ITR भरने की आज आखिरी तारीख; ITR-1, ITR-2, ITR-3 और ITR-4 में क्या फर्क है? समझिए पूरी बात

ITR सिर्फ टैक्स भरने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आपकी आय और वित्तीय स्थिति का भी महत्वपूर्ण प्रमाण होता है. बैंक और वित्तीय संस्थान होम लोन देते समय ITR को महत्वपूर्ण दस्तावेज मानते हैं. इसके अलावा नियमित ITR फाइल करने का रिकॉर्ड होने पर क्रेडिट कार्ड मिलने और अच्छी क्रेडिट लिमिट मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.

Highlights

  • सही ITR फॉर्म चुनना सबसे जरूरी
  • किन लोगों को 31 अगस्त तक का समय मिलेगा?
  • रिटर्न भरने के बाद e-Verification करना न भूलें

Income Tax Return : अगर आपने अभी तक अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) दाखिल नहीं किया है, तो आज आपके लिए बेहद अहम दिन है. 31 जुलाई ITR-1 और ITR-2 भरने वाले पात्र टैक्सपेयर्स के लिए आखिरी तारीख है. टैक्स जानकारों का कहना है कि अंतिम समय तक इंतजार करने से पोर्टल पर ज्यादा ट्रैफिक, तकनीकी दिक्कतें और छोटी-छोटी गलतियां परेशानी का कारण बन सकती हैं.

सबसे पहले ये जरूरी काम कर लें

ITR फाइल करने से पहले इन बातों की जांच जरूर करें,

  • PAN और Aadhaar सही तरीके से लिंक हैं या नहीं.
  • बैंक खाता सही दर्ज है और इनकम टैक्स पोर्टल पर प्री-वैलिडेटेड है.
  • अगर रिफंड बनता है तो उसी बैंक खाते में आएगा.
  • Form 16, Form 26AS और AIS से मिलान जरूर करें

रिटर्न भरने से पहले अपनी आय का मिलान इन दस्तावेजों से करें,

  • Form 16
  • Form 26AS
  • Annual Information Statement (AIS)

इनमें दर्ज सैलरी, ब्याज से हुई कमाई, TDS और अन्य आय की जानकारी आपके ITR से मेल खानी चाहिए. इससे भविष्य में टैक्स विभाग का नोटिस आने की संभावना कम रहती है.

सही ITR फॉर्म चुनना सबसे जरूरी

कई लोग गलत ITR फॉर्म भर देते हैं, जिससे उनका रिटर्न ‘डिफेक्टिव’ माना जा सकता है. इसलिए पहले यह समझ लें कि कौन-सा फॉर्म किसके लिए है.

ITR-1

यह फॉर्म उन लोगों के लिए है,

जिनकी सालाना आय 50 लाख रुपये तक है.
जिनकी कमाई केवल सैलरी, एक मकान और ब्याज से होती है.
जिनकी आय में बिजनेस या कैपिटल गेन शामिल नहीं है.

ITR-2

यह फॉर्म उन लोगों के लिए है,

  • जिनकी आय 50 लाख रुपये से अधिक है.
  • जिनकी शेयर, म्यूचुअल फंड या प्रॉपर्टी बेचने से कैपिटल गेन हुई है.
  • जिनके पास एक से अधिक मकान हैं.
  • जिनकी विदेश में संपत्ति या विदेशी आय है.

ITR-3

यह फॉर्म उन लोगों के लिए है, जो बिजनेस या प्रोफेशन से कमाई करते हैं. जैसे दुकानदार, डॉक्टर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट, फ्रीलांसर, कंसल्टेंट आदि.

ITR-4

यह फॉर्म उन छोटे कारोबारियों और प्रोफेशनल्स के लिए है जो Presumptive Taxation Scheme के तहत टैक्स भरते हैं. इसमें छोटे व्यापारी, प्रोफेशनल और कुछ स्वरोजगार करने वाले लोग शामिल होते हैं.

रिटर्न भरने के बाद e-Verification करना न भूलें

सिर्फ ITR भर देना ही काफी नहीं है. उसे e-Verify भी करना जरूरी है. अगर आपने e-Verification नहीं किया, तो आपका ITR वैध नहीं माना जाएगा.

ये गलतियां बिल्कुल न करें

टैक्स के जानकारों के अनुसार लोग अक्सर ये गलतियां करते हैं—

  • गलत ITR फॉर्म चुन लेना.
  • सेविंग अकाउंट या FD का ब्याज छिपा देना.
  • AIS और Form 26AS का मिलान नहीं करना.
  • बैंक खाते की गलत जानकारी भरना.
  • कैपिटल गेन या टैक्स-फ्री आय की जानकारी नहीं देना.
  • ITR भरने के बाद e-Verification करना भूल जाना.

इन गलतियों की वजह से टैक्स विभाग की नोटिस आ सकती है और रिफंड मिलने में भी देरी हो सकती है.

किन लोगों को 31 अगस्त तक का समय मिलेगा?

अगर आप ITR-3 या ITR-4 भरते हैं और आपका मामला टैक्स ऑडिट के दायरे में नहीं आता, तो आप 31 अगस्त 2026 तक अपना ITR दाखिल कर सकते हैं. यह राहत मुख्य रूप से बिजनेस करने वाले, फ्रीलांसर, कंसल्टेंट, प्रोपराइटर और Presumptive Tax Scheme के तहत टैक्स भरने वालों के लिए है.

डेडलाइन बढ़ने की अफवाहों पर भरोसा न करें

जानकारों का कहना है कि जब तक सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा न हो, तब तक डेडलाइन बढ़ने की उम्मीद में इंतजार नहीं करना चाहिए. समय पर ITR भरने से लेट फीस, ब्याज और रिफंड में देरी जैसी परेशानियों से बचा जा सकता है.

होम लोन और क्रेडिट कार्ड में भी काम आता है ITR

ITR सिर्फ टैक्स भरने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह आपकी आय और वित्तीय स्थिति का भी महत्वपूर्ण प्रमाण होता है. बैंक और वित्तीय संस्थान होम लोन देते समय ITR को महत्वपूर्ण दस्तावेज मानते हैं. इसके अलावा नियमित ITR फाइल करने का रिकॉर्ड होने पर क्रेडिट कार्ड मिलने और अच्छी क्रेडिट लिमिट मिलने की संभावना भी बढ़ जाती है.