पश्चिमी राजस्थान में 3 जून को धूलभरी आंधी चल सकती है.

दिल्ली वालों को कब मिलेगी राहत?

दिल्ली-एनसीआर में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. 3 जून को भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक की संभावना है. वहीं 4 जून को मौसम ज्यादा सक्रिय रहने की संभावना है. इस दिन धूलभरी आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं. 5 जून को भी हल्की बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर

उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम एक्टिव रहेगा. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 2 से 6 जून के बीच तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में 70 से 87 किलोमीटर प्रति घंटा तक की तेज हवाएं दर्ज की गईं, जो मौसम की सक्रियता को दिखाती हैं.

बिहार में बारिश भी, लू भी

बिहार के लिए मौसम की तस्वीर थोड़ी अलग है. राज्य के कुछ हिस्सों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बावजूद 4 से 6 जून के बीच हीटवेव यानी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है.

दक्षिण भारत में भारी बारिश का खतरा

दक्षिण भारत में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय रहने वाला है. केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक और लक्षद्वीप में अगले कई दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. केरल और माहे में 2 से 8 जून के बीच बहुत भारी बारिश का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कर्नाटक के कई इलाकों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

मौसम विभाग की सलाह

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है. आंधी-तूफान के समय पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने, बिजली के उपकरणों को सुरक्षित रखने और अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है. वहीं भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने और निचले क्षेत्रों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका जताई गई है.

इसे भी पढ़ें- घर के लिए 2.5 लाख रुपये या फिर लोन पर 1.80 लाख की सब्सिडी, चेक करिए क्या आप PMAY 2.0 के लिए हैं पात्र