दिल्ली-यूपी समेत कई राज्यों में 6 मई तक बारिश-आंधी की चेतावनी; बाड़मेर रहा सबसे गर्म, जानें मौसम अपडेट
उत्तर भारत में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से अहम रहने वाले हैं. जहां एक ओर बारिश से गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं तेज हवाओं और तूफान को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है. क्योंकि कि कई राज्यों में बारिश तूफान के साथ ओले गिरने का अलर्ट जारी है.

IMD Weather Alert: उत्तर भारत में मौसम अब करवट लेने वाला है. अगले कुछ दिनों में दिल्ली, यूपी और आसपास के राज्यों में बारिश, आंधी और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने कई इलाकों में चेतावनी जारी की है, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 3 मई को आंशिक बादल छाए रहेंगे और तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. वहीं 4 से 5 मई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. इन दिनों हल्की बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं.
यूपी और उत्तर भारत में बारिश-आंधी का असर
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में 3 से 6 मई के बीच गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ जगहों पर ओला गिरने की संभावना है. वहीं पूर्वी राज्यों और उत्तर-पूर्व भारत में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है.
देश में सबसे ज्यादा तापमान कहां रहा
बीते दिन देश के कई हिस्सों में गर्मी का असर देखने को मिला. विदर्भ, तेलंगाना, कोस्टल आंध्र प्रदेश और यनम समेत पश्चिम राजस्थान के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. वहीं देश के बाकी हिस्सों में तापमान 34 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया गया, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, पूर्वोत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में यह 34 डिग्री से नीचे रहा. सबसे ज्यादा तापमान राजस्थान के बाड़मेर में 44.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा.
तेज हवाएं और तूफान का खतरा
कई इलाकों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके कारण पेड़ गिरने, फसलों को नुकसान और बिजली सेवाओं पर असर पड़ने की आशंका जताई गई है. लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम में घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है.
गर्मी और तापमान का हाल
देश के कई हिस्सों में तापमान 38 से 40 डिग्री तक बना हुआ है, जबकि राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि बारिश और बादलों के चलते आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.
इसे भी पढ़ें- FD पर मिल रहा 7.1% तक ब्याज, जानें किस बैंक में पैसा रखना है फायदे का सौदा; देखें पूरी लिस्ट