NPS में खाता खोलना हुआ बेहद आसान, अब घर बैठे मिनटों में होगा रजिस्ट्रेशन, PFRDA ने लॉन्च किया StAR पोर्टल
पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने NPS ग्राहकों के लिए नया डिजिटल प्लेटफॉर्म StAR NPS लॉन्च किया है. इस प्लेटफॉर्म के जरिए National Pension System में खाता खोलने की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएगी. KYC की पुष्टि CKYC और DigiLocker के माध्यम से होगी. सफल रजिस्ट्रेशन और पहली जमा राशि के बाद PRAN जारी किया जाएगा.

StAR NPS: देश में रिटायरमेंट बचत को बढ़ावा देने के लिए पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने NPS ग्राहकों के लिए एक नया डिजिटल प्लेटफॉर्म StAR NPS लॉन्च किया है. यह प्लेटफॉर्म BSE Technologies Private Limited (BTPL) ने विकसित किया है. इसकी मदद से National Pension System (NPS) में खाता खोलने का पूरा प्रोसेस ऑनलाइन और आसान हो जाएगी. PFRDA का कहना है कि इससे ग्राहकों को तेजी से ऑनबोर्डिंग की सुविधा मिलेगी. फिलहाल इस प्लेटफॉर्म का उपयोग Points of Presence (PoPs) के माध्यम से किया जाएगा. नया सिस्टम NPS से जुड़ी प्रक्रियाओं को अधिक सरल और ट्रांसपेरेंसी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
क्या है StAR NPS प्लेटफॉर्म
StAR NPS एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे NPS ग्राहकों की ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए तैयार किया गया है. इसके जरिये PoPs और उनके पेंशन एजेंट नए ग्राहकों को पूरी तरह डिजिटल तरीके से NPS से जोड़ सकेंगे. यह प्लेटफॉर्म NPS इकोसिस्टम की विभिन्न संस्थाओं जैसे Central Recordkeeping Agencies (CRA) और Trustee Bank के साथ इंटीग्रेट रहेगा. इससे डॉक्यूमेंट की जांच और खाता खोलने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले अधिक तेज होगी.
पूरी तरह डिजिटल होगी ऑनबोर्डिंग प्रक्रिया
StAR NPS प्लेटफॉर्म पर ग्राहक का रजिस्ट्रेशन पूरी तरह डिजिटल तरीके से होगा. ग्राहक की जानकारी ऑनलाइन ली जाएगी और KYC की पुष्टि CKYC या DigiLocker के माध्यम से की जाएगी. सभी जरूरी फॉर्मेलिटी पूरी होने के बाद ग्राहक अपना पहला कंट्रीब्यूशन जमा कर सकेगा. इसके बाद राशि Trustee Bank को भेजी जाएगी. पेमेंट की पुष्टि होने पर CRA सिस्टम के जरिये PRAN नंबर जारी कर दिया जाएगा.
निवेश विकल्प चुनने की पूरी आजादी
PFRDA ने स्पष्ट किया है कि StAR NPS प्लेटफॉर्म पर खाता खोलने वाले ग्राहकों को पहले की तरह सभी निवेश विकल्प उपलब्ध रहेंगे. ग्राहक अपनी पसंद का Pension Fund Manager चुन सकते हैं. इसके अलावा निवेश का तरीका और एसेट एलोकेशन भी अपनी जरूरत के अनुसार तय कर सकेंगे. यानी नया प्लेटफॉर्म केवल प्रक्रिया को आसान बनाएगा, निवेश संबंधी स्वतंत्रता पर इसका कोई प्रभाव नहीं पडे़गा.
फिलहाल कौन सी सर्विस मिलेंगी
वर्तमान में StAR NPS प्लेटफॉर्म के जरिये तीन मेन सर्विस उपलब्ध कराई गई हैं. पहली, नए NPS ग्राहकों का रजिस्ट्रेशन. दूसरी, रजिस्ट्रेशन के समय पहली राशि जमा करना. तीसरी, खाता खुलने के बाद आगे के NPS योगदान जमा करना. आने वाले समय में इस प्लेटफॉर्म पर और भी सर्विस जोड़ी जा सकती हैं ताकि ग्राहकों को अधिक सुविधाएं मिल सकें.
कौन लोग कर सकेंगे StAR NPS का यूज
अभी यह सुविधा केवल भारत में रहने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध है. StAR NPS प्लेटफॉर्म का उपयोग 18 वर्ष से लेकर 85 वर्ष तक की उम्र के व्यक्ति कर सकते हैं. PFRDA ने यह भी कहा है कि PoPs को प्लेटफॉर्म के उपयोग के लिए BTPL के साथ End User Agreement करना होगा. साथ ही NPS से जुड़ी सभी रेगुलेटरी जिम्मेदारियां पहले की तरह PoPs की ही रहेंगी.