TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

Operation Sindhu: ईरान से 311 और भारतीय लौटे, अमेरिका-ईरान तनाव के बीच अब तक 1428 लोगों की वापसी

ईरान और इजरायल के बीच तेज होते संघर्ष के बीच भारत ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 1,428 भारतीयों को सुरक्षित देश वापस लाया है. रविवार को मशहद से 311 नागरिकों की एक और फ्लाइट दिल्ली पहुंची. अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले के बाद भारत ने यह त्वरित कार्रवाई की.

ऑपरेशन सिंधू Image Credit: @PTI

Operation Sindhu India Evacuates Indians: पश्चिम एशिया में ईरान और इजरायल के बीच बढ़ते सैन्य तनाव के बीच भारत ने ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत अब तक 1,428 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश वापस ला लिया है. रविवार, 22 जून को एक विशेष चार्टर्ड फ्लाइट ईरान के मशहद शहर से 311 भारतीयों को लेकर दिल्ली पहुंची. यह फ्लाइट दोपहर 4:30 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरी.

गंभीर माहौल के बीच हुई निकासी

यह निकासी ऐसे समय में की गई है जब हालात बेहद गंभीर हो गए हैं. रविवार सुबह अमेरिकी वायुसेना ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर हमले किए. इस घटना ने पहले से तनावग्रस्त माहौल को और विस्फोटक बना दिया. इसी के बाद भारत सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तुरंत कदम उठाया.

ईरान ने उड़ानों पर लगाई थी रोक

भारत ने बीते सप्ताह से ही ईरान, आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान से चार्टर्ड उड़ानों के जरिए नागरिकों को निकालना शुरू कर दिया था. मशहद, येरेवन और अशगाबात से लगातार फ्लाइट्स चलाई जा रही हैं. शुरुआत में ईरान के एयरस्पेस पर पाबंदियां थीं, लेकिन भारत के अनुरोध पर शुक्रवार को ईरान ने अस्थायी रूप से यह प्रतिबंध हटा दिया, जिससे मशहद से तीन फ्लाइट्स को उड़ान की इजाजत मिली. पहली फ्लाइट शुक्रवार रात दिल्ली पहुंची जिसमें 290 भारतीय थे. शनिवार को एक और फ्लाइट 310 नागरिकों को लेकर आई. और रविवार को तीसरी फ्लाइट 311 लोगों को लेकर भारत लौटी. बाकी नागरिकों को आर्मेनिया और तुर्कमेनिस्तान के रास्ते लाया गया है.

क्यों उठाना पड़ा ये कदम?

यह निकासी ऐसे वक्त में हुई है जब ईरान और इजरायल के बीच मिसाइल और ड्रोन हमलों की कई घटनाएं हो चुकी हैं. दोनों देशों के बीच हालात युद्ध जैसे हैं और इससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में अनिश्चितता गहराती जा रही है. अमेरिकी हमलों के बाद हालात और तनावपूर्ण हो गए हैं. इसी के बीच होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने को लेकर भी ईरानी संसद में हरी झंडी मिल गई है. इससे आने वाले समय में तनाव और बढ़ सकता है.