Toyota Ebella Vs Vitara Vs Creta: फीचर्स और बैटरी का मुकाबला; जानें किस EV SUV में है ज्यादा दम?

भारत का इलेक्ट्रिक SUV बाजार अब पहले से कहीं ज्यादा कंपटीटिव हो गया है. Toyota Ebella, Maruti e-Vitara और Hyundai Creta Electric तीनों अपने-अपने क्षेत्र में मजबूत दावेदारी पेश करती हैं. ऐसे में आइए जानते हैं तीनों में ज्यादा बेहतर कौन है और किसे खरीदना है फायदे का सौदा.

टोयोटा एबेला बनाम मारुति ई-विटारा बनाम हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक

Toyota Ebella Vs e-Vitara Vs Creta Electric: भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों का बाजार तेजी से बढ़ रहा है और अब ग्राहकों के पास पहले से ज्यादा विकल्प मौजूद हैं. इसी बीच Toyota Urban Cruiser Ebella, Maruti Suzuki e-Vitara और Hyundai Creta Electric ने बाजार में नई चर्चा छेड़ दी है. तीनों अलग-अलग ताकत के साथ ग्राहकों को आकर्षित करने की कोशिश कर रही हैं. कोई बड़ी बैटरी और बेहतर रेंज पर जोर दे रही है तो कोई फीचर्स और प्रीमियम अनुभव पर. ऐसे में नई इलेक्ट्रिक SUV खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए इन तीनों मॉडलों की तुलना काफी अहम हो जाती है.

Toyota Ebella: बड़ी बैटरी और भरोसेमंद ब्रांड की ताकत

Toyota Urban Cruiser Ebella उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है जो मजबूत बिल्ड क्वालिटी, भरोसेमंद ब्रांड और लंबी अवधि के सेंस ऑफ ओनरशिप को प्राथमिकता देते हैं. इसमें 172 BHP का इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है, जो दमदार परफॉर्मेंस देने में सक्षम है. इसके साथ मिलने वाला 61 kWh बैटरी पैक अपने कई कंपटीटिव की तुलना में बड़ा है.

फीचर्स की बात करें तो इसमें 10-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल ड्राइवर सीट, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, JBL ऑडियो सिस्टम, PM 2.5 एयर फिल्टर, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और ADAS लेवल-2 जैसे आधुनिक फीचर्स मिलते हैं. सुरक्षा के लिए 7 एयरबैग, 360 डिग्री कैमरा, ऑल-व्हील डिस्क ब्रेक और कई एडवांस सेफ्टी सिस्टम दिए गए हैं.

हालांकि इसके कुछ कमजोर पक्ष भी हैं. पीछे बैठने वाले लंबे यात्रियों को हेडरूम और लेगरूम की कमी महसूस हो सकती है. बूट स्पेस भी कई प्रतिद्वंद्वियों से कम है और खराब सड़कों पर इसका सस्पेंशन थोड़ा सख्त महसूस हो सकता है.

Maruti e-Vitara: बड़े नेटवर्क और भरोसे की उम्मीद

Maruti Suzuki e-Vitara कंपनी की इलेक्ट्रिक मोबिलिटी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है. भारत में मारुति का विशाल सर्विस नेटवर्क और मजबूत ग्राहक आधार इसकी सबसे बड़ी ताकत है. यही वजह है कि इस मॉडल से बाजार को काफी उम्मीदें हैं.

e-Vitara उन ग्राहकों को आकर्षित कर सकती है जो इलेक्ट्रिक वाहन खरीदते समय आसान सर्विस, कम मेंटेनेंस और भरोसेमंद आफ्टर-सेल्स सपोर्ट को महत्व देते हैं. हालांकि लॉन्च के बाद ही इसके रीयल परफॉर्मेंस, रेंज और ग्राहकों की प्रतिक्रिया का सही आकलन किया जा सकेगा. फिर भी मारुति की ब्रांड वैल्यू और देशभर में फैले नेटवर्क के कारण यह मॉडल बड़ी संख्या में ग्राहकों को आकर्षित करने की क्षमता रखती है.

Hyundai Creta Electric: फीचर्स और परफॉर्मेंस का दमदार पैकेज

Hyundai Creta Electric उन ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बन सकती है जो फीचर्स और ड्राइविंग अनुभव के बीच संतुलन चाहते हैं. इसमें 168 BHP का इलेक्ट्रिक मोटर दिया गया है और कंपनी के अनुसार यह SUV 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार केवल 7.9 सेकंड में पकड़ सकती है.

इसमें 200 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस मिलता है, जो भारतीय सड़कों के हिसाब से काफी उपयोगी माना जाता है. फीचर्स की लिस्ट भी लंबी है. इसमें वेंटिलेटेड और इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल सीटें, पैनोरमिक सनरूफ, डिजिटल की, 360 डिग्री कैमरा, Bose साउंड सिस्टम, V2L चार्जिंग, रियर सीट रिक्लाइन फंक्शन और ADAS लेवल-2 जैसी सुविधाएं मिलती हैं.

हालांकि इसकी बैटरी क्षमता और रेंज कुछ प्रतिद्वंद्वी मॉडलों से कम मानी जा रही है.

किसके लिए कौन सी SUV बेहतर?

अगर आपकी प्राथमिकता बड़ी बैटरी, भरोसेमंद ब्रांड और लंबे समय का स्वामित्व अनुभव है तो Toyota Ebella एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आती है. यदि आप फीचर्स, तकनीक और प्रीमियम अनुभव को ज्यादा महत्व देते हैं तो Hyundai Creta Electric आपको आकर्षित कर सकती है. वहीं Maruti e-Vitara उन ग्राहकों के लिए दिलचस्प विकल्प साबित हो सकती है जो देशभर में आसान सर्विस और मजबूत नेटवर्क का लाभ लेना चाहते हैं.

इसे भी पढ़ें- Anant Raj के शेयर में आ सकती है 48% की तेजी, Ventura ने दी BUY रेटिंग, 5 साल में 752% भागा स्टॉक