भारत की इकलौती प्रीमियम क्रूज लाइन की पैरेंट कंपनी का मंगलवार को खुलेगा IPO, जोश में GMP, जानें डिटेल्स

Cordelia Cruises की पैरेंट कंपनी Waterways Leisure Tourism का ₹585 करोड़ का IPO मंगलवार को खुलेगा. कंपनी ने ₹769-808 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. जानिए बिजनेस मॉडल, GMP, लिस्टिंग डेट और निवेशकों के लिए अहम जानकारी.

Waterways Leisure Tourism IPO Image Credit: Money9 Live

शेयर बाजार में पिछले कुछ दिनों से जारी उतार-चढ़ाव और गिरावट के बीच निवेशकों के लिए कमाई का एक शानदार मौका आ रहा है. भारत के मशहूर लग्जरी क्रूज ‘कॉर्डेलिया क्रूजेज’ का संचालन करने वाली कंपनी वाटरवेज लीजर टूरिज्म (Waterways Leisure Tourism) अपना आईपीओ लेकर आ रही है. यह इश्यू मंगलवार, 23 जून 2026 को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. बाजार के ठंडे माहौल के बावजूद इस आईपीओ का ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) जोश में नजर आ रहा है, जो निवेशकों के लिए अच्छे मुनाफे का संकेत दे रहा है.

क्या है सब्सक्रिप्शन डेट?

वाटरवेज लीजर टूरिज्म का यह आईपीओ 23 जून से 25 जून 2026 तक खुला रहेगा. कंपनी इस पब्लिक इश्यू के जरिए बाजार से ₹585 करोड़ जुटाने की तैयारी में है. खास बात यह है कि यह पूरा आईपीओ ‘फ्रेश इश्यू’ है, यानी इसके तहत 72 लाख से ज्यादा नए शेयर जारी किए जाएंगे.

इश्यू बंद होने के बाद 29 जून को शेयरों का अलॉटमेंट फाइनल होगा और जिन निवेशकों को शेयर नहीं मिलेंगे, उन्हें 30 जून को रिफंड मिल जाएगा. कंपनी के शेयरों की लिस्टिंग 1 जुलाई 2026 को बीएसई (BSE) और एनएसई (NSE) पर होगी.

प्राइस बैंड और मिनिमम इन्वेस्टमेंट

कंपनी ने इस आईपीओ के लिए ₹769 से ₹808 प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है. रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम लॉट साइज 18 शेयरों का है. इसका मतलब है कि अपर प्राइस बैंड (₹808) के हिसाब से एक लॉट के लिए निवेशकों को कम से कम ₹14,544 का निवेश करना होगा.

GMP में जोश, मिल सकता है लिस्टिंग गेन

बाजार की मौजूदा स्थिति के बाद भी ग्रे मार्केट में इस आईपीओ को लेकर सकारात्मक माहौल है. 21 जून की सुबह तक इसका ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) ₹24 पर ट्रेंड कर रहा था. इस लिहाज से देखें तो ₹808 के कट-ऑफ प्राइस पर इसकी संभावित लिस्टिंग ₹832 के आसपास हो सकती है, जो करीब 3% का अनुमानित लिस्टिंग गेन दर्शाती है.

यह भी पढ़ें: सोमवार को कैसा रहेगा शेयर बाजार? गिरावट के बाद अब रिकवरी या जारी रहेगा दबाव; जानें एक्सपर्ट राय

क्या करती है कंपनी और क्या है ताकत?

नवंबर 2020 में शुरू हुई यह कंपनी भारत में क्रूज टूरिज्म के क्षेत्र में इकलौता बड़ा नाम है. यह अपने ‘एमवी एक्सप्रेस’ (MV Express) क्रूज के जरिए मुंबई, गोवा, कोच्चि, चेन्नई, लक्षद्वीप और विशाखापट्टनम जैसे घरेलू रूट्स के अलावा श्रीलंका, थाईलैंड, सिंगापुर और मलेशिया जैसे इंटरनेशनल रूट्स पर भी सेवाएं देती है. भारतीय संस्कृति और स्वाद के अनुकूल सुविधाएं देना और मजबूत मैनेजमेंट इसकी सबसे बड़ी ताकत हैं. आईपीओ से मिलने वाले फंड का बड़ा हिस्सा कंपनी लीज डिपॉजिट और किराये के भुगतान में इस्तेमाल करेगी.

डिस्क्लेमर: इस खबर में GMP से संबंधित जानकारी दी गई है. मनी9लाइव का GMP तय करने से कोई संबंध नहीं है. मनी9लाइव निवेशकों को यह भी सचेत करता है कि केवल जीएमपी के आधार पर निवेश पर फैसला नहीं करें. निवेश से पहले कंपनी के फंडामेंटल जरूर देखें और एक्सपर्ट की सलाह अवश्य लें.