ईशान किशन की पारी हुई बेकार, RCB ने SRH को 6 विकेट से हराया; कोहली और देवदत्त पडिक्कल चमके
IPL 2026 के पहले मुकाबले में RCB ने SRH को 6 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की है. ईशान किशन की 80 रन की तेज पारी के बावजूद सनराइजर्स हैदराबाद 201 रन ही बना सकी. जवाब में विराट कोहली ने नाबाद 69 रन और देवदत्त पडिक्कल ने 61 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को आसान जीत दिलाई. रजत पाटीदार ने भी अहम योगदान दिया.
RCB vs SRH: IPL 2026 का आगाज दमदार अंदाज में हो गया है. बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए पहले मुकाबले में छक्के-चौकों की खूब बारिश हुई. पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 201 रन बनाए. वहीं, लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 4 विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया.
ईशान किशन ने खेली 80 रनों की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी हैदराबाद की शुरुआत खराब रही और उसके शुरुआती 3 विकेट जल्दी गिर गए. अभिषेक शर्मा (7 रन), ट्रैविस हेड (11 रन) और नीतिश कुमार रेड्डी (1 रन) सस्ते में आउट हो गए. शुरुआती झटकों के बाद ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभाला. ईशान किशन ने 38 गेंदों में 210 के स्ट्राइक रेट से 80 रन बनाए, जबकि क्लासेन ने 31 रन का योगदान दिया.
इन दोनों के आउट होने के बाद टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही. निचले क्रम में खेलने उतरे अनिकेत वर्मा ने 18 गेंदों में तेजतर्रार 43 रन बनाए. बेंगलुरु की गेंदबाजी में जैकब डफी और रोमारियो शेफर्ड ने 3-3 विकेट लिए, जबकि भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और सुयश शर्मा को 1-1 सफलता मिली.
RCB 6 विकेट से विजयी
IPL 2025 की चैंपियन RCB ने IPL 2026 का आगाज जीत के साथ किया. 202 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी RCB ने 15.4 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया. ओपनिंग करने आए देवदत्त पडिक्कल और विराट कोहली ने शानदार बल्लेबाजी की. पडिक्कल ने 26 गेंदों में 61 रन बनाए, जबकि विराट कोहली ने 38 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली. कप्तान रजत पाटीदार ने भी 31 रन का योगदान दिया.
हैदराबाद की कमजोर गेंदबाजी
201 रन का लक्ष्य देने के बावजूद SRH की गेंदबाजी कमजोर कड़ी साबित हुई. गेंदबाजी लाइनअप पूरी तरह बिखरा हुआ नजर आया, जिसका फायदा RCB को मिला. SRH ने 6 गेंदबाजों को आजमाया, लेकिन केवल 3 गेंदबाज ही विकेट लेने में सफल रहे. डेविड पेन ने 2 विकेट लिए, जबकि जयदेव उनादकट और हर्ष दुबे को 1-1 सफलता मिली.
यह भी पढ़ें: इस कंपनी को लगातार मिल रहे बड़े ऑर्डर, शेयरों में हलचल, PE रेशियो सस्ता; रडार पर रखें स्टॉक!
Latest Stories
दिल्ली, यूपी, बिहार समेत इन 8 राज्यों में मौसम लेगा यू टर्न! आंधी-बारिश, ओले और तूफान की चेतावनी
Jewar Airport: खत्म हुआ इंतजार! 28 मार्च को PM मोदी करेंगे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन
बारिश, आंधी और ठंडी हवाओं का दौर हो गया शुरु! दिल्ली-यूपी समेत 8 राज्यों को IMD ने किया अलर्ट
