29 मई को खुल रहा है भारत के दिग्गज लिथियम-आयन बैटरी का IPO, पूरी तरह से फ्रेश इश्यू; जानें डिटेल्स

Aureate Tradde अपना ₹27.3 करोड़ का SME IPO 29 मई से निवेशकों के लिए खोलने जा रही है. कंपनी लिथियम-आयन बैटरी कंपोनेंट्स, EV चार्जर्स और केमिकल्स के कारोबार में सक्रिय है.

आईपीओ Image Credit: FreePik

IPO Upcoming: केमिकल और लिथियम-आयन बैटरी कंपोनेंट सेक्टर की दिग्गज कंपनी ऑरेट ट्रेड (Aureate Tradde) का आईपीओ (IPO) कल यानी 29 मई से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलने जा रहा है. कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए बाजार से 27.3 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी कर रही है. अगर आप भी प्राइमरी मार्केट में दांव लगाने की सोच रहे हैं, तो आपके पास 2 जून तक इस आईपीओ में पैसा लगाने का मौका होगा.

आईपीओ से जुड़ी मुख्य तारीखें और प्राइस बैंड

ऑरेट ट्रेड का यह आईपीओ पूरी तरह से फ्रेश इश्यू पर आधारित है. इसका मतलब है कि कंपनी इसके तहत 38.98 लाख नए इक्विटी शेयर जारी करेगी.

  • आईपीओ खुलने की तारीख: 29 मई
  • आईपीओ बंद होने की तारीख: 2 जून
  • लिस्टिंग की तारीख (संभावित): 5 जून (BSE SME प्लेटफॉर्म पर)
  • शेयर की कीमत (इश्यू प्राइस): ₹70 प्रति इक्विटी शेयर

कहां होगा जुटे हुए फंड का इस्तेमाल?

कंपनी ने साफ किया है कि आईपीओ से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल बिजनेस को आगे बढ़ाने और कर्ज कम करने में किया जाएगा. शुद्ध मुनाफे में से ₹10 करोड़ वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए रखे गए हैं, जबकि ₹9.93 करोड़ का इस्तेमाल पुराना कर्ज चुकाने में होगा. बाकी बची रकम सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों पर खर्च की जाएगी.

कंपनी के चेयरमैन और एमडी कलाश शाह ने कहा, “यह आईपीओ हमारी ग्रोथ के सफर में एक बड़ा कदम है. इससे हमारी वर्किंग कैपिटल मजबूत होगी और हमें अलग-अलग बिजनेस वर्टिकल्स में अपनी मौजूदगी बढ़ाने में मदद मिलेगी.”

यह भी पढ़ें: 5 जून को खुलेगा इस न्यूट्रिएंट कंपनी का IPO, ₹14985 में लगा सकते हैं दांव, निवेश से पहले जानें डिटेल

कंपनी का फाइनेंशियल ट्रैक रिकॉर्ड कैसा है?

साल 2018 में शुरू हुई ऑरेट ट्रेड मुख्य रूप से पॉलिमर, पेट्रोकेमिकल्स, बैटरी सेल्स और ईवी (EV) चार्जर्स जैसे इंडस्ट्रियल और टेक्नोलॉजी-संचालित प्रोडक्ट्स के कारोबार और डिस्ट्रीब्यूशन में शामिल है.

फाइनेंशियल मोर्चे पर कंपनी का प्रदर्शन दमदार रहा है. दिसंबर 2025 को समाप्त हुई अवधि के लिए कंपनी ने ₹101.83 करोड़ का कुल रेवेन्यू (Revenue) दर्ज किया है, जबकि इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट (PAT) ₹4.28 करोड़ रहा. इस पूरे आईपीओ के लिए ‘कॉर्पोरेट मेकर्स कैपिटल’ एकमात्र बुक-रनिंग लीड मैनेजर के रूप में काम कर रहा है.

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ, में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.