₹1.6 लाख करोड़ IPL का वैल्यू, 2008 का प्रयोग आज बना अरबों का साम्राज्य; क्रिकेट से ग्लोबल बिजनेस ब्रांड तक का सफर

IPL आज सिर्फ एक क्रिकेट लीग नहीं, बल्कि 1.6 लाख करोड़ रुपये वैल्यू वाला ग्लोबल स्पोर्ट्स बिजनेस ब्रांड बन चुका है. 2008 में शुरू हुआ यह टूर्नामेंट अब मीडिया राइट्स, डिजिटल व्यूअरशिप और फ्रेंचाइजी कमाई के दम पर नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है. IPL, BCCI की कमाई का बड़ा हिस्सा देता है और दुनियाभर के निवेशकों व ब्रांड्स को आकर्षित कर रहा है. तेजी से बढ़ती डिजिटल पहुंच और अरबों दर्शकों के साथ IPL खेल, मनोरंजन और अर्थव्यवस्था का मजबूत इकोसिस्टम बन चुका है.

इंडियन प्रीमियर लीग Image Credit: tv9 bharatvarsh

IPL Brand Value: इंडियन प्रीमियर लीग यानी IPL आज सिर्फ एक क्रिकेट टूर्नामेंट नहीं, बल्कि एक विशाल आर्थिक और ग्लोबल स्पोर्ट्स ब्रांड बन चुका है. 2008 में एक प्रयोग के तौर पर शुरू हुई यह लीग अब दुनिया के सबसे बड़े स्पोर्ट्स प्लेटफॉर्म्स में शामिल हो चुकी है. आंकड़े बताते हैं कि IPL ने क्रिकेट के खेल को न केवल मनोरंजन के स्तर पर, बल्कि आर्थिक और व्यावसायिक नजरिए से भी पूरी तरह बदल दिया है.

1.6 लाख करोड़ रुपये वैल्यू

IPL की सबसे बड़ी ताकत इसकी आर्थिक क्षमता है. TOI की रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2025 में IPL का कुल बिजनेस वैल्यू लगभग 18.5 बिलियन डॉलर यानी करीब 1.6 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. वहीं, इसकी ब्रांड वैल्यू लगभग 4 बिलियन डॉलर यानी करीब 33,000 करोड़ रुपये आंकी गई है. खास बात यह है कि IPL, BCCI की कुल कमाई में लगभग 59 फीसदी का योगदान देता है, जिससे यह भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा वित्तीय आधार बन गया है.

मीडिया राइट्स ने बदली तस्वीर

IPL की सफलता में मीडिया राइट्स का सबसे बड़ा योगदान रहा है. स्पोर्ट्सबोर्डइंडिया के अनुसार, 2023 से 2026 के मीडिया राइट्स साइकिल की वैल्यू करीब 6.4 बिलियन डॉलर है, जो इसे दुनिया के सबसे महंगे स्पोर्ट्स ब्रॉडकास्ट डील्स में शामिल करती है. डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर IPL की पहुंच तेजी से बढ़ी है और 2024 में करीब 620 मिलियन दर्शकों ने इसे ऑनलाइन देखा. 2025 में यह आंकड़ा 1 बिलियन दर्शकों तक पहुंच गया, जो इसकी जबरदस्त लोकप्रियता को दर्शाता है.

दो महीने में भारी कमाई

IPL की खासियत यह है कि यह सिर्फ दो महीने में ही जबरदस्त आर्थिक गतिविधि पैदा करता है. रिपोर्ट्स के अनुसार, टॉप फ्रेंचाइजी सालाना 650 से 700 करोड़ रुपये तक की कमाई करती हैं. 2025 के ओपनिंग वीकेंड में ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर 1,370 मिलियन व्यूज दर्ज किए गए और कुल वॉच टाइम 21,860 मिलियन मिनट तक पहुंच गया.

वैश्विक स्तर पर बढ़ती पकड़

IPL ने सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि वैश्विक क्रिकेट के ढांचे को भी बदल दिया है. आज स्थिति यह है कि IPL के दौरान दुनिया की अन्य क्रिकेट लीग्स या इंटरनेशनल सीरीज शेड्यूल नहीं की जाती हैं. यह लीग खिलाड़ियों, ब्रॉडकास्टर्स और स्पॉन्सर्स के लिए एक बड़ा प्लेटफॉर्म बन चुकी है.

निवेशकों और ब्रांड्स के लिए अवसर

IPL आज निवेशकों, विज्ञापनदाताओं और कंपनियों के लिए एक गोल्डमाइन बन चुका है. बड़े टेक से लेकर FMCG कंपनियां तक इस लीग से जुड़ना चाहती हैं. इसकी विशाल फैन फॉलोइंग और ब्रांड वैल्यू इसे दुनिया की सबसे आकर्षक स्पोर्ट्स प्रॉपर्टीज में शामिल करती है. कुल मिलाकर, IPL अब सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि एक ऐसा इकोसिस्टम बन गया है, जो खेल, मनोरंजन और अर्थव्यवस्था को एक साथ जोड़ता है. आने वाले वर्षों में इसकी ग्रोथ और प्रभाव और भी तेज होने की संभावना है.

यह भी पढ़ें: ताश के पत्तों की तरह गिरी टॉप 7 कंपनियों की वैल्यू, ₹1.75 लाख करोड़ डूबे, RIL को सबसे बड़ा झटका