WITT Summit 2026: PM मोदी से लेकर कई राज्यों के CM होंगे शामिल, क्रिकेट और राजनीति समेत तमाम विषयों पर होगी चर्चा
‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट 2026’ 23-24 मार्च को नई दिल्ली में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे. इस TV9 समिट में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और प्रमुख राजनीतिक नेता भी भाग लेंगे. साथ ही क्रिकेट जगत के दिग्गज भी मंच साझा करेंगे.
What India Thinks Today Summit: ‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट 2026’ अपने चौथे संस्करण के साथ वापस आ गया है. 23-24 मार्च, 2026 को देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले इस शिखर सम्मेलन का मुख्य आकर्षण भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण होगा. यह पीएम मोदी की TV9 के इस सम्मेलन के मंच पर तीसरी उपस्थिति होगी. इसके अलावा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे. साथ ही, मंच पर क्रिकेट जगत के सितारे भी नजर आएंगे.
पहले दिन पीएम मोदी का होगा भाषण
‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट 2026’ के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुख्य भाषण होगा. वहीं, दूसरे दिन पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया शामिल होंगे.
इन राज्यों के मुख्यमंत्री होंगे शामिल
प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे. इसमें पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार शामिल हैं.
अखिलेश यादव और ओवैसी भी रखेंगे अपने विचार
समाजवादी पार्टी प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे. इसके अलावा, भारत में इजरायल के राजदूत रूवेन अजार भी समिट में शामिल होंगे. साथ ही, मशहूर कवि कुमार विश्वास भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.
क्रिकेट जगत का होगा जमावड़ा
‘व्हाट इंडिया थिंक्स टुडे समिट 2026’ में राजनेताओं के अलावा क्रिकेटरों का भी जमावड़ा लगेगा. दिग्गज भारतीय क्रिकेटर सौरभ गांगुली इस समिट में शामिल होंगे. इनके अलावा, युवा भारतीय क्रिकेटर अक्षर पटेल और अर्शदीप सिंह भी मंच पर मौजूद रहेंगे. विश्व कप विजेता टीम की सदस्य दीप्ति शर्मा और महिला टीम के गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी भी WITT मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे.
यह भी पढ़ें: धुरंधर 2 ने ऑस्ट्रेलिया में रचा इतिहास, एक दिन की कमाई में बाहुबली 2 को छोड़ा पीछे; जानें तीसरे दिन का कलेक्शन
