बंद पड़े PF खातों से पैसा निकालना होगा आसान, सरकार लॉन्च कर रही है ‘E-PRAAPTI’ पोर्टल

EPFO जल्द ही E-PRAAPTI पोर्टल लॉन्च करने जा रहा है, जिससे करोड़ों कर्मचारियों को अपने पुराने और निष्क्रिय PF खातों तक आसानी से पहुंच मिल सकेगी. आधार आधारित इस सिस्टम के जरिए बिना UAN के भी फंसा हुआ पैसा निकाला जा सकेगा और क्लेम प्रोसेस पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा.

EPFO Image Credit: Money9live

अगर आपका भी पुराना पीएफ (PF) पैसा कहीं फंसा है या आप अपने पुराने खाते की डिटेल भूल गए हैं, तो अब चिंता की बात नहीं है. केंद्र सरकार कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सब्सक्राइबर्स के लिए एक डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘E-PRAAPTI’ लॉन्च करने जा रही है. इसकी मदद से करोड़ों कर्मचारी अपने उन पुराने और निष्क्रिय (Dormant) खातों को फिर से सक्रिय कर सकेंगे, जो फिलहाल उनके यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) से लिंक नहीं हैं.

केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को इस पोर्टल की घोषणा करते हुए इसे ‘यूजर-ड्रिवन’ सिस्टम बताया, जहां कर्मचारी खुद अपने खाते का प्रबंधन कर सकेंगे.

क्या है E-PRAAPTI और यह कैसे करेगा काम?

E-PRAAPTI का पूरा नाम ‘EPF Aadhaar-Based Access Portal for Tracking Inoperative Accounts’ है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें पुराने खातों को खोजने या प्रोफाइल अपडेट करने के लिए अब नियोक्ता (Employer) के चक्कर नहीं काटने होंगे.

  • पुराने खातों की पहचान और उन्हें एक्टिवेट करने के लिए आधार वेरिफिकेशन का इस्तेमाल होगा.
  • अगर आपका पुराना खाता UAN से लिंक नहीं है, तो भी आप इस पोर्टल के जरिए उसे एक्सेस कर पाएंगे.
  • पहले चरण में उन लोगों को मदद मिलेगी जिनके पास पुरानी मेंबर आईडी है. अगले चरण में उन लोगों के लिए सुविधा शुरू होगी जो अपनी मेंबर आईडी तक भूल चुके हैं.

EPFO के दावों के निपटारे में रिकॉर्ड उछाल

ईपीएफओ अब केवल नियम बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि दावों के निपटारे (Claim Settlement) में भी तेजी आई है. आंकड़ों पर नजर डालें तो:

  • वित्त वर्ष 2025-26 यानी इस साल रिकॉर्ड 8.31 करोड़ दावों का निपटारा किया गया.
  • पिछले वित्त वर्ष में यह आंकड़ा 6.01 करोड़ था, यानी करीब 38% की भारी बढ़ोतरी.
  • एडवांस विड्रॉल जैसे अधिकांश दावों को अब ‘ऑटो मोड’ के जरिए मात्र 3 दिन में प्रोसेस किया जा रहा है.
  • चेक बुक की कॉपी अपलोड करने की अनिवार्यता खत्म करने और बैंक सीडिंग को आसान बनाने से आम आदमी को बड़ी राहत मिली है.

यह भी पढ़ें: 8th CPC Meeting में Shiv Gopal Mishra ने रख दी बड़ी मांगें! Old Pension Scheme की होगी वापसी?

5.5 करोड़ से ज्यादा लोगों ने निकाला एडवांस पैसा

आंकड़े बताते हैं कि लोग अपनी वित्तीय जरूरतों के लिए पीएफ के पैसे पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं. कुल दावों में से 5.51 करोड़ दावे ‘एडवांस’ या आंशिक निकासी के थे. मंत्री मांडविया के अनुसार, नया पोर्टल न केवल इनऑपरेटिव खातों में फंसे भारी-भरकम फंड को अनलॉक करेगा, बल्कि कागजी कार्रवाई को खत्म कर पारदर्शिता भी लाएगा.

सरकार का लक्ष्य पीएफ निकासी की प्रक्रिया को इतना सरल बनाना है कि किसी भी कर्मचारी का हक सिर्फ तकनीकी जटिलताओं की वजह से न फंसे.