1 अक्टूबर से बदलेंगे FD के नियम, जानिए आम निवेशकों पर क्या होगा असर

RBI के नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. समान FD पर सभी शाखाओं में एक जैसी ब्याज दर होगी. बैंक रेट पहले बताएंगे और ₹3 करोड़ या ज्यादा की बल्क FD की ब्याज दर रोजाना वेबसाइट पर अपडेट करनी होगी.

फिक्स्ड डिपॉजिट Image Credit:

अगर आप बैंक में फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD कराते हैं तो आपके लिए जरूरी खबर है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने बैंक डिपॉजिट की ब्याज दरों से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. ये नए नियम 1 अक्टूबर 2026 से लागू होंगे. इनका मकसद FD की ब्याज दरों में पारदर्शिता बढ़ाना और ग्राहकों के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करना है.

एक जैसी FD पर अलग-अलग ब्याज नहीं

नए नियमों के तहत एक ही दिन स्वीकार की गई समान राशि और समान शर्तों वाली जमा पर बैंक की अलग-अलग शाखाओं में अलग ब्याज दर नहीं होगी. यानी किसी ग्राहक को एक शाखा में और दूसरे ग्राहक को दूसरी शाखा में उसी तरह की FD पर अलग रेट देने की गुंजाइश नहीं होगी. इससे FD कराने वाले ग्राहकों के लिए बैंक की ब्याज दरों की तुलना करना आसान होगा. खासकर छोटे और सामान्य निवेशकों को इसका फायदा मिल सकता है.

बैंक को पहले बतानी होगी FD की ब्याज दर

नए नियमों में बैंकों को FD की ब्याज दरों की जानकारी पहले से अपनी वेबसाइट पर उपलब्ध करानी होगी. इससे ग्राहक FD खोलने से पहले यह देख सकेंगे कि अलग-अलग अवधि और जमा राशि पर कितना ब्याज मिल रहा है. इसका फायदा यह होगा कि ग्राहक बिना बैंक की शाखा पर जाए भी उपलब्ध FD दरों की जानकारी हासिल कर सकेंगे. इससे अलग-अलग बैंकों की योजनाओं की तुलना करना भी आसान होगा.

₹3 करोड़ या उससे ज्यादा की FD पर अलग नियम

RBI ने ₹3 करोड़ या उससे ज्यादा की एकल टर्म डिपॉजिट को बल्क डिपॉजिट माना है. ऐसे बड़े डिपॉजिट पर बैंकों को ब्याज दर तय करने में पहले के मुकाबले ज्यादा लचीलापन मिलेगा. बैंक इन बड़ी जमाओं की ब्याज दर तय करते समय अपनी लिक्विडिटी जरूरत और जमा के संभावित निकासी व्यवहार जैसे कारकों को ध्यान में रख सकते हैं. इसका असर मुख्य रूप से बड़े निवेशकों, कंपनियों और संस्थागत जमाकर्ताओं पर पड़ेगा.

बल्क FD की दर रोज वेबसाइट पर अपडेट होगी

नए नियमों के तहत बैंक बल्क डिपॉजिट पर लागू ब्याज दरों को अपनी वेबसाइट पर हर कारोबारी दिन प्रकाशित करेंगे. ये दरें सुबह 10 बजे तक उपलब्ध करानी होंगी. अधिकतम 10 मिनट की ग्रेस अवधि के साथ यह जानकारी 10:10 बजे तक वेबसाइट पर होनी चाहिए. इससे बड़े निवेशकों को रोजाना उपलब्ध ब्याज दरों की जानकारी मिल सकेगी और वे बेहतर फैसला ले पाएंगे.

आम FD निवेशकों को क्या करना होगा?

अगर आपकी FD ₹3 करोड़ से कम है तो इन बदलावों से घबराने की जरूरत नहीं है. नए नियमों का मुख्य उद्देश्य ब्याज दरों में पारदर्शिता और समानता बढ़ाना है. इसका मतलब यह नहीं है कि 1 अक्टूबर से सभी FD की ब्याज दरें अपने आप बढ़ जाएंगी या घट जाएंगी. मौजूदा FD पर भी केवल इन नियमों के कारण बीच में ब्याज दर बदलने की बात नहीं है. नए नियमों का ज्यादा असर नई FD और बड़ी यानी बल्क डिपॉजिट की दरों पर पड़ेगा. कुल मिलाकर, RBI के नए नियम FD निवेशकों को ब्याज दरों की स्पष्ट जानकारी देने और अलग-अलग शाखाओं के बीच दरों में भेदभाव रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं.

यह भी पढ़ें- 8th pay commission: आखिर क्या है फिटमेंट फैक्टर, जिससे तय होगी लाखों कर्मचारियों की सैलरी, समझें इसका गणित