उत्तर भारत में बढ़ेगा गर्मी का कहर, दिल्ली-UP-बिहार में हीटवेव का अलर्ट; 44 डिग्री तक जाएगा पारा

कुल मिलाकर उत्तर भारत में अगले 3 से 4 दिन गर्मी का प्रकोप जारी रहने वाला है. दिल्ली, यूपी और बिहार जैसे राज्यों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच सकता है, जबकि कुछ इलाकों में आंधी-बारिश से थोड़ी राहत मिल सकती है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की जरूरत है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Salman Ali/HT via Getty Images

IMD Weather Alert: देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है, लेकिन उत्तर भारत में फिलहाल गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग यानी IMD के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और बिहार जैसे राज्यों में अगले कुछ दिनों तक हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है.

दिल्ली में 44°C तक पहुंच सकता है तापमान

दिल्ली-एनसीआर में 21 से 24 अप्रैल के बीच आसमान साफ रहने के साथ तेज गर्मी का दौर जारी रहेगा. अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है. 22 अप्रैल से हीटवेव की स्थिति बनने की संभावना है, जबकि 23 से 24 अप्रैल को गर्मी और ज्यादा तीव्र हो सकती है.

यूपी और बिहार में भी गर्मी का असर

पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक हीटवेव की चेतावनी दी गई है. वहीं बिहार में 21 और 22 अप्रैल को गर्म हवाओं के साथ तापमान बढ़ने का अनुमान है. हालांकि, कुछ इलाकों में तेज हवा 50 से 60 किमी/घंटा और आंधी-तूफान भी देखने को मिल सकता है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है.

हरियाणा-पंजाब में शुरू हुई लू

हरियाणा और पंजाब में 21 से 24 अप्रैल के बीच हीटवेव का असर रहेगा. खासकर हरियाणा के कुछ हिस्सों में लू पहले ही शुरू हो चुकी है और तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जा रहा है.

जहां उत्तर भारत गर्मी से जूझ रहा है, वहीं पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज आंधी की संभावना है. झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है.

क्यों बढ़ रही है गर्मी?

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में एंटी-साइक्लोनिक सिस्टम और साफ आसमान की वजह से तापमान तेजी से बढ़ रहा है. अगले कुछ दिनों में तापमान में 3-4 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है. IMD ने चेतावनी दी है कि तेज गर्मी से स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है.

इसे भी पढ़ें- समर वेकेशन के लिए परफेक्ट हैं ये 7 डेस्टिनेशन, हर ट्रिप बना देंगी यादगार