TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

क्या आप भी करते हैं क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल? जून में बदल जाएंगे ये नियम; जानें क्या होगा असर

जून 2025 से HDFC, एक्सिस, कोटक महिंद्रा और अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक अपने क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव करने जा रहे हैं. इन बदलावों में एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस, कैशबैक, रिवॉर्ड पॉइंट्स और शुल्कों से जुड़े महत्वपूर्ण अपडेट शामिल हैं. यदि आप इन बैंकों के क्रेडिट कार्ड यूजर हैं, तो जानिए कैसे ये बदलाव आपके फायदे और कार्ड इस्तेमाल के तरीके को प्रभावित करेंगे.

क्रेडिट कार्ड नियम में बदलाव Image Credit: money9live.com

Credit card rule changes: मई अपने अंतिम चरण में है और रविवार से जून दस्तक दे देगा. जून 2025 में कई प्रमुख बैंक अपने क्रेडिट कार्ड के नियमों में बदलाव करने वाले हैं. HDFC बैंक, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक और अमेरिकन एक्सप्रेस के क्रेडिट कार्ड्स में बड़े बदलाव हो रहे हैं, जो आपके रिवॉर्ड पॉइंट्स, कैशबैक, एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस और ईंधन पर मिलने वाले फायदों को सीधे प्रभावित करेंगे. इन बदलावों से आपके कार्ड के लाभ कमाने और उनके इस्तेमाल का तरीका बदल सकता है. यदि आप इन बैंकों के कार्ड यूजर हैं, तो जान लीजिए कि क्या बदल रहा है और ये बदलाव कब से लागू होंगे.

HDFC बैंक क्रेडिट कार्ड: 10 जून 2025 से एयरपोर्ट लाउंज में एंट्री के नियमों में बदलाव

10 जून 2025 से HDFC बैंक अपने टाटा न्यू इनफिनिटी और टाटा न्यू प्लस क्रेडिट कार्ड्स के लाउंज एक्सेस नियमों में बदलाव कर रहा है. अब कार्डधारक सीधे कार्ड स्वाइप करके एयरपोर्ट लाउंज में प्रवेश नहीं कर सकेंगे, बल्कि बैंक तिमाही खर्च के आधार पर पात्र ग्राहकों को लाउंज एक्सेस वाउचर देगा. यानी, ग्राहकों को हर तिमाही में एक निर्धारित राशि खर्च करनी होगी, तभी उन्हें लाउंज एक्सेस का लाभ मिलेगा.

कोटक महिंद्रा बैंक: 1 जून 2025 से चार्ज में बदलाव

1 जून 2025 से कोटक महिंद्रा बैंक अपने क्रेडिट कार्ड्स पर कई नए शुल्क लागू करने जा रहा है. इसमें फेल्ड स्टैंडिंग इंस्ट्रक्शन, डायनेमिक करेंसी कन्वर्जन, और यूटिलिटी बिल, एजुकेशन पेमेंट, वॉलेट लोडिंग, गेमिंग और पेट्रोल-डीजल जैसे खर्चों पर अतिरिक्त चार्ज शामिल हैं. ये बदलाव ग्राहकों को मिलने वाले कैशबैक और रिवॉर्ड पॉइंट्स को प्रभावित कर सकते हैं.

एक्सिस बैंक क्रेडिट कार्ड्स: 20 जून 2025 से नियमों में बदलाव

20 जून 2025 से एक्सिस बैंक अपने फ्लिपकार्ट और रिवार्ड्स क्रेडिट कार्ड्स के नियमों में बदलाव कर रहा है. फ्लिपकार्ट कार्ड पर Myntra से की गई खरीदारी पर मिलने वाला कैशबैक बढ़ेगा, लेकिन अब इस कार्ड पर फ्री एयरपोर्ट लाउंज एक्सेस की सुविधा नहीं मिलेगी. वहीं, रिवार्ड्स कार्ड पर अब सभी खर्चों पर रिवार्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे और वार्षिक शुल्क माफ करवाने के लिए पहले से अधिक खर्च करना होगा. ये बदलाव कार्ड यूजर्स के फायदों को प्रभावित कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें: सोमवार को होगी Aegis Vopak और Leela Hotels के IPO की लिस्टिंग, GMP से जानें कितना हो सकता है फायदा

अमेरिकन एक्सप्रेस गोल्ड चार्ज कार्ड: 12 जून 2025 से रिवॉर्ड्स में बदलाव

12 जून 2025 से अमेरिकन एक्सप्रेस गोल्ड चार्ज कार्ड के नियमों में बड़ा बदलाव हो रहा है. अब पेट्रोल, डीजल या CNG की खरीद पर कोई रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं मिलेंगे. जो ग्राहक इस कार्ड का इस्तेमाल ईंधन भरवाने के लिए करते थे, उनके लिए यह नियम रिवॉर्ड पॉइंट्स कमाने के अवसर को सीमित कर देगा. अमेरिकन एक्सप्रेस ने स्पष्ट किया है कि ऑयल कंपनियों से की गई किसी भी तरह की ईंधन खरीद पर अब कोई रिवॉर्ड पॉइंट्स नहीं दिए जाएंगे.