मानसून दिखाएगा रौद्र रूप! UP समेत इन 8 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के कई इलाकों में तेज बारिश, गरज-चमक और कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.

क्या है मौसम का हाल Image Credit:

IMD Rain Alert: भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों के लिए अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार, 10 अगस्त तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

कहां-कहां होगी सबसे ज्यादा बारिश?

IMD के मुताबिक, 4 से 6 अगस्त के बीच हरियाणा, दिल्ली और पंजाब में भारी बारिश की संभावना है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 7 अगस्त को, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 अगस्त को भारी बारिश हो सकती है. हिमाचल प्रदेश में 5 से 10 अगस्त और उत्तराखंड में 6 से 10 अगस्त तक कई इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है. 4 और 5 अगस्त को उत्तराखंड में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है.

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में 4 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने, कई दौर की हल्की से मध्यम बारिश और कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना है. 5 से 7 अगस्त के बीच भी रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी. इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.

बारिश के पीछे क्या है वजह?

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ, पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर भारत के ऊपर बने कई चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) की वजह से उत्तर भारत में बारिश की गतिविधियां तेज बनी हुई हैं.

IMD ने लोगों को क्या सलाह दी?

मौसम विभाग ने भारी बारिश वाले इलाकों में जलभराव, पेड़ गिरने, भूस्खलन और सड़क यातायात प्रभावित होने की आशंका जताई है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने, मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- Explain: 100% प्योर प्रोडक्ट में कितनी प्योरिटी? क्या कहती है FSSAI की गाइडलाइंस, यहां समझें पूरी कहानी

Latest Stories