यूपी में 2 डिग्री तक चढ़ेगा पारा, 15 से 16 मार्च को कई राज्यों में आंधी-ओले की चेतावनी, दिल्ली में हल्की बारिश के आसार
मार्च के महीने में ही देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर बढ़ता दिख रहा है. उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है. हालांकि 15 से 16 मार्च के आसपास उत्तर भारत के कई हिस्सों में आंधी, बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है.
IMD Weather Alert: भारत के कई राज्यों में मार्च के महीने में ही गर्मी तेज होने लगी है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 13 मार्च को मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान जैसे राज्यों में हीट वेव से लेकर सीवियर हीट वेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है. वहीं ओडिशा में 13 और 14 मार्च को भी लू चलने की संभावना है. वहीं पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है. अरुणाचल प्रदेश में 13 मार्च को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं 14 से 16 मार्च के बीच भी कई जगह बारिश की संभावना है. इसके अलावा सब-हिमालयन पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 13 और 16 मार्च को तथा असम और मेघालय में 13 से 15 मार्च के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है.
उत्तर प्रदेश में अगले 7 दिनों का मौसम
उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. अगले 48 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है. इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है. इस वजह से राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ज्यादा यानी “एप्रिसिएबली एबव नॉर्मल” से लेकर “मार्केडली एबव नॉर्मल” तक रह सकता है.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो अगले 72 घंटों में इसमें 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. इसके बाद अगले दो दिनों में अचानक 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. इसके बाद न्यूनतम तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा. इस दौरान राज्य में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से काफी अधिक रहने की संभावना है.
15-16 मार्च को आंधी, बिजली और ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 मार्च को उत्तर भारत के कई हिस्सों में तेज मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
15 मार्च को जम्मू-कश्मीर-लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग जगहों पर ओलावृष्टि हो सकती है. वहीं 15 और 16 मार्च को उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी ओले गिरने की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 16 मार्च को ओलावृष्टि का अनुमान है.
उत्तराखंड में 15 और 16 मार्च को 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति झोंकों में 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और तेलंगाना समेत कई राज्यों में 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है.
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम ?
दिल्ली में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और अधिकतम तापमान में 1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. दिल्ली में न्यूनतम तापमान कई स्थानों पर सामान्य से 5.1°C या उससे अधिक दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान भी अधिकांश स्थानों पर सामान्य से काफी अधिक रहा.
दिल्ली में 14 मार्च को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं. अधिकतम तापमान 31°C से 33°C और न्यूनतम तापमान 18°C से 20°C के बीच रहने का अनुमान है. 15 मार्च.को आसमान में बादल छाए रहेंगे. सुबह या पूर्वाह्न के समय बहुत हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज-चमक हो सकती है. तापमान 30°C से 32°C और न्यूनतम तापमान 17°C से 19°C के बीच रह सकता है.
इसे भी पढें- होर्मुज संकट के बाद भी अमेरिका को क्यों नहीं तेल की टेंशन, क्या गुजरने वाले जहाज देते हैं टोल टैक्स?
