अगले हफ्ते खुलेंगे 7 IPO, ₹6400 करोड़ जुटाने की तैयारी; जानें किस दिन कौन सा इश्यू

अगले हफ्ते IPO बाजार काफी व्यस्त रहने वाला है. 17 से 21 अगस्त के बीच 7 कंपनियां अपने IPO खोलेंगी और इनके जरिए कुल 6400 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी है. इनमें Horizon Industrial Parks, Lalithaa Jewellery Mart, Shankesh Jewellers, Sunshine Pictures, Gaja Alternative Asset Management, Tempsens Instruments और Augmont Enterprises शामिल हैं.

आईपीओ Image Credit: FREEPIK

Highlights

  • अगले हफ्ते IPO बाजार काफी व्यस्त रहने वाला है.
  • 17 से 21 अगस्त के बीच 7 कंपनियां अपने IPO खोलेंगी.
  • इनमें Horizon Industrial Parks, Lalithaa Jewellery Mart, Shankesh Jewellers, Sunshine Pictures, Gaja Alternative Asset Management, Tempsens Instruments और Augmont Enterprises शामिल हैं.

IPO बाजार में अगले हफ्ते फिर जोरदार हलचल देखने को मिलेगी. 17 से 21 अगस्त के बीच 7 कंपनियां अपना IPO लॉन्च करने जा रही हैं. ये कंपनियां मिलकर 6400 करोड़ रुपये से ज्यादा जुटाने की तैयारी में हैं. इस लिस्ट में Blackstone की निवेश वाली Horizon Industrial Parks और ज्वेलरी कारोबार की कंपनी Lalithaa Jewellery Mart सबसे बड़े IPO लेकर आ रही हैं. इनके अलावा Shankesh Jewellers, Sunshine Pictures, Gaja Alternative Asset Management, Tempsens Instruments और Augmont Enterprises भी अगले हफ्ते बाजार में उतरेंगी.

17 अगस्त को खुलेंगे 2 IPO

अगले हफ्ते की शुरुआत दो बड़े IPO से होगी.

1. Horizon Industrial Parks IPO

Horizon Industrial Parks का 2600 करोड़ रुपये का IPO 17 अगस्त को खुलेगा. यह पूरा IPO नए शेयर जारी करके लाया जा रहा है. यानी इसमें Offer for Sale यानी पुराने शेयरों की बिक्री नहीं होगी. कंपनी ने शेयर का प्राइस बैंड 57 से 60 रुपये तय किया है. IPO से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल कंपनी कर्ज चुकाने में करेगी.

2. Lalithaa Jewellery Mart IPO

ज्वेलरी कारोबार की कंपनी Lalithaa Jewellery Mart भी 17 अगस्त को अपना IPO खोलेगी. कंपनी इस IPO के जरिए 1700 करोड़ रुपये जुटाने की तैयारी में है. शेयर का प्राइसबैंड 190 से 201 रुपये प्रति शेयर रखा गया है. इस IPO में 1200 करोड़ रुपये तक नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 500 करोड़ रुपये तक पुराने शेयरों की बिक्री होगी.

18 अगस्त को आएंगे 2 IPO

Shankesh Jewellers IPO

Shankesh Jewellers का 367 करोड़ रुपये का IPO 18 अगस्त को खुलेगा. कंपनी ने शेयर का प्राइसबैंड 88 से 93 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस IPO में 2.95 करोड़ तक नए शेयर जारी किए जाएंगे और 1 करोड़ तक पुराने शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे.

Sunshine Pictures IPO

फिल्म और टेलीविजन निर्माता कंपनी Sunshine Pictures भी 18 अगस्त को IPO लेकर आएगी. कंपनी इस इश्यू से 282 करोड़ रुपये जुटाएगी. शेयर का प्राइस बैंड 342 से 360 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. IPO में 48 लाख नए शेयर जारी होंगे और 30.37 लाख पुराने शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे. इस तरह कुल 78.37 लाख शेयर ऑफर में होंगे.

कंपनी के प्रमोटर Vipul Amrutlal Shah और Shefali Vipul Shah अपने शेयर बेचेंगे.

19 अगस्त को Gaja Alternative Asset Management का IPO

Gaja Alternative Asset Management, जो Gaja Capital ब्रांड के तहत काम करती है, अपना ₹550 करोड़ का IPO 19 अगस्त को खोलेगी. कंपनी ने शेयर का प्राइसबैंड 152 से 160 रुपये प्रति शेयर तय किया है. इस IPO में 450 करोड़ रुपये तक नए शेयर जारी होंगे, जबकि 100 करोड़ रुपये तक पुराने शेयरों की बिक्री होगी.

20 अगस्त को Tempsens Instruments का IPO

Tempsens Instruments का IPO 20 अगस्त को खुलेगा. कंपनी इसमें 95 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी करेगी. इसके अलावा 1.85 करोड़ पुराने शेयर भी बिक्री के लिए रखे जाएंगे. कंपनी ने अभी इस IPO का मूल्य दायरा तय नहीं किया है. इसकी घोषणा सोमवार को होने की उम्मीद है.

21 अगस्त को Augmont Enterprises का IPO

Augmont Enterprises, जो सोने और चांदी से जुड़े कारोबार का मंच चलाती है, 21 अगस्त को 825 करोड़ रुपये का IPO खोलेगी. इसमें 620 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे, जबकि 205 करोड़ रुपये के पुराने शेयर बिक्री के लिए रखे जाएंगे.

इसे भी पढ़ें- अब इलाज, पढ़ाई, शादी या घर के लिए PF से निकाल सकेंगे आसानी से पैसा! EPFO ने बदले नियम