8वें वेतन आयोग पर अभी भी कई सवाल, लागू होने की तारीख से लेकर एरियर तक… 5 पॉइंट्स में जानें सबकुछ
सरकार ने 3 नवंबर 2025 को गजट नोटिफिकेशन जारी कर इस आयोग का गठन कर दिया था. इसके बाद अब आयोग कर्मचारियों, यूनियनों, पेंशनर्स और अलग-अलग मंत्रालयों से सुझाव लेने की प्रक्रिया में जुटा है. आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इन्हीं चर्चाओं के आधार पर कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों में बदलाव की तस्वीर तय होगी.
All About 8th Pay Comission: केंद्र सरकार के लाखों कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वां वेतन आयोग अब चर्चा का बड़ा विषय बन चुका है. सरकार ने 3 नवंबर 2025 को गजट नोटिफिकेशन जारी कर इस आयोग का गठन कर दिया था. इसके बाद अब आयोग कर्मचारियों, यूनियनों, पेंशनर्स और अलग-अलग मंत्रालयों से सुझाव लेने की प्रक्रिया में जुटा है. आने वाले दिनों में होने वाली बैठकों को काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इन्हीं चर्चाओं के आधार पर कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों में बदलाव की तस्वीर तय होगी.
सरकार के मुताबिक, 8वां वेतन आयोग करीब 1.1 करोड़ लोगों को प्रभावित करेगा. इसमें लगभग 50 लाख केंद्रीय कर्मचारी और 69 लाख पेंशनर्स शामिल हैं. आयोग का मकसद सिर्फ वेतन बढ़ाना नहीं, बल्कि महंगाई, देश की आर्थिक स्थिति और सरकारी खर्च को ध्यान में रखते हुए नई सैलरी संरचना तैयार करना है. माना जा रहा है कि आयोग की सिफारिशें 2027 तक लागू हो सकती हैं, लेकिन कर्मचारियों को जनवरी 2026 से एरियर का फायदा भी मिल सकता है.
क्या है 8वां वेतन आयोग
8वां केंद्रीय वेतन आयोग केंद्र सरकार द्वारा बनाया गया एक विशेष आयोग है, जो सरकारी कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्तों की समीक्षा करेगा. हर 10 साल में ऐसा आयोग बनाया जाता है ताकि महंगाई और बदलती आर्थिक स्थिति के हिसाब से वेतन में बदलाव किया जा सके.
| इवेंट | आधिकारिक तारीख |
|---|---|
| सरकार ने 8वें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी दी | जनवरी 2025 |
| केंद्रीय कैबिनेट ने टर्म्स ऑफ रेफरेंस (ToR) को मंजूरी दी | 28 अक्टूबर 2025 |
| गजट नोटिफिकेशन जारी हुआ | 3 नवंबर 2025 |
| आयोग का औपचारिक गठन हुआ | नवंबर 2025 |
| संभावित लागू होने की संदर्भ तिथि | 1 जनवरी 2026 |
| मेमोरेंडम जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाई गई | 31 मई 2026 |
| रिपोर्ट जमा करने की संभावित समयसीमा | गठन के 18 महीने के भीतर |
- आयोग में कौन-कौन शामिल हैं: इस आयोग की अध्यक्ष पूर्व सुप्रीम कोर्ट जज जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई हैं. वहीं प्रोफेसर पुलक घोष पार्ट टाइम सदस्य और पंकज जैन सदस्य सचिव बनाए गए हैं. आयोग का कार्यालय नई दिल्ली के चंद्रलोक बिल्डिंग, जनपथ में काम कर रहा है.
- कब से लागू हो सकता है नया वेतन: सरकार ने आयोग को रिपोर्ट देने के लिए 18 महीने का समय दिया है. ऐसे में माना जा रहा है कि मई-जून 2027 तक रिपोर्ट आ सकती है. हालांकि, नया वेतन जनवरी 2026 से लागू माना जा सकता है. अगर फैसला देर से होता है तो कर्मचारियों को एरियर भी दिया जा सकता है.
- फिटमेंट फैक्टर क्यों है सबसे अहम: वेतन आयोग में सबसे ज्यादा चर्चा फिटमेंट फैक्टर को लेकर होती है. यही वह फार्मूला होता है जिससे पुरानी बेसिक सैलरी को नई सैलरी में बदला जाता है. 7वें वेतन आयोग में फिटमेंट फैक्टर 2.57 था. फिलहाल 8वें वेतन आयोग के लिए कोई आधिकारिक फिटमेंट फैक्टर तय नहीं हुआ है.
- पेंशन और DA पर क्या होगा असर: सरकार ने साफ किया है कि पेंशन में भी बदलाव होगा. वहीं महंगाई भत्ता यानी DA को लेकर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है. आमतौर पर नया वेतन आयोग लागू होने पर DA को बेसिक सैलरी में जोड़ दिया जाता है और फिर DA दोबारा शून्य से शुरू होता है.
- किन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा: केंद्रीय कर्मचारी, रेलवे कर्मचारी और रक्षा कर्मी 8वें वेतन आयोग के दायरे में आएंगे. हालांकि, राज्य सरकारों के कर्मचारियों को इसका फायदा तभी मिलेगा जब संबंधित राज्य सरकार इसे लागू करेगी. कई राज्य पहले भी केंद्र की सिफारिशों को अपने हिसाब से लागू करते रहे हैं.
कर्मचारी यूनियन भी दे सकती हैं सुझाव
सरकार ने यूनियनों और संगठनों को सुझाव भेजने की अनुमति दी है. इसके लिए मेमोरेंडम जमा करने की अंतिम तारीख 31 मई 2026 तक बढ़ाई गई है. आयोग परिवार की जरूरतों, महंगाई, शिक्षा, इलाज और रोजमर्रा के खर्चों को ध्यान में रखते हुए नई सैलरी संरचना तैयार करेगा.
Latest Stories
दोस्तों और रिश्तेदारों को क्रेडिट कार्ड देना पड़ सकता है भारी, इनकम टैक्स डिपार्टमेंट भेज सकता है नोटिस
रेलवे पेंशनर्स की हुई बल्ले-बल्ले… बढ़ गया DR, इस महीने से खाते में आएगा ज्यादा पैसा, जानें पूरा हिसाब
गिग वर्करों को कम से कम 90 दिन करना होगा काम, वरना नहीं मिलेंगे पेंशन – इंश्योरेंस जैसे फायदे, जान ले नए नियम
