उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, दिल्ली-यूपी समेत इन 6 राज्यों में बरसेंगे बादल

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों के दौरान उत्तर और मध्य भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश, गरज-चमक और कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit: Firdous Nazir/NurPhoto via Getty Images

Highlights

  • IMD ने देश के अलग-अलग राज्यों में मौसम का अनुमान जारी किया है.
  • मौसम विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिनों में यूपी, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश होगी.
  • मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान जलभराव, सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की वजह से सावधानी बरतने की सलाह दी है.

IMD Weather Alert: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले 3 से 4 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है. इसके चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं. IMD के अनुसार हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में 29 जुलाई से 4 अगस्त तक व्यापक बारिश होने की संभावना है.

वहीं पंजाब और हरियाणा-चंडीगढ़ में 30 जुलाई से 4 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रह सकता है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 1 से 4 अगस्त और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 2 से 4 अगस्त के बीच बारिश बढ़ने के आसार हैं. राजस्थान में भी 29 जुलाई से 3 अगस्त तक अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है.

कहां भारी बारिश की चेतावनी?

मौसम विभाग ने हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में अलग-अलग दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 30 से 31 जुलाई को, उत्तराखंड में 31 जुलाई से 4 अगस्त तक तथा राजस्थान के कुछ इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.

दिल्ली-NCR का मौसम कैसा रहेगा?

दिल्ली-एनसीआर में 29 जुलाई को आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और दोपहर से रात के बीच हल्की बारिश हो सकती है. 30 जुलाई को कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. 31 जुलाई को भी हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी, जबकि 1 अगस्त को एक-दो दौर की हल्की बारिश हो सकती है. इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है.

लोगों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए?

मौसम विभाग ने भारी बारिश के दौरान जलभराव, सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने, पेड़ों की शाखाएं टूटने, कमजोर ढांचों को नुकसान और दृश्यता कम होने की आशंका जताई है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- 31 जुलाई से पहले भर दें ITR, ‘कल कर लेंगे’ की गलती पड़ेगी भारी! इनकम टैक्स विभाग ने जारी की चेतावनी