MI vs KKR: 221 रन चेज कर मुंबई की शानदार जीत, रोहित-रिकल्टन की साझेदारी ने पलटी बाजी
मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराते हुए 221 रन का बड़ा लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया. रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की शतकीय साझेदारी ने मैच का रुख पलट दिया.
MI vs KKR IPL 2026: IPL 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दमदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हरा दिया. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में मुंबई ने 221 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए 5 गेंद शेष रहते मैच अपने नाम कर लिया. यह आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई की सबसे बड़ी जीतों में से एक मानी जा रही है.
कैसी रही KKR की पारी?
कोलकाता नाइट राइडर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 220 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम की ओर से कप्तान अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें चौकों-छक्कों की शानदार झड़ी देखने को मिली. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी ने भी 29 गेंदों में 51 रनों की तेज पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. रिंकू सिंह ने अंत में नाबाद 33 रन जोड़कर पारी को मजबूती दी. मुंबई की ओर से शार्दुल ठाकुर सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 विकेट झटके.
शुरू से ही आक्रामक रही MI
221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया. सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन के बीच पहले विकेट के लिए 148 रनों की शानदार साझेदारी हुई, जिसने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया. पावरप्ले में ही टीम ने बिना विकेट गंवाए 80 रन जोड़ दिए थे, जिससे रन चेज आसान हो गया.
रोहित-रिकल्टन ने पलटी बाजी
रोहित शर्मा ने महज 38 गेंदों में 78 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली, जिसमें उन्होंने बेहतरीन स्ट्रोक्स लगाए. वहीं, रयान रिकल्टन ने भी 43 गेंदों में 81 रन बनाकर टीम की जीत की नींव रखी. हालांकि, वह रन आउट होकर पवेलियन लौटे, लेकिन तब तक मैच मुंबई के कब्जे में आ चुका था. सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में भी टीम की बल्लेबाजी मजबूत नजर आई. सूर्यकुमार की जगह खेले अन्य बल्लेबाजों ने छोटी-छोटी लेकिन अहम पारियां खेलीं- तिलक वर्मा ने 20, हार्दिक पांड्या ने 18 और नमन धीर ने 5 रन का योगदान दिया.
टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था MI ने
मुंबई ने 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर 224 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया और आईपीएल 2026 में जीत के साथ जोरदार शुरुआत की. मैच से पहले मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था. टीम में जसप्रीत बुमराह की मौजूदगी रही, जबकि एएम गजनफर और शेरफेन रदरफोर्ड ने डेब्यू किया. वहीं, केकेआर की टीम में फिन एलन, कैमरून ग्रीन, सुनील नरेन और ब्लेसिंग मुजरबानी विदेशी खिलाड़ियों के रूप में शामिल थे.
ये भी पढ़ें- ₹1.6 लाख करोड़ IPL का वैल्यू, 2008 का प्रयोग आज बना अरबों का साम्राज्य; क्रिकेट से ग्लोबल बिजनेस ब्रांड तक का सफर
