TV9 NETWORK
User
Sign In

By signing in or creating an account, you agree with Associated Broadcasting Company's Terms & Conditions and Privacy Policy.

RBI की दोहरी राहत से उछले रियल एस्टेट शेयर, सस्ते कर्ज और बढ़ी लिक्विडिटी ने बढ़ाया बाजार में जोश

बाजार में अचानक एक सेक्टर ने जोरदार रफ्तार पकड़ ली है. सरकारी फैसलों के असर से निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी है और स्टॉक्स तेजी से उछले हैं. अगर आप निवेश की सोच रहे हैं या घर खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं. तो इस खबर पर एक नजर जरूर डालिए...

रियल एस्टेट में तेजी Image Credit: Freepik/Canva

भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के फैसलों का सीधा असर शुक्रवार, 6 जून को रियल एस्टेट सेक्टर पर देखने को मिला. रेपो रेट में लगातार तीसरी बार कटौती और कैश रिजर्व रेश्यो (CRR) में 100 बेसिस पॉइंट की बड़ी राहत के चलते रियल एस्टेट कंपनियों के शेयरों में जबरदस्त उछाल दर्ज किया गया. RBI के इन दो फैसलों ने सेक्टर के लिए एक ‘डबल बूस्ट’ का काम किया है, जिससे निवेशकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया.

निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 4% की तेजी, सभी स्टॉक्स हरे निशान में

शुक्रवार को निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 4 फीसदी तक चढ़ा, जो लगातार दूसरे दिन की तेजी थी. इस दौरान हबटाउन और अजमेरा के शेयरों में 8 फीसदी तक की बढ़त देखी गई, जबकि गोडरेज प्रॉपर्टीज 5.5% उछला. कोल्टे पाटिल, अर्विंद स्मार्टस्पेसेज, और DLF जैसे प्रमुख नामों में भी 4 फीसदी से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई. अन्य बड़े गेनर्स में पुरवांकरा, सनटेक, शोभा, आदित्य बिड़ला रियल एस्टेट, ओबेरॉय और लोधा (Macrotech Developers) शामिल रहे.

हाउसिंग सेक्टर के लिए ‘डबल बूस्ट’

RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि CRR कटौती से सिस्टम में 2.5 लाख करोड़ रुपये तक की लिक्विडिटी आएगी, जिससे बैंकों की फंडिंग लागत घटेगी. इसका फायदा रियल एस्टेट डेवलपर्स को मिलेगा, क्योंकि उन्हें सस्ता कर्ज उपलब्ध हो सकेगा और प्रोजेक्ट्स की स्पीड भी बढ़ेगी.

यह भी पढ़ें: रेलवे-BHEL का इस कंपनी पर मजबूत भरोसा! 3 साल में दिया 770% रिटर्न, अब डिफेंस-एयरोस्पेस में कर दी एंट्री

मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फैसला अफोर्डेबल और मिड-इनकम सेगमेंट के लिए फायदेमंद है. कम ब्याज दरों से घर खरीदारों का रुझान बढ़ेगा और डिवेलपर्स की पूंजी लागत घटेगी. हालांकि, वैश्विक अस्थिरताओं और महंगे आयातित निर्माण सामान के चलते लग्जरी और कमर्शियल प्रॉपर्टी की डिमांड थोड़ी दबाव में रह सकती है.

डिसक्लेमर: इस खबर में व्यक्त किए गए विचार और राय संबंधित विश्लेषक या ब्रोकरेज फर्म के निजी हैं. यह सामग्री केवल सूचना के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है और इसे निवेश सलाह या सिफारिश के रूप में न माना जाए. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य लें. बाजार में निवेश जोखिमों के अधीन होता है.