बेरोजगारी के बीच मोदी सरकार का बड़ा दांव! पहली नौकरी पर ₹15,000; कंपनियों को भी मिलेगा फायदा
देश में बेरोजगारी की चुनौतियों के बीच केंद्र सरकार ने रोजगार सृजन को गति देने के लिए प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) की शुरुआत की है. इस योजना के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ₹2,400 करोड़ की प्रोत्साहन राशि जारी की है, जिसका उद्देश्य युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ना और कंपनियों को नई भर्तियां करने के लिए प्रोत्साहित करना है.
PM-VBRY के अंतर्गत, पहली बार नौकरी शुरू करने वाले युवाओं को सरकार की ओर से ₹15,000 तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है, जिससे उन्हें शुरुआती खर्चों में मदद मिलती है. वहीं, जो कंपनियां नए कर्मचारियों को नियुक्त करती हैं, उन्हें प्रति अतिरिक्त कर्मचारी पर प्रतिमाह ₹3,000 तक का प्रोत्साहन मिल सकता है. इस योजना का लक्ष्य अगले दो वर्षों में 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करना है, जिसमें से लगभग 1.92 करोड़ पहली बार नौकरी पाने वाले होंगे. ईपीएफओ के दायरे में कर्मचारियों की संख्या बढ़ाना और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना भी इसके प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है. अब तक 60 लाख से अधिक कर्मचारी इस योजना से जुड़ चुके हैं, जिसमें बड़ी संख्या में युवा और महिलाएं शामिल हैं.
