FD और पोस्ट ऑफिस स्कीम में कहां मिलेगा ज्यादा रिटर्न, 1 से 5 साल के निवेश से पहले समझ लें फर्क

सुरक्षित निवेश के लिए बैंक FD और पोस्ट ऑफिस स्कीम दो सबसे पसंदीदा विकल्प हैं.1 से 3 साल के निवेश में बैंक FD बेहतर लिक्विडिटी और अच्छे रिटर्न देती है.वहीं 5 साल की अवधि में पोस्ट ऑफिस की योजनाएं अधिक ब्याज के साथ आगे नजर आती हैं.पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट, NSC और SCSS जैसी योजनाएं कई बैंकों की FD से ज्यादा रिटर्न दे रही हैं.

सुरक्षित निवेश के लिए बैंक FD और पोस्ट ऑफिस स्कीम दो सबसे पसंदीदा विकल्प हैं. Image Credit:

Fixed Deposit: जो लोग सुरक्षित निवेश चाहते हैं, उनके लिए बैंक FD और पोस्ट ऑफिस स्कीम आज भी सबसे भरोसेमंद विकल्प बने हुए हैं. दोनों में पैसा सुरक्षित रहता है और तय रिटर्न मिलता है. लेकिन ब्याज दर, लॉक इन, टैक्स और पैसे निकालने के नियमों में काफी फर्क है. ऐसे में निवेश से पहले यह समझना जरूरी है कि किस अवधि में कौन सा विकल्प बेहतर रिटर्न दे सकता है. 1 साल, 3 साल और 5 साल के निवेश में दोनों के फायदे अलग अलग नजर आते हैं. सही चुनाव आपकी जरूरत और निवेश अवधि पर निर्भर करता है.

1 साल के निवेश में क्या है बेहतर विकल्प

अगर आप 1 साल के लिए पैसा निवेश करना चाहते हैं तो बैंक FD और पोस्ट ऑफिस टाइम डिपॉजिट दोनों अच्छे विकल्प हैं. इस समय कई बैंक 6.20 फीसदी से 7.40 फीसदी तक ब्याज दे रहे हैं. वहीं पोस्ट ऑफिस 1 साल टाइम डिपॉजिट पर करीब 6.9 फीसदी ब्याज मिल रहा है. बैंक FD का फायदा यह है कि इसमें जरूरत पड़ने पर समय से पहले पैसा निकालना आसान है. इसलिए कम समय के निवेश के लिए FD अधिक लचीला विकल्प माना जा सकता है.

3 साल के निवेश में कौन आगे

3 साल की अवधि में पोस्ट ऑफिस और बैंक FD के बीच मुकाबला काफी करीब है. पोस्ट ऑफिस 3 साल टाइम डिपॉजिट पर करीब 7.1 फीसदी ब्याज दे रहा है. वहीं बैंक FD में ब्याज दर 6.25 फीसदी से 7.40 फीसदी तक है. कुछ प्राइवेट बैंक इससे बेहतर रिटर्न दे रहे हैं. लेकिन पोस्ट ऑफिस स्कीम सरकारी गारंटी के साथ आती है. ऐसे में सुरक्षित निवेश चाहने वाले लोगों के लिए यह मजबूत विकल्प बन जाता है.

5 साल के निवेश में पोस्ट ऑफिस को बढ़त

5 साल के निवेश में पोस्ट ऑफिस स्कीम बैंक FD से आगे नजर आती है. पोस्ट ऑफिस 5 साल टाइम डिपॉजिट पर करीब 7.5 फीसदी और नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट पर करीब 7.7 फीसदी ब्याज दे रहा है. वहीं ज्यादातर बैंक FD इस अवधि में 6 फीसदी से 6.75 फीसदी के बीच रिटर्न दे रही हैं. सीनियर सिटिजन सेविंग्स स्कीम में 8.2 फीसदी तक ब्याज मिल रहा है. इसलिए लंबी अवधि के निवेश में पोस्ट ऑफिस ज्यादा आकर्षक विकल्प बन सकता है.

यह भी पढ़ें- टैक्स फ्री कमाई और गारंटीड रिटर्न! सुकन्या समृद्धि योजना में कितना निवेश करने पर बनेंगे 50 लाख रुपये? जानें पूरा गणित

निवेशक क्या ध्यान रखें

अगर आपको निवेश में लिक्विडिटी चाहिए और बीच में पैसे निकालने की सुविधा जरूरी है तो बैंक FD बेहतर हो सकती है. लेकिन अगर आपकी प्राथमिकता ज्यादा सुरक्षा और बेहतर रिटर्न है तो पोस्ट ऑफिस स्कीम पर विचार किया जा सकता है. पोस्ट ऑफिस स्कीम को भारत सरकार का समर्थन मिलता है जबकि बैंक FD पर 5 लाख रुपये तक बीमा सुरक्षा मिलती है. इसके अलावा कुछ पोस्ट ऑफिस योजनाओं में टैक्स बचत का लाभ भी मिलता है. निवेश से पहले अपनी जरूरत, अवधि और रिटर्न को ध्यान में रखकर फैसला लेना बेहतर रहेगा.

Latest Stories