अप्रैल की शुरुआत में दिल्ली, UP समेत इन राज्यों में बिगड़ेगा मौसम! IMD ने बारिश, गरज-चमक के साथ दिया आंधी का अलर्ट

अप्रैल की शुरुआत में मौसम काफी उतार-चढ़ाव वाला रहने वाला है. कहीं बारिश और ठंडी हवाएं राहत देंगी तो कहीं तेज आंधी और ओला परेशानी बढ़ा सकती है. ऐसे में लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और सावधानी बरतने की जरूरत है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Indranil Aditya/NurPhoto via Getty Images

KYA HAI MAUSAM KA HAL: उत्तर भारत समेत देश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ले ली है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, दो एक्टिव पश्चिमी विक्षोभ के असर से पूरे हफ्ते मौसम खराब बना रहेगा. खास तौर पर 3 और 4 अप्रैल को इसका असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा. विभाग के मुताबिक, दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम ?

दिल्ली में 1 अप्रैल को मौसम थोड़ा सामान्य रहेगा लेकिन बादल बने रहेंगे. तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रह सकता है. 2 अप्रैल को तापमान थोड़ा बढ़कर 35 से 37 डिग्री तक जा सकता है वहीं 3 अप्रैल को फिर मौसम बिगड़ेगा और बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ तूफानी स्थिति बन सकती है.

कहां-कहां दिखेगा ज्यादा असर

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को ओले गिरने की संभावना है. पूर्वोत्तर भारत में 31 मार्च और 1 अप्रैल को भारी बारिश हो सकती है. मध्य भारत में 6 अप्रैल तक गरज-चमक और आंधी का दौर जारी रहेगा. उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य या सामान्य से कम बना रहेगा. वहीं देश के कई हिस्सों में पहले ही 36 से 41 डिग्री तक तापमान दर्ज किया गया है, जिससे गर्मी और उमस का असर भी महसूस हो रहा है.

UP में अगले 7 दिनों तक कैसा रहेगा मौसम ?

उत्तर प्रदेश में आने वाले 7 दिनों में मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा, बल्कि तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा. सबसे पहले तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा यानी अभी जैसी गर्मी महसूस हो रही है, वैसी ही बनी रहेगी.

इसके बाद अगले 2 दिनों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और करीब 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है. इस दौरान दिन में गर्मी थोड़ी ज्यादा महसूस होगी और धूप तेज हो सकती है. हालांकि इसके बाद फिर मौसम थोड़ा राहत देगा. अगले कुछ दिनों में तापमान उतना ही यानी 2 से 4 डिग्री तक नीचे आ सकता है, जिससे गर्मी में थोड़ी कमी आएगी. अगर न्यूनतम तापमान की बात करें तो इसमें पूरे 7 दिनों तक कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा यानी रातें लगभग एक जैसी रहेंगी न ज्यादा ठंडी होंगी और न ही ज्यादा गर्म.

इसे भी पढ़ें- ईरान युद्ध से तेल का ‘बादशाह’ भी नहीं बच पाया, UAE में एक झटके में बढ़े पेट्रोल- डीजल के 50 रुपये तक दाम