ATM से पैसा निकालना होगा महंगा! HDFC समेत इन बैंकों ने बदले नियम, जानें आपकी जेब पर क्या होगा असर
1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले ये नए ATM नियम ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आए हैं. खासकर UPI कैश विड्रॉल को फ्री लिमिट में शामिल करना और निकासी सीमा में कटौती जैसे कदम ग्राहकों के खर्च और व्यवहार को प्रभावित कर सकते हैं. ऐसे में बेहतर होगा कि ग्राहक अपने बैंक के नियमों को समझकर ATM का इस्तेमाल करें, ताकि अतिरिक्त शुल्क से बचा जा सके.
1 अप्रैल 2026 से बैंकिंग से जुड़े कई अहम नियम बदलने जा रहे हैं, जिनका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब और रोजमर्रा के लेनदेन पर पड़ेगा. देश के प्रमुख बैंक जैसे HDFC Bank, Punjab National Bank (PNB) और Bandhan Bank ने ATM ट्रांजैक्शन, UPI कैश विड्रॉल और चार्जेस को लेकर नए नियम लागू करने की घोषणा की है. इन बदलावों के बाद ग्राहकों को ATM इस्तेमाल करते समय पहले से ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत होगी.
HDFC Bank: UPI से कैश निकालना अब फ्री लिमिट में शामिल होगा
HDFC Bank ने अपने ग्राहकों के लिए बड़ा बदलाव करते हुए UPI के जरिए ATM से कैश निकालने को अब फ्री ट्रांजैक्शन लिमिट में शामिल करने का फैसला किया है. यह नया नियम 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा. इसका मतलब यह है कि अगर कोई ग्राहक UPI के जरिए ATM से पैसे निकालता है, तो वह भी मासिक फ्री ट्रांजैक्शन की गिनती में जुड़ जाएगा. पहले यह अलग माना जाता था, लेकिन अब इसे सामान्य कैश विड्रॉल के बराबर माना जाएगा. अगर ग्राहक तय फ्री लिमिट से ज्यादा ट्रांजैक्शन करता है, तो हर अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये और उस पर लागू टैक्स देना होगा.
PNB: कई डेबिट कार्ड्स पर निकासी लिमिट घटाई गई
Punjab National Bank ने अपने कुछ डेबिट कार्ड्स पर रोजाना ATM से पैसे निकालने की सीमा को कम कर दिया है. यह बदलाव भी 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा. कुछ कार्ड जैसे RuPay NCMC Platinum Domestic Debit card, RuPay NCMC Platinum International Debit card, RuPay Women Power Platinum Debit card, RuPay PNB Palaash Debit card- Recycled PVC Debit card, RuPay Business Platinum NCMC Debit card, MasterCard Platinum Debit card, Gold Debit card और PNB MasterCard Platinum Rise के लिए दैनिक निकासी सीमा 1,00,000 रुपये से घटाकर 50,000 रुपये कर दी गई है.
वहीं, RuPay Select Debit card, PNB RuPay Select Neo, PNB RuPay Select Excel, VISA Signature Debit card और MasterCard Business Debit card के लिए यह सीमा 1,50,000 रुपये से घटाकर 75,000 रुपये कर दी गई है.
Bandhan Bank: फ्री ATM ट्रांजैक्शन लिमिट में बदलाव
Bandhan Bank ने भी अपने ग्राहकों के लिए ATM ट्रांजैक्शन से जुड़े नियमों में बदलाव किया है. नए नियम के तहत ग्राहक अपने बैंक के ATM पर हर महीने 5 फ्री फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन और अनलिमिटेड नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन कर सकेंगे.
हालांकि, दूसरे बैंकों के ATM इस्तेमाल करने पर मेट्रो शहरों में यह सीमा केवल 3 फ्री ट्रांजैक्शन प्रति माह होगी, जिसमें फाइनेंशियल और नॉन-फाइनेंशियल दोनों शामिल होंगे.
फ्री लिमिट पार करने के बाद हर फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 23 रुपये और नॉन-फाइनेंशियल ट्रांजैक्शन पर 10 रुपये का शुल्क लगेगा. इसके अलावा, अगर खाते में पर्याप्त बैलेंस नहीं होने की वजह से ट्रांजैक्शन फेल होता है, तो 25 रुपये का चार्ज देना होगा.
इसे भी पढ़ें- होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों पर टोल लगा सकता है ईरान, नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी
