आप भी लगा सकते हैं SpaceX IPO पर दांव, इन 5 Mutual Funds के जरिए कर सकते हैं निवेश, जानें कैसे मिलेगा फायदा

Elon Musk की SpaceX 75 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी में है और इसका अनुमानित वैल्यूएशन 1.75 ट्रिलियन डॉलर बताया जा रहा है. यदि कंपनी का IPO लॉन्च होता है और उसे Nasdaq-100 Index में जगह मिलती है, तो भारतीय निवेशकों को कुछ Nasdaq-100 आधारित Mutual Funds के जरिए अप्रत्यक्ष निवेश का मौका मिल सकता है.

स्पेसएक्स आईपीओ. Image Credit: Money9live

SpaceX IPO: Elon Musk की अगुवाई वाली SpaceX का IPO निवेशकों के बीच चर्चा का विषय बन गया है. दुनिया की सबसे बड़ी प्राइवेट कंपनियों में शामिल SpaceX लगभग 75 अरब डॉलर जुटाने की तैयारी कर रही है और कंपनी का अनुमानित वैल्यूएशन 1.75 ट्रिलियन डॉलर बताया जा रहा है. यदि यह IPO तय योजना के अनुसार 12 जून को लॉन्च होता है, तो यह दुनिया के इतिहास के सबसे बड़े IPO में से एक बन सकता है. SpaceX के शेयर बाजार में उतरने की खबर के बाद भारतीय निवेशकों की भी दिलचस्पी बढ़ गई है. हालांकि, भारतीय निवेशक सीधे तौर पर इस IPO में भाग नहीं ले सकते, लेकिन कुछ म्यूचुअल फंड के जरिए SpaceX की संभावित ग्रोथ स्टोरी का लाभ उठाया जा सकता है.

Nasdaq-100 में शामिल होने पर मिलेगा फायदा

विशेषज्ञों के अनुसार, SpaceX के Nasdaq-100 Index में शामिल होने की संभावना है. इस इंडेक्स में Apple, Microsoft, Nvidia, Amazon, Alphabet और Meta जैसी दुनिया की दिग्गज टेक्नोलॉजी कंपनियां शामिल हैं. यदि SpaceX को भी इस इंडेक्स में जगह मिलती है, तो Nasdaq-100 को ट्रैक करने वाले सभी फंड्स को इसके शेयर खरीदने होंगे.

ऐसी स्थिति में इन Funds में निवेश करने वाले भारतीय निवेशकों को भी SpaceX में अप्रत्यक्ष एक्सपोजर मिल जाएगा. यही कारण है कि SpaceX IPO के बाद Nasdaq-100 आधारित म्यूचुअल फंड एक बार फिर निवेशकों के रडार पर आ गए हैं.

ये 5 भारतीय Mutual Funds दिला सकते हैं SpaceX Exposure

वर्तमान में भारत में 5 प्रमुख Mutual Fund Schemes Nasdaq-100 Total Return Index (TRI) को ट्रैक करती हैं. इसमें पहले नंबर पर Axis Nasdaq 100 US Specific Equity Passive Fund of Fund शामिल है. ET की रिपोर्ट के मुताबिक, Fund ने लॉन्च के बाद से लगभग 35.03 फीसदी का वार्षिक रिटर्न दिया है. इस स्कीम का AUM 208 करोड़ रुपये है.

ICICI Prudential Nasdaq 100 Index Fund इस कैटेगरी के सबसे बड़े Funds में शामिल है. इसका AUM 3,254 करोड़ रुपये है और स्थापना के बाद से इसने 20.71 फीसदी का वार्षिक रिटर्न दिया है. Invesco India – Invesco EQQQ Nasdaq-100 ETF Fund of Fund ने शुरुआत से अब तक लगभग 26.27 फीसदी का वार्षिक रिटर्न दिया है. इस Fund का AUM 445 करोड़ रुपये है.

Motilal Oswal Nasdaq 100 Fund of Fund इस कैटेगरी के सबसे पुराने फंड्स में से एक है. इसका AUM 12,814 करोड़ रुपये है और इसने लॉन्च के बाद से करीब 28.96 फीसदी का वार्षिक रिटर्न दिया है. Navi Nasdaq100 US Specific Equity Passive Fund of Fund ने स्थापना के बाद से लगभग 24.20 फीसदी का वार्षिक रिटर्न दिया है. इसका AUM 1,179 करोड़ रुपये है.

Nasdaq-100 का शानदार प्रदर्शन

Nasdaq-100 Index ने भी हाल के वर्षों में मजबूत प्रदर्शन किया है. 9 जून 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, Index ने पिछले एक वर्ष में 35.16 फीसदी से अधिक रिटर्न दिया है. वहीं, चालू कैलेंडर वर्ष में यह 16 फीसदी से ज्यादा चढ़ चुका है. पिछले तीन वर्षों में Nasdaq-100 ने लगभग 26.60 फीसदी और पिछले पांच वर्षों में 16.31 फीसदी का औसत रिटर्न दिया है. यही वजह है कि वैश्विक टेक्नोलॉजी कंपनियों में निवेश की चाह रखने वाले निवेशकों के बीच इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है.

निवेशकों की नजर SpaceX पर

SpaceX का IPO केवल एक नई लिस्टिंग नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे अंतरिक्ष और सेटेलाइट कम्युनिकेशन सेक्टर में निवेश का बड़ा अवसर माना जा रहा है. यदि कंपनी Nasdaq-100 का हिस्सा बनती है, तो भारतीय निवेशकों के लिए म्यूचुअल फंड के जरिए इस वैश्विक दिग्गज की ग्रोथ में भागीदारी का रास्ता खुल सकता है. ऐसे में आने वाले दिनों में Nasdaq-100 आधारित फंड्स निवेशकों के बीच और अधिक चर्चा में रह सकते हैं.

यह भी पढ़ें: इस पावर कंपनी का बड़ा अधिग्रहण, शेयर में आई तेजी; FII ने भी बढ़ाई होल्डिंग, रडार पर रखें स्टॉक

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.