SBI Funds Management IPO का काउंटडाउन शुरू, जुलाई में फाइल कर सकती है RHP; बाजार में मचेगी हलचल!
SBI Funds Management को IPO लॉन्च करने के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है. देश की सबसे बड़ी Asset Management Company जुलाई 2026 के पहले सप्ताह में RHP दाखिल कर सकती है और प्राइस बैंड का ऐलान कर सकती है. यह IPO पूरी तरह OFS आधारित होगा, जिसमें SBI और Amundi India Holding अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे.
SBI Funds Management IPO: भारतीय शेयर बाजार में एक और बड़े IPO की दस्तक होने जा रही है. देश की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी SBI Funds Management को अपने इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी जुलाई 2026 के पहले सप्ताह में RHP दाखिल कर सकती है और इसी दौरान IPO का प्राइस बैंड भी घोषित किया जा सकता है. SEBI की वेबसाइट के अनुसार, कंपनी को 12 जून 2026 को IPO लॉन्च करने की मंजूरी मिली थी. इससे पहले SBI Funds Management ने 19 मार्च 2026 को अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस नियामक के पास जमा किया था. अब मंजूरी मिलने के बाद IPO प्रक्रिया अगले चरण में पहुंच गई है.
पूरी तरह ऑफर फॉर सेल होगा IPO
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, SBI Funds Management का IPO पूरी तरह ऑफर फॉर सेल आधारित होगा. इसमें कोई फ्रेश इश्यू शामिल नहीं है. IPO के तहत कुल 20.37 करोड़ इक्विटी शेयर बेचे जाएंगे, जो कंपनी की करीब 10 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर हैं. इस ऑफर फॉर सेल के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) अपनी 6.3 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर 12.83 करोड़ शेयर बेचेगा.
वहीं पेरिस स्थित अमुंडी इंडिया होल्डिंग अपनी 3.7 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर 7.53 करोड़ शेयरों की बिक्री करेगी. वर्तमान में SBI Funds Management में SBI की हिस्सेदारी 61.76 फीसदी है, जबकि अमुंडी इंडिया होल्डिंग के पास 36.26 फीसदी हिस्सेदारी मौजूद है.
म्यूचुअल फंड उद्योग की सबसे बड़ी कंपनी
SBI Funds Management की स्थापना वर्ष 1992 में हुई थी. मार्च 2021 से यह लगातार भारत की सबसे बड़ी एसेट मैनेजमेंट कंपनी बनी हुई है. म्यूचुअल फंड उद्योग में कंपनी की मार्केट शेयर लगभग 15.4 फीसदी है. वर्ष 2004 में यह कंपनी ज्वाइंट वेंचर बनी थी, जब सोसाइटी जनरल एसेट मैनेजमेंट एसए ने इसमें 37 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी. बाद में वर्ष 2011 में अमुंडी एसेट मैनेजमेंट ने अपनी सहायक कंपनी अमुंडी इंडिया होल्डिंग के जरिए इस हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया.
शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली छठी एएमसी
यदि IPO सफलतापूर्वक पूरा हो जाता है, तो SBI Funds Management शेयर बाजार में सूचीबद्ध होने वाली स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की तीसरी सहायक कंपनी बन जाएगी. इसके साथ ही यह भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने वाली छठी एसेट मैनेजमेंट कंपनी होगी.
फिलहाल आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल एसेट मैनेजमेंट कंपनी, एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट कंपनी, निप्पॉन लाइफ इंडिया एसेट मैनेजमेंट, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट और यूटीआई एसेट मैनेजमेंट कंपनी जैसी एएमसी कंपनियां शेयर बाजार में लिस्ट हैं.
मजबूत वित्तीय प्रदर्शन से बढ़ी उम्मीदें
कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन भी लगातार मजबूत रहा है. दिसंबर 2025 को समाप्त नौ महीनों के दौरान SBI Funds Management का प्रॉफिट 25.9 फीसदी बढ़कर 2,432.9 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो एक वर्ष पहले समान अवधि में 1,933 करोड़ रुपये था. इसी अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 23 फीसदी बढ़कर 3,250.6 करोड़ रुपये हो गया, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 2,641.9 करोड़ रुपये था.
वित्त वर्ष 2025 में कंपनी का कुल प्रॉफिट 22.5 फीसदी बढ़कर 2,540.2 करोड़ रुपये पर पहुंच गया. वहीं रेवेन्यू में 33.7 फीसदी की मजबूत बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 3,597.8 करोड़ रुपये हो गया. निवेशकों की नजर अब जुलाई पर टिकी है, जब कंपनी RHP दाखिल करने के साथ IPO के प्राइस बैंड और संभावित तिथियों का ऐलान कर सकती है. SBI Funds Management का IPO इस साल के सबसे चर्चित और बड़े IPO में शामिल हो सकता है.
यह भी पढ़ें: Adani Enterprises, Nykaa समेत इन 3 शेयरों में शुक्रवार को लगाएं दांव, 12% तक आ सकती है तेजी; ब्रोकरेज ने दिया टारगेट
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
क्रूज लाइन चलाने वाली कंपनी ला रही IPO, प्राइस बैंड तय… इतने शेयरों का है लॉट साइज, जानें- कब खुलेगा इश्यू
NSE IPO से SBI की लगेगी लॉटरी! ₹2 करोड़ का निवेश बन सकता है ₹5000 करोड़ प्लस, जानें डिटेल
निवेशकों के लिए अलर्ट! बिना इन पांच बातों को जानें NSE IPO में लगाया दांव तो हो सकती है बड़ी चूक
