वेतन, भत्ते और पेंशन पर बात रखने का मौका, 8वें वेतन आयोग से मिलने के लिए ऐसे करें आवेदन

8वां केंद्रीय वेतन आयोग कर्मचारी और पेंशनभोगी संगठनों से बातचीत कर रहा है. आयोग अगस्त और सितंबर में जयपुर, चेन्नई, पुडुचेरी और चंडीगढ़ समेत कई जगहों पर बैठक करेगा. संबंधित संगठन, जिन्होंने अपना ज्ञापन जमा किया है और अभी आयोग से मुलाकात नहीं की है, बैठक के लिए समय मांग सकते हैं. आवेदन की अलग-अलग अंतिम तारीख तय की गई है.

8 TH पे कमीशन

Highlights

  • 8वां केंद्रीय वेतन आयोग कर्मचारी और पेंशनभोगी संगठनों से बातचीत कर रहा है.
  • आयोग अगस्त और सितंबर में जयपुर, चेन्नई, पुडुचेरी और चंडीगढ़ समेत कई जगहों पर बैठक करेगा.
  • आवेदन की अलग-अलग आखिरी तारीख तय की गई है.

8th Pay Commission: 8वें केंद्रीय वेतन आयोग की ओर से कर्मचारी और पेंशनभोगी संगठनों से बातचीत का दौर जारी है. आयोग अलग-अलग राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का दौरा कर रहा है, ताकि कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके संगठनों की मांगों को सीधे समझा जा सके.

इसी सिलसिले में आयोग ने जयपुर, चेन्नई, पुडुचेरी और चंडीगढ़ में होने वाली बैठकों का कार्यक्रम जारी किया है. जिन संबंधित संगठनों ने अपना ज्ञापन जमा कर दिया है और अभी तक आयोग से मुलाकात नहीं हुई है, वे बैठक के लिए समय मांग सकते हैं. आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर चेन्नई और पुडुचेरी की बैठकों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 दी गई है.

इन बैठकों में क्या होगा?

आयोग फिलहाल सलाह-मशवरे के चरण में है. इन बैठकों में कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और दूसरे संबंधित पक्षों से उनकी मांगों और सुझावों पर बातचीत की जा रही है.

कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, भत्ते, पेंशन और दूसरी सुविधाओं को लेकर मिलने वाले सुझाव आयोग की आगे की चर्चा में अहम हो सकते हैं.

सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को किया था. आयोग में पूर्व सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश न्यायमूर्ति रंजना प्रकाश देसाई अध्यक्ष हैं. पंकज जैन सदस्य-सचिव और प्रोफेसर पुलक घोष अंशकालिक सदस्य हैं.

जयपुर में 31 अगस्त से 1 सितंबर तक बैठक

8वां वेतन आयोग 31 अगस्त से 1 सितंबर 2026 तक जयपुर का दौरा करेगा. राजस्थान से जुड़े वे संगठन जो आयोग के सामने अपनी बात रखना चाहते हैं, वे मुलाकात के लिए समय मांग सकते हैं. इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 है.

चेन्नई में 7 और 8 सितंबर को बैठक

आयोग 7 और 8 सितंबर 2026 को चेन्नई में रहेगा. तमिलनाडु से जुड़े संबंधित संगठन, जिन्होंने आयोग को अपना ज्ञापन दिया है और अभी तक आयोग से बातचीत नहीं की है, बैठक के लिए समय मांग सकते हैं. इसके लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 है. आयोग ने चेन्नई दौरे के लिए आधिकारिक सूचना जारी की है.

पुडुचेरी में 9 सितंबर को बैठक

आयोग 9 सितंबर 2026 को पुडुचेरी का दौरा करेगा.इस बैठक में केवल पुडुचेरी केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े संबंधित संगठन हिस्सा लेने के लिए समय मांग सकते हैं. यहां भी आवेदन की अंतिम तारीख 18 अगस्त 2026 है.

चंडीगढ़ में 16 से 18 सितंबर तक बैठक

आयोग 16 से 18 सितंबर 2026 के बीच चंडीगढ़ में बैठक करेगा. इस बैठक के लिए पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ केंद्र शासित प्रदेश से जुड़े संबंधित संगठन आवेदन कर सकते हैं. इन संगठनों के लिए बैठक का समय मांगने की अंतिम तारीख 25 अगस्त 2026 है.

मुंबई में भी रेलवे कर्मचारियों से मुलाकात की तैयारी

आयोग की मुंबई यात्रा की तारीख अभी घोषित नहीं हुई है. हालांकि, रेलवे मंत्रालय ने पिछले महीने बताया था कि आयोग मुंबई में मध्य रेलवे क्षेत्र के रेलवे विभागों का दौरा करने की योजना बना रहा है. इस दौरान आयोग रेलवे कर्मचारियों के कामकाज और उनकी कार्य परिस्थितियों को करीब से समझने की कोशिश करेगा.

किन लोगों की मांगों पर होगा फैसला?

8वां वेतन आयोग केंद्र सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के वेतन, भत्ते और दूसरी सुविधाओं की समीक्षा कर रहा है. इसमें वेतन ढांचा, वेतन मैट्रिक्स, महंगाई भत्ता, महंगाई राहत, मकान किराया भत्ता, वेतन वृद्धि, पदोन्नति और दूसरी सुविधाएं शामिल हैं. आयोग को यह भी देखना है कि मौजूदा व्यवस्था में क्या बदलाव जरूरी हैं और सरकार के लिए कौन से बदलाव व्यावहारिक होंगे.

8वें वेतन आयोग से कितने लोगों को फायदा हो सकता है?

8वें वेतन आयोग की सिफारिशों से 1 करोड़ से ज्यादा लोगों को फायदा होने की उम्मीद है. इनमें करीब 50 लाख केंद्र सरकार के कर्मचारी और लगभग 65 लाख पेंशनभोगी शामिल हैं. इनमें रक्षा और रेलवे से जुड़े कर्मचारी और पेंशनभोगी भी शामिल हैं.

हालांकि, अभी वेतन में कितनी बढ़ोतरी होगी या नया वेतन ढांचा कैसा होगा, इसका फैसला आयोग की सिफारिशों के बाद ही साफ होगा.

आयोग की रिपोर्ट कब आ सकती है?

सरकार ने 8वें केंद्रीय वेतन आयोग को अपनी सिफारिशें देने के लिए 18 महीने का समय दिया है. आयोग का गठन 3 नवंबर 2025 को हुआ था, इसलिए उसकी रिपोर्ट जमा करने की समयसीमा मई 2027 के आसपास बनती है.

इससे पहले आयोग अंतरिम रिपोर्ट भी दे सकता है, अगर उसे किसी मामले में ऐसा जरूरी लगता है. लेकिन अभी यह तय नहीं है कि आयोग अंतरिम रिपोर्ट देगा या सीधे अंतिम रिपोर्ट पेश करेगा.

इसे भी पढ़ें- अगले हफ्ते खुलेंगे 7 IPO, ₹6400 करोड़ जुटाने की तैयारी; जानें किस दिन कौन सा इश्यू