IPO बाजार में एंट्री को तैयार Gujarat Victory Forgings, 1.97 करोड़ शेयरों से जुटाएगी फंड, नए शेयर और OFS दोनों शामिल
Gujarat Victory Forgings Ltd ने IPO के लिए सेबी में DRHP दाखिल किया है, जिसमें फ्रेश इश्यू और OFS दोनों शामिल हैं. जुटाई गई रकम से कैपेसिटी विस्तार और कर्ज चुकाने की योजना है, जिससे आगे ग्रोथ की उम्मीद बढ़ सकती है.
Gujarat Victory Forgings IPO: आईपीओ बाजार में एक और कंपनी दस्तक देने जा रही है. Gujarat Victory Forgings Ltd ने बाजार नियामक सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर्स दाखिल कर दिए हैं. कंपनी के इस IPO में फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए पूंजी जुटाने की तैयारी में है. कंपनी का IPO कुल 1.97 करोड़ इक्विटी शेयरों का होगा.
कितने शेयर होंगे शामिल?
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक आईपीओ में 65 लाख शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है, जबकि करीब 1.32 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल के तहत बेचे जाएंगे. इसमें प्रमोटर विजेंद्र कुमार बिशांबर गुप्ता अपने शेयर बेचेंगे. इस IPO के लिए Monarch Networth Capital और Nirbhay Capital Services को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है.
वित्तीय स्थिति
Gujarat Victory Forgings Ltd की लेटेस्ट वित्तीय स्थिति (DRHP और उपलब्ध रिपोर्ट्स के अनुसार) काफी मजबूत ग्रोथ दिखाती है. वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का रेवेन्यू लगभग ₹607.65 करोड़ और नेट प्रॉफिट (PAT): करीब ₹20.38 करोड़ रहा. पिछले साल (FY24) में कंपनी का रेवेन्यू ₹500 करोड़ से ज्यादा था.
यह भी पढ़ें: 1 अप्रैल से 150% महंगी होगी F&O ट्रेडिंग, जानें हर ट्रांजैक्शन पर कितना देना पड़ेगा STT, ये है पूरा कैलकुलेशन
कंपनी का कारोबार
वडोदरा स्थित यह कंपनी जुटाई गई रकम का उपयोग अपने मौजूदा यूनिट-III के विस्तार में करेगी. इसके तहत कॉपर कैथोड की मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने, कर्ज चुकाने और अन्य कॉर्पोरेट जरूरतों के लिए फंड का इस्तेमाल किया जाएगा. कंपनी नॉन-फेरस मेटल प्रोडक्ट्स के निर्माण में सक्रिय है और स्क्रैप मेटल के प्रोसेसिंग व रीसाइक्लिंग के जरिए हाई-प्योरिटी कॉपर कैथोड, ट्यूब्स, पाइप्स, रॉड्स, बसबार और ब्रास प्रोडक्ट्स बनाती है. इसके प्रोडक्ट्स पावर इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, कंस्ट्रक्शन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे सेक्टर्स में इस्तेमाल होते हैं. यह IPO ऐसे समय आ रहा है जब मेटल और इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर में ग्रोथ की संभावनाएं बढ़ रही हैं, जिससे निवेशकों की नजर इस इश्यू पर बनी रह सकती है.
