डिफेंस सेक्टर पर HDFC Defence Fund का बड़ा दांव, HAL और Bharat Electronics समेत 8 स्टॉक्स में बढ़ाई हिस्सेदारी
HDFC Defence Fund ने अप्रैल 2026 में अपने पोर्टफोलियो में बड़ा बदलाव करते हुए HAL, Bharat Electronics समेत 8 डिफेंस और इंडस्ट्रियल कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़ाई है. फंड ने एचएएल के 1.75 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे, जबकि भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में भी निवेश बढ़ाया गया. Aequs, BEML, Bharat Forge और Premier Explosives जैसी कंपनियां भी फंड की खरीदारी सूची में शामिल रहीं.
HDFC Defence Fund: डिफेंस सेक्टर पर आधारित देश के एकमात्र एक्टिवली मैनेज्ड म्यूचुअल फंड HDFC Defence Fund ने अप्रैल 2026 के दौरान अपने पोर्टफोलियो में कई बड़े बदलाव किए हैं. ACE MF के मासिक पोर्टफोलियो आंकड़ों के मुताबिक, फंड ने इस दौरान Hindustan Aeronautics Limited और Bharat Electronics Limited समेत कुल 8 कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है. डिफेंस सेक्टर में सरकार के बढ़ते फोकस, घरेलू रक्षा उत्पादन को बढ़ावा और मजबूत ऑर्डर बुक के कारण निवेशकों की दिलचस्पी इस सेक्टर में लगातार बढ़ती दिखाई दे रही है. यही वजह है कि फंड मैनेजरों ने भी प्रमुख डिफेंस कंपनियों में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने का फैसला किया है.
एचएएल में खरीदे 1.75 लाख शेयर
मासिक पोर्टफोलियो आंकड़ों के अनुसार फंड ने अप्रैल में एचएएल के 1.75 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे. इसके बाद कंपनी में फंड की कुल हिस्सेदारी बढ़कर करीब 27.25 लाख शेयर हो गई, जबकि मार्च में यह 25.50 लाख शेयर थी. वहीं भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में फंड ने लगभग 9 लाख अतिरिक्त शेयर जोड़े. अप्रैल में फंड के पास कंपनी के कुल 3.50 करोड़ शेयर रहे, जबकि मार्च में यह आंकड़ा 3.41 करोड़ था.
इन 6 कंपनियों में भी बढ़ाया निवेश
एचडीएफसी डिफेंस फंड ने अप्रैल के दौरान केवल एचएएल और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में ही नहीं, बल्कि 6 अन्य कंपनियों में भी निवेश बढ़ाया. इनमें सबसे बड़ा दांव Aequs पर लगाया गया. फंड ने Aequs के 22.32 लाख अतिरिक्त शेयर खरीदे, जिसके बाद अप्रैल में कंपनी में कुल हिस्सेदारी बढ़कर 40 लाख शेयर हो गई. मार्च में यह आंकड़ा 17.68 लाख शेयर था. इसके अलावा BEML Limited, Bharat Forge Limited, Bosch Limited, Eicher Motors Limited और Premier Explosives Limited में भी फंड ने अपनी हिस्सेदारी बढ़ाई है.
केवल एक शेयर में घटाई हिस्सेदारी
अप्रैल के दौरान फंड ने केवल एक कंपनी में अपनी हिस्सेदारी कम की. फंड ने Rishabh Instruments Limited के 82,361 शेयर बेचे. इसके बाद अप्रैल में कंपनी में फंड की हिस्सेदारी घटकर 5.84 लाख शेयर रह गई, जबकि मार्च में यह 6.66 लाख शेयर थी. हालांकि फंड ने किसी भी कंपनी से पूरी तरह बाहर निकलने का फैसला नहीं किया और न ही किसी नए शेयर को पोर्टफोलियो में शामिल किया.
22 शेयरों वाला पोर्टफोलियो बरकरार
अप्रैल में फंड के पोर्टफोलियो में कुल 22 शेयर शामिल रहे, जो मार्च के बराबर है. फंड की हिस्सेदारी कई प्रमुख डिफेंस और इंडस्ट्रियल कंपनियों में बनी हुई है. फंड की कुल एसेट अंडर मैनेजमेंट यानी एयूएम अप्रैल 2026 तक 9123 करोड़ रुपये रही. पोर्टफोलियो में लगभग 49.43 फीसद हिस्सेदारी लार्ज कैप कंपनियों में, 19.05 फीसद मिड कैप में और 28.79 फीसद स्मॉल कैप शेयरों में निवेश किया गया है.
नेट एसेट वैल्यू के हिसाब से फंड की सबसे बड़ी हिस्सेदारी भारत इलेक्ट्रॉनिक्स में करीब 16.55 फीसद रही. इसके बाद भारत फोर्ज में फंड का आवंटन 14.57 फीसद दर्ज किया गया. 2 जून 2023 को लॉन्च किए गए इस फंड का मैनेजमेंट राहुल बैजल और प्रिया रंजन कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: Gameskraft पर ED का बड़ा शिकंजा, बैंकों में जमा 526 करोड़ रुपये फ्रीज; जानें क्या है मामला
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
Latest Stories
अप्रैल में इक्विटी फंड में निवेश 5 फीसदी गिरकर 38,440 करोड़ रहा, SIP कंट्रीब्यूशन 31115 करोड़ पर स्थिर
ETF से Contra Fund तक… इस हफ्ते निवेश के लिए खुले कई नए फंड, क्या आपने देखी पूरी लिस्ट?
गिरते बाजार में भी MFs और रिटेल निवेशकों ने खरीदे ये शेयर, कई स्टॉक्स 25% से ज्यादा टूटे; फिर भी बढ़ी हिस्सेदारी
