ITR भरने के बाद e-Verify करना क्यों है जरूरी? जानें 6 तरीके और स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस

इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने के बाद 30 दिनों के भीतर e-Verification करना अनिवार्य है. ऐसा नहीं करने पर आयकर विभाग आपके ITR को प्रोसेस नहीं करेगा और उसे अमान्य माना जा सकता है.

इनकम टैक्स रिटर्न Image Credit: Money9live/Canva

ITR e-Verification: अगर आपने अपना इनकम टैक्स रिटर्न (ITR) फाइल कर दिया है, तो एक जरूरी काम अभी बाकी है. सिर्फ ITR दाखिल करना ही पर्याप्त नहीं होता, बल्कि उसे 30 दिनों के भीतर ई-वेरिफाई करना भी जरूरी है. ई-वेरिफिकेशन के बाद ही आयकर विभाग आपके रिटर्न को वैध मानता है और उसकी प्रोसेसिंग शुरू होती है. अच्छी बात यह है कि इसे आधार OTP, नेट बैंकिंग, EVC और डिजिटल सिग्नेचर समेत कई तरीकों से घर बैठे पूरा किया जा सकता है.

क्या होता है e-Verification?

ई-वेरिफिकेशन एक डिजिटल प्रक्रिया है, जिसके जरिए ITR दाखिल करने के बाद उसकी ऑथेंटिकेशन की जाती है. इससे कागजी दस्तावेज भेजने की जरूरत नहीं पड़ती और पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी हो जाती है. ITR दाखिल करने की तारीख से 30 दिनों के भीतर e-Verification करना अनिवार्य है. अगर तय समय सीमा के अंदर ऐसा नहीं किया जाता है, तो आयकर विभाग आपके रिटर्न को अमान्य मान सकता है.

हालांकि, यदि 30 दिन की समय सीमा निकल जाती है, तब भी Condonation of Delay के लिए आवेदन कर ई वेरिफिकेशन किया जा सकता है. लेकिन यह तभी मान्य होगा, जब आयकर विभाग आपकी देरी को स्वीकार करेगा.

e-Verification के लिए कौन-कौन से विकल्प हैं?

आयकर विभाग ITR e-Verification के लिए छह विकल्प उपलब्ध कराता है.

  • Aadhaar OTP
  • Net Banking
  • Pre-validated Bank Account के जरिए EVC
  • Pre-validated Demat Account के जरिए EVC
  • Digital Signature Certificate (DSC)
  • बैंक के ATM से Generate किया गया EVC

ई-वेरिफिकेशन से पहले किन चीजों की होगी जरूरत?

  • ई-वेरिफिकेशन शुरू करने से पहले कुछ जरूरी तैयारियां कर लें.
  • PAN का आधार से लिंक होना (यदि Aadhaar OTP का उपयोग कर रहे हैं)
  • Income Tax e-Filing Portal का लॉगिन आईडी और पासवर्ड
  • बिना लॉगिन के सत्यापन करने पर Acknowledgement Number
  • EVC के लिए Pre-validated Bank या Demat Account
  • Net Banking सुविधा सक्रिय हो
  • DSC इस्तेमाल करने पर वैध Digital Signature Certificate और emSigner Utility

Aadhaar OTP से e-Verify कैसे करें?

सबसे पहले इनकम टैक्स ई-फाइलिंग पोर्टल पर लॉगिन करें. ITR सबमिट करने के बाद ई वेरिफाई रिटर्न विकल्प चुनें. इसके बाद Verify through Aadhaar OTP पर क्लिक करें. अपने आधार की जानकारी की पुष्टि कर OTP जनरेट करें. आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए छह अंकों के OTP को दर्ज कर Validate पर क्लिक करें. इसके बाद स्क्रीन पर Transaction ID के साथ सफलता का संदेश दिखाई देगा और इसकी जानकारी आपके मोबाइल नंबर व ईमेल पर भी भेज दी जाएगी.

नेट बैंकिंग से e-Verify कैसे करें?

वेरिफिकेशन के विकल्प में Net Banking चुनें. अपना बैंक चुनकर नेट बैंकिंग क्रेडेंशियल से लॉगिन करें. बैंक के पोर्टल से Income Tax e-Filing Portal पर जाएं. वहां Pending Return चुनें और e-Verify पर क्लिक करें.

Bank Account EVC से कैसे करें e-Verification?

यदि आपका बैंक खाता Pre-validated और EVC Enabled है, तो Bank Account EVC विकल्प चुनें. EVC जनरेट करें और मोबाइल नंबर या ईमेल पर मिले कोड को दर्ज कर e-Verify पूरा करें.

Demat Account EVC का तरीका

यदि आपका Demat Account पहले से Pre-validated और EVC Enabled है, तो Demat Account EVC चुनें। EVC जनरेट करें, प्राप्त कोड दर्ज करें और सबमिट कर दें.

Digital Signature Certificate (DSC) से कैसे करें Verification?

वेरिफिकेशन विकल्प में Digital Signature Certificate (DSC) चुनें. जरूरत पड़ने पर emSigner Utility इंस्टॉल और रन करें. इसके बाद DSC USB Token को सिस्टम से कनेक्ट करें, सर्टिफिकेट चुनें, पासवर्ड दर्ज करें और Sign पर क्लिक करें.

ATM से भी कर सकते हैं e-Verification

सपोर्टेड बैंक के ATM पर जाएं. डेबिट कार्ड डालकर PIN दर्ज करें. इसके बाद Generate EVC for Income Tax Filing विकल्प चुनें. EVC आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और ईमेल पर भेज दिया जाएगा. फिर Income Tax e-Filing Portal पर लॉगिन कर Existing EVC चुनें, कोड दर्ज करें और e-Verification पूरा करें.

क्या कोई दूसरा व्यक्ति भी e-Verify कर सकता है?

अगर आपने किसी Authorised Signatory या Representative Assessee को अधिकृत किया है, तो वह भी आपकी ओर से ITR का e-Verification कर सकता है. इसके लिए Aadhaar OTP, Net Banking या Pre-validated Bank/Demat Account के जरिए EVC का इस्तेमाल किया जा सकता है. OTP या EVC अधिकृत व्यक्ति के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर या ईमेल पर भेजा जाएगा.

इसे भी पढे़ं- Global MCAP Rankings: भारत फिर बना दुनिया का 5वां सबसे बड़ा शेयर बाजार, ताइवान-साउथ कोरिया पीछे