ईरान-इजरायल तनाव के बीच भारतीय छात्रों ने की वतन वापसी की अपील, कहा- हम सुरक्षित हैं लेकिन डरे हुए
ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते संघर्ष ने वहां मौजूद भारतीय छात्रों के मन में डर पैदा कर दी है. ईरान में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों ने भारत सरकार से इमरजेंसी निकासी की मांग की है. साथ ही जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों, खासकर कश्मीरी छात्रों के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है.
Iran Israel attack: इजरायल ने लगातार दूसरे दिन ईरान पर एयरस्ट्राइक की. इजरायली फाइटर जेट्स ने ईरान के परमाणु ठिकानों को दोबारा निशाना बनाया है. इजरायली हमलों में अब तक ईरान के 78 लोग मारे गए और 350 से अधिक घायल हुए. जिसके जवाब में ईरान ने 150 बैलिस्टिक मिसाइलें इजरायल की ओर दागीं है. इन हवाई हमलों के बीच वहां पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों ने भारत सरकार से आपातकालीन निकासी (evacuation) की मांग की है. इस घटनाक्रम ने वहां मौजूद विदेशी नागरिकों, खासकर छात्रों की चिंता बढ़ा दी है.
हम सुरक्षित तो हैं, लेकिन डरे हुए हैं
तेहरान यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज (TUMS) में एमबीबीएस की दूसरी वर्ष की छात्रा ताबिया जहरा ने पीटीआई को बताया कि “इस वक्त हालात शांत हैं और हम फिलहाल सुरक्षित हैं, लेकिन हम डरे हुए हैं. हमला सुबह करीब 3:30 बजे शुरू हुआ और हमें जमीन हिलती हुई महसूस हुई. यह एक चिंताजनक अनुभव था. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने छात्रों से मुलाकात कर उन्हें शांत रहने की सलाह दी, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि कौन से इलाके सुरक्षित माने जा सकते हैं.
जम्मू -कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने लिखी विदेश मंत्री को चिट्ठी
जम्मू-कश्मीर स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर वहां पढ़ रहे भारतीय छात्रों, खासकर कश्मीरी छात्रों के लिए तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है. एसोसिएशन के राष्ट्रीय संयोजक नासिर खुएहामी ने कहा कि छात्रों और उनके परिवारों से लगातार कॉल आ रहे हैं. इसके अलावा कई छात्रों ने बताया है कि उन्होंने एयर रेड सायरन की आवाजें सुनीं और हल्के झटके भी महसूस किए. ऐसे में हम सरकार से अपील करते हैं कि वह सतर्क रहे और स्थिति बिगड़ने की सूरत में तत्काल निकासी की योजना तैयार रखे.
उड़ानों पर रोक ने बढ़ाई चिंता
वहीं उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की छात्रा अलीशा रिजवी का कहना है कि भारतीय दूतावास ने छात्रों से उनके स्थानीय पते और संपर्क नंबर ईमेल करने को कहा है ताकि जरूरत पड़ने पर निकासी संभव हो सके. उन्होंने बताया कि तेहरान का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है और इमाम खोमैनी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानें रद्द कर दी गई हैं.
इजरायल ने परमाणु ठिकानों पर किया हमला
बता दें गुरुवार रात इजरायल ने ईरान के नतांज स्थित मुख्य न्यूक्लियर एनरिचमेंट सेंटर, रडार स्टेशनों और सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल ठिकानों पर हवाई हमला किया. तेहरान समेत पश्चिमी ईरान के कई हिस्सों में जोरदार धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं और काले धुएं का गुबार आसमान में उठता दिखा. इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य ईरान के परमाणु और सैन्य ढांचे को निशाना बनाना था.
ईरान ने दिया जवाब
जवाबी कार्रवाई में ईरान ने इजराइल की ओर ड्रोन हमले किए. ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई ने इजरायली कार्रवाई को लेकर कड़ी सजा की चेतावनी दी है. इस घटनाक्रम से पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है और वैश्विक समुदाय में भी चिंता बढ़ गई है.
इसे भी पढ़ें- दिल्ली को मिली गर्मी से राहत, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, जल्द होगी बारिश
Latest Stories
Exit Poll 2026: 5 राज्यों में किसकी बनेगी सरकार? बंगाल से तमिलनाडु तक मिल रहे कई उलटफेर के संकेत
उड़ान भरते ही खत्म हुआ तेल, करनी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग, सामने आई Air India Express की बड़ी चूक
भीषण गर्मी के बीच राहत की दस्तक! 5 राज्यों में बारिश-आंधी-तूफान का अलर्ट; UP का ये शहर बना देश का सबसे गर्म
