करोड़ों की कमाई लगाकर भी घर नहीं मिला, Sare Spring View Heights के खरीदारों का प्रदर्शन
Sare Spring View Heights के होमबायर्स ने 13 साल से फ्लैट का कब्जा नहीं मिलने पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. खरीदारों ने निर्माण जल्द पूरा करने, स्पष्ट समयसीमा बताने, पारदर्शी निगरानी और सरकारी हस्तक्षेप की मांग की.
Highlights
- 13 साल बाद भी होमबायर्स को फ्लैट का कब्जा नहीं मिला
- खरीदारों ने निर्माण जल्द पूरा करने की मांग उठाई
- स्पष्ट समयसीमा और सरकारी हस्तक्षेप की मांग की गई
6 अगस्त 2026 को Sare Spring View Heights के प्रभावित होमबायर्स ने अपनी वर्षों पुरानी समस्याओं और घर से जुड़े अधिकारों को लेकर शांतिपूर्ण बैठक और विरोध प्रदर्शन किया. होमबायर्स का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2013 में अपने फ्लैट बुक किए थे, लेकिन करीब 13 साल बीतने के बाद भी उन्हें अब तक अपने घरों का कब्जा नहीं मिला है.
2013 में बुक किया था घर, अब तक नहीं मिला कब्जा
प्रदर्शन कर रहे होमबायर्स के मुताबिक, उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई घर खरीदने में लगाई थी. उन्हें तय समय पर फ्लैट का कब्जा देने का भरोसा दिलाया गया था. लेकिन वर्षों गुजरने के बाद भी उन्हें घर की चाबी नहीं मिली.
होमबायर्स का कहना है कि लंबे समय से उन्हें केवल आश्वासन, देरी और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना है कि इतने लंबे इंतजार ने उनके लिए आर्थिक और मानसिक परेशानी बढ़ा दी है.
निर्माण जल्द पूरा करने की मांग
प्रभावित खरीदारों ने प्रोजेक्ट का निर्माण तेजी से पूरा करने और इसके लिए स्पष्ट समयसीमा तय करने की मांग की है. उनका कहना है कि हर टावर और पूरे प्रोजेक्ट के लिए अलग-अलग स्पष्ट completion timeline बताई जानी चाहिए, ताकि उन्हें पता चल सके कि उनका घर आखिर कब तैयार होगा. होमबायर्स ने निर्माण कार्य की नियमित और पारदर्शी निगरानी की भी मांग की है. उनका कहना है कि प्रोजेक्ट की प्रगति के बारे में खरीदारों को लगातार और सही जानकारी मिलनी चाहिए.
प्रोजेक्ट की वित्तीय स्थिति बताने की मांग
होमबायर्स की एक प्रमुख मांग यह भी है कि उन्हें प्रोजेक्ट की वास्तविक वित्तीय और निर्माण स्थिति की जानकारी दी जाए. उनका कहना है कि वर्षों से इंतजार कर रहे खरीदारों को यह स्पष्ट रूप से बताया जाना चाहिए कि निर्माण किस स्थिति में है और आगे काम पूरा करने की क्या योजना है. इसके साथ ही प्रभावित खरीदारों ने संबंधित सरकारी विभागों और नियामक संस्थाओं से मामले में प्रभावी हस्तक्षेप करने की अपील की है.
‘सिर्फ आश्वासन नहीं, अब चाहिए घर की चाबी’
होमबायर्स का कहना है कि वे किसी विवाद या टकराव के पक्ष में नहीं हैं. उनका संघर्ष शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और कानूनी तरीके से अपने घर और अधिकार हासिल करने के लिए है.
प्रदर्शन के दौरान उनकी मुख्य मांग रही कि वर्षों से परेशान खरीदारों को अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और उनके घर की चाबी मिले. होमबायर्स ने अपनी आवाज को उठाते हुए कहा, “13 साल से घर का इंतजार—अब चाहिए हमारा अधिकार!” वहीं उनका दूसरा संदेश था, “हमारा पैसा, हमारा घर—अब और नहीं इंतजार!”
मीडिया से आवाज उठाने की अपील
प्रभावित होमबायर्स ने मीडिया से भी उनकी आवाज को सरकार, प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण और आम जनता तक पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की है. उनका कहना है कि उनका उद्देश्य किसी से टकराव नहीं, बल्कि लंबे समय से अटके अपने घर का समाधान और अपने अधिकारों की प्राप्ति है.
Latest Stories
मुंबई से गुरुग्राम तक महंगे घरों की होड़, ₹271 करोड़ का पेंटहाउस, ₹20 करोड़ से ज्यादा कीमत वाले घरों की बिक्री हुई दोगुनी
फ्लैट खरीदा है तो ये खबर आपके लिए, सोसाइटी हर सुविधा का अलग पैसा नहीं ले सकती!
दिल्ली में घरों का भी बनेगा आधार कार्ड, जानें क्या है Property Aadhaar Card और कैसे करेगा काम
