किसके सिर सजेगा भारत के सबसे बड़े IPO का ताज? NSE और Jio में कौन मारेगा बाजी
भारतीय शेयर बाजार में 2026 दो मेगा IPO का साल बन सकता है. एक ओर NSE अपना IPO लाने की तैयारी में है, वहीं Reliance Jio का IPO इससे भी बड़ा साबित हो सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक NSE IPO का आकार करीब 30,000 करोड़ रुपये और Reliance Jio IPO का संभावित साइज 37,000 करोड़ रुपये से अधिक हो सकता है.

NSE IPO vs Reliance Jio IPO: भारतीय शेयर बाजार में वर्ष 2026 दो मेगा IPO के नाम रह सकता है. एक तरफ देश का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज National Stock Exchange (NSE) अपना चर्चित IPO लाने की तैयारी कर रहा है, तो दूसरी ओर मुकेश अंबानी की Reliance Jio भी बाजार में दस्तक देने की तैयारी में है. दिलचस्प बात यह है कि Reliance Jio का IPO साइज NSE IPO से भी बड़ा हो सकता है, जिससे भारत के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड बदल सकता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि दोनों IPO में कौन बाजी मार सकता है.
NSE IPO
हाल ही में NSE ने SEBI के पास अपना DRHP दाखिल किया है. रिपोर्ट्स के अनुसार, NSE IPO का साइज करीब 30,000 करोड़ रुपये हो सकता है. इस आधार पर कंपनी का संभावित मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये से अधिक रहने का अनुमान है. NSE वर्तमान में भारत का सबसे बड़ा स्टॉक एक्सचेंज है और डेरिवेटिव्स कारोबार के मामले में दुनिया के सबसे बड़े एक्सचेंजों में शामिल है.
कंपनी के लगभग 1.8 लाख शेयरधारक हैं. पिछले कुछ वर्षों में ऑप्शंस ट्रेडिंग में आई तेजी के कारण NSE की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. अप्रैल 2019 से अप्रैल 2026 के बीच कंपनी का रेवेन्यू दोगुने से अधिक बढ़कर लगभग 18,700 करोड़ रुपये पहुंच गया है.
Reliance Jio IPO तोड़ सकता है रिकॉर्ड
NSE IPO को भारत का अब तक का सबसे बड़ा IPO माना जा रहा है, लेकिन यह रिकॉर्ड ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सकता. रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, Reliance Jio का IPO लगभग 4 अरब डॉलर का हो सकता है. यह राशि करीब 37,776 करोड़ रुपये बैठती है, जो NSE IPO से काफी बड़ी है. पिछले वर्ष निवेश बैंक जेफरीज ने Reliance Jio का वैल्यूएशन करीब 180 अरब डॉलर आंका था.
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबनी ने अगस्त 2025 में आयोजित 48वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) के दौरान संकेत दिया था कि Reliance Jio का IPO 2026 की पहली छमाही में आ सकता है. यदि Reliance Jio का IPO अनुमानित साइज में आता है, तो यह भारतीय कैपिटल मार्केट के इतिहास का सबसे बड़ा सार्वजनिक निर्गम बन सकता है.
भारत के सबसे बड़े IPO कौन-कौन से रहे हैं
अब तक भारत के सबसे बड़े IPO में Hyundai Motor India शीर्ष स्थानों पर शामिल है. कंपनी ने 2024 में 27,858 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च किया था. इसके बाद LIC का 20,557 करोड़ रुपये का इश्यू आता है, जिसे भारतीय बाजार के सबसे चर्चित सार्वजनिक निर्गमों में गिना जाता है. हालांकि लिस्टिंग के बाद IPO का प्रदर्शन निवेशकों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा नहीं उतर सका.
फिनटेक कंपनी Paytm ने 2021 में 18,300 करोड़ रुपये का IPO लॉन्च किया था. लेकिन लिस्टिंग के बाद शेयर में भारी गिरावट देखने को मिली और यह अपने लिस्टिंग प्राइस से काफी नीचे कारोबार करता रहा. वहीं Tata Capital ने 2025 में 15,511 करोड़ रुपये का IPO लाकर निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया था.
निवेशकों के लिए क्यों अहम हैं ये दोनों IPO
NSE और Reliance Jio दोनों अपने-अपने सेक्टर की प्रमुख कंपनियां हैं. NSE जहां भारतीय कैपिटल मार्केट की रीढ़ मानी जाती है, वहीं Reliance Jio देश की सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनियों में शामिल है. इन दोनों IPO की सफलता भारतीय शेयर बाजार में निवेशकों की भागीदारी और लिक्विडिटी को नई ऊंचाई दे सकती है. अगर सभी तैयारियां समय पर पूरी होती हैं, तो 2026 भारतीय IPO बाजार के इतिहास का सबसे बड़ा वर्ष साबित हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Adani Enterprises, Nykaa समेत इन 3 शेयरों में शुक्रवार को लगाएं दांव, 12% तक आ सकती है तेजी; ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.