आशीष कचोलिया ने इस कंपनी में घटाई हिस्सेदारी, लेकिन रेवेन्यू और प्रॉफिट में दमदार उछाल; निवेशक रखें नजर
स्मॉल-कैप कंपनी बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज लिमिटेड इन दिनों निवेशकों के बीच चर्चा में है, क्योंकि दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया ने पिछले कुछ समय में इसमें अपनी हिस्सेदारी धीरे-धीरे कम की है. हालांकि हिस्सेदारी घटने के बावजूद कंपनी के वित्तीय आंकड़े मजबूत नजर आ रहे हैं. दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 311 करोड़ रुपये और नेट प्रॉफिट 71 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो पिछले साल के मुकाबले बेहतर है.
Ashish Kacholia Portfolio: स्मॉल कैप कंपनी बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयर इन दिनों बाजार में चर्चा का विषय बने हुए हैं, क्योंकि दिग्गज निवेशक आशीष कचोलिया इसमें अपनी हिस्सेदारी लगातार घटा रहे हैं. पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने कंपनी में अपनी हिस्सेदारी धीरे धीरे कम की है, जिससे यह शेयर निवेशकों के रडार पर आ गया है. बाजार के जानकारों का मानना है कि बड़े निवेशकों की हिस्सेदारी में बदलाव अक्सर निवेशकों के लिए अहम संकेत होता है. ऐसे में आशीष कचोलिया की हिस्सेदारी घटने से निवेशकों की नजर अब इस कंपनी के भविष्य और शेयर की चाल पर टिक गई है.
आशीष कचोलिया ने धीरे-धीरे घटाई हिस्सेदारी
डेटा के मुताबिक आशीष कचोलिया की कंपनी में हिस्सेदारी सितंबर 2023 में 2.16 फीसदी थी. इसके बाद यह दिसंबर 2023 में घटकर 2.11 फीसदी हो गई. 2024 में भी यह गिरावट जारी रही और सितंबर 2024 तक हिस्सेदारी 1.82 फीसदी तथा दिसंबर 2024 तक 1.73 फीसदी रह गई. इसके बाद मार्च 2025 में यह घटकर 1.68 फीसदी और जून 2025 में 1.64 फीसदी पर आ गई. फरवरी 2026 तक उनकी हिस्सेदारी घटकर 1.16 फीसदी रह गई.
एसोसिएट कंपनी ने भी कम किया निवेश
आशीष कचोलिया की सहयोगी कंपनी बंगाल फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड ने भी अपनी हिस्सेदारी कम की है. इस कंपनी की हिस्सेदारी सितंबर 2023 में 2.16 फीसदी थी, जो दिसंबर 2023 में घटकर 2.11 फीसदी हो गई. इसके बाद सितंबर 2024 में यह घटकर 1.74 फीसदी और दिसंबर 2024 में 1.60 फीसदी रह गई. मार्च 2026 तक बंगाल फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट प्राइवेट लिमिटेड की हिस्सेदारी घटकर 1.15 फीसदी पर आ गई.
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में सुधार
कंपनी के वित्तीय प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है. दिसंबर 2025 तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू बढ़कर 311 करोड़ रुपये हो गया, जो दिसंबर 2024 में 256 करोड़ रुपये था. इसी अवधि में कंपनी का नेट प्रॉफिट 59 करोड़ रुपये से बढ़कर 71 करोड़ रुपये हो गया.
मजबूत फंडामेंटल
कंपनी का ROCE लगभग 31.3 फीसदी और ROE करीब 25.4 फीसदी है, जो मजबूत रिटर्न को दिखाता है. इसके अलावा कंपनी का डेट-टू-इक्विटी रेशियो केवल 0.07 है, जो कम कर्ज को दिखाता है. कंपनी का P/E रेशियो करीब 21.5 है, जो इंडस्ट्री औसत 25.5 से कम है.
क्या करती है कंपनी
बालू फोर्ज इंडस्ट्रीज एक प्रिसिजन इंजीनियरिंग कंपनी है, जो फोर्ज्ड क्रैंकशाफ्ट और अन्य फोर्ज्ड कंपोनेंट्स का निर्माण करती है. कंपनी के प्रोडक्ट ऑटोमोबाइल, डिफेंस, एयरोस्पेस, ऑयल एंड गैस, रेलवे, मरीन, विंड एनर्जी और एग्रीकल्चर जैसे कई क्षेत्रों में इस्तेमाल होते हैं. कर्नाटक के बेलगाम में स्थित कंपनी का मैन्युफैक्चरिंग कैंपस 46 एकड़ से ज्यादा क्षेत्र में फैला हुआ है, जहां आधुनिक फोर्जिंग और मशीनिंग सुविधाएं उपलब्ध हैं.
यह भी पढ़ें: Mutual Funds ने IT शेयरों से घटाया निवेश, 8 साल के निचले स्तर पर पहुंचा वेटेज; Infosys, TCS समेत कई स्टॉक्स दबाव में
डिस्क्लेमर: Money9live किसी स्टॉक, म्यूचुअल फंड, आईपीओ में निवेश की सलाह नहीं देता है. यहां पर केवल स्टॉक्स की जानकारी दी गई है. निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार की राय जरूर लें.
