ICICI बैंक को बड़ा झटका! मिला ₹768.6 करोड़ का GST नोटिस, टैक्स विवाद के बीच शुक्रवार को फोकस में रहेंगे शेयर

ICICI बैंक को GST की कथित कम अदायगी के मामले में 768.6 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस मिला है. बैंक ने आदेश को चुनौती देने की बात कही है, वहीं इस खबर के बीच शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई. पिछले कुछ महीनों से कंपनी के शेयरों में भारी गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, लॉन्ग टर्म में स्टॉक ने थोड़ी तेजी दिखाई है.

ICICI बैंक को जीएसटी नोटिस Image Credit: @Money9live

ICICI Bank GST Notice: ICICI बैंक को GST से जुड़े एक बड़े मामले में झटका लगा है. टैक्स अधिकारियों ने बैंक को कथित तौर पर जीएसटी की कम अदायगी के आरोप में करीब 768.6 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस जारी किया है. यह नोटिस महाराष्ट्र गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) एक्ट, 2017 के तहत जारी किया गया है, जिससे बैंक के लिए एक नया कानूनी विवाद खड़ा हो गया है. बैंक की ओर से स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, 18 मार्च 2026 को मुंबई ईस्ट कमिश्नरेट के CGST और सेंट्रल एक्साइज के एडिशनल कमिश्नर ने यह आदेश जारी किया. इसमें 384.3 करोड़ रुपये की जीएसटी देनदारी बताई गई है, जिसके साथ बराबर राशि का जुर्माना और लागू ब्याज भी जोड़ा गया है. इस तरह कुल मांग बढ़कर 768.6 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है.

क्या है मामला?

यह पूरा मामला उन सेवाओं से जुड़ा है, जो बैंक अपने उन ग्राहकों को देता है, जिनके खातों में न्यूनतम बैलेंस बनाए रखने की शर्त होती है. टैक्स विभाग का मानना है कि इन सेवाओं पर जीएसटी का भुगतान पूरी तरह से नहीं किया गया, जबकि बैंक इस मुद्दे पर पहले से ही कानूनी लड़ाई लड़ रहा है. ICICI बैंक ने अपने बयान में साफ किया है कि इस तरह के मुद्दों पर पहले भी उसे शो कॉज नोटिस और आदेश मिल चुके हैं, जिनके खिलाफ वह अदालत में चुनौती दे चुका है. फिलहाल, यह मामला इसलिए सार्वजनिक किया गया है क्योंकि इसमें शामिल कुल राशि ‘मटेरियलिटी थ्रेशोल्ड’ से ऊपर चली गई है, यानी इसका वित्तीय प्रभाव अहम है.

बैंक ने क्या कहा?

बैंक ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह इस आदेश को स्वीकार नहीं करेगा और इसके खिलाफ तय समयसीमा के भीतर उचित कानूनी कदम उठाएगा. इसमें रिट याचिका दाखिल करना या अपील करना शामिल हो सकता है. बैंक का मानना है कि उसका पक्ष मजबूत है और वह अपने हितों की रक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठाएगा.

@NSE

क्या है शेयरों का हाल?

गुरुवार, 19 मार्च को ICICI बैंक के शेयरों में 3.04 फीसदी की गिरावट दिखी जिसके बाद NSE स्टॉक 1,250.10 रुपये पर कारोबार करते हुए बंद हुआ. मालूम हो कि गुरुवार के दिन भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट दर्ज की. प्रमुख इंडेक्स 3 फीसदी से ज्यादा टूट कर बंद हुए. बैंक के शेयर पिछले कुछ हफ्तों से दबाव में हैं. पिछले 1 महीने में स्टॉक का भाव 10 फीसदी से ज्यादा टूट चुका है. वहीं, सालभर के दौरान भी शेयरों में गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, 3 साल के दौरान स्टॉक का रिटर्न ग्राफ लगभग 50 फीसदी तक उछला है. कंपनी का मार्केट कैप 9,23,458 करोड़ रुपये दर्ज किया गया.

ये भी पढ़ें- मार्केट क्रैश के बीच इन स्टॉक्स ने मचाया धमाल, तेल की महंगाई और FII बिकवाली में भी 52-वीक हाई पर पहुंचे शेयर

डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.